Overview: धनतेरस पर घर ले आएं मां लक्ष्मी से जुड़ी ये चीजें
सोना-चांदी महंगा है तो चिंता न करें, धनतेरस पर पीतल के बर्तन, झाड़ू, दीपक, लक्ष्मी-गणेश मूर्ति जैसी चीजें खरीदकर भी पाएं मां लक्ष्मी की कृपा।
Dhanteras 2025 Shopping: पांच दिवसीय दीपोत्सव में धनतेरस पहला दिन होता है। इस दिन से दीपावली की शुरुआत मानी जाती है। बता दें कि इस साल 2025 में धनरेस शनिवार, 18 अक्टूबर को है। धनतेरस पर खासतौर पर लोग खरीदारी करते हैं, क्योंकि खरीदारी के लिए धनतेरस का दिन बहुत शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि धनतरेस पर आप जो भी चीज खरीदेंगे, उसमें 13 गुणा वृद्धि होगी। इसलिए इस तिथि पर लोग जमकर खरीदारी करते हैं। खासकर सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदरी करना बहुत शुभ माना जाता है। लेकिन सोने-चांदी की बढ़ती कीमत हर किसी के जेब में फिट नहीं बैठती।
लेकिन आपको निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मां लक्ष्मी से जुड़ी ऐसी कई चीजें हैं, जिन्हें सोना-चांदी से ज्यादा शुभ और समृद्धि वाला माना जाता है और ये चीजें हर किसी के बजट में भी आती हैं। इसलिए इस धनतेरस अगर आप सोना-चांदी या कोई भी महंगी वस्तु नहीं खरीद पाएं तो इन किफायती चीजों की खरीदारी करके भी मां लक्ष्मी का आशीर्वाद पा सकते हैं। साथ ही ये चीजें शुद्ध, पवित्र और सकारात्मक भी मानी जाती हैं। आइए इन चीजों के बारे में बारे में।
धनतेरस पर करें मां लक्ष्मी से जुड़ी इन चीजों की खरीदारी

पीतल या कांसे के बर्तन:- धनतेरस पर आप पीतल या कांसे का बर्तन जैसे लोटा, थाली या दीपक आदि खरीद सकते हैं। इसे भी बहुत शुभ धातु माना जाता है। लेकिन धनतेरस के दिन स्टील, एल्युमीनियम, कांच, लोहा या प्लास्टिक के बर्तनों की खरीदारी करने से बचें तो बेहतर रहेगा।
तांबे का कलश:- धनतेरस के दिन भगवान धनवंतरि और कुबरे देव की भी पूजा होती है। इसलिए इस दिन तांबे का कलश खरीदना शुभ माना जाता है। तांबे का कलश खरीदने से घर में मंगल कार्यों की वृद्धि होती है।

नई झाड़ू:- धनतेरस के दिन आप चाहे जितनी भी शॉपिंग कर लें या चाहे कुछ भी न खरीदें, लेकिन एक झाड़ू जरूर खरीदें। हिंदू धर्म में झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि, धनतेरस के दिन झाड़ू की खरीदारी करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर की दरिद्रता दूर होती है।
दीपक और पूजा सामग्री:-मिट्टी, पीतल या चांदी के दीपक घर में समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक होते हैं। धनतेरस पर दीपक खरीदकर दीपावली पर जलाना अत्यंत शुभ माना जाता है।

लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति:- दीपावली के दिन लोग घर, दफ्तर या दुकान आदि में गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति स्थापित कर पूजा करते हैं। आप धनतेरस के दिन ही लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीद सकते हैं और चाहे तो पूजन भी कर सकते हैं। खासकर मिट्टी की र्ति खरीदना शुभ माना जाता है।
धनिया:- धनतेरस के दिन आप 5 या 10 रुपये का साबुत धनिया खरीदें और दीपावली के दिन इस धनिया को मां लक्ष्मी के चरणों में अर्पित करें। झाड़ू की तरह की धनतेरस पर धनिया खऱीदने की भी परंपरा है। इससे घर पर सुख-सौभाग्य में बढ़ोतरी होती है।
इसके साथ ही आप धनतेरस के दिन शुभ लाभ की पट्टी, तोरण, बंदनवार, गोमती चक्र, नमक, कलश, शंख या पूजा सामग्री की चीजें भी खरीद सकते हैं।
