Overview: रति पांडे ने बिग बॉस 19 में जाने की खबरों का खंडन किया
रति पांडे ने बिग बॉस 19 में शामिल होने की खबरों का खंडन किया। उन्होंने साफ कहा, “मैं बिग बॉस नहीं कर रही हूं।” अफवाहों पर लगाई रोक।
Bigg Boss 19 Update: भारतीय टेलीविज़न का सबसे पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ जल्द ही वापसी करने जा रहा है। शो की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है और बिग बॉस के नए सीज़न को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मेकर्स ने इस बार भी शो को और रोमांचक बनाने के लिए कुछ नए बदलाव किए हैं और कई मशहूर चेहरों को अप्रोच करना शुरू कर दिया है। इन्हीं में से एक नाम था टीवी अभिनेत्री रति पांडे का, जो ‘मिले जब हम तुम’ सीरियल में नुपुर के किरदार से घर-घर में मशहूर हुई थीं।
हाल के दिनों में यह खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि रति पांडे को बिग बॉस 19 का ऑफर मिला है और वह शो की कंफर्म कंटेस्टेंट भी हैं। फैंस के बीच यह चर्चा तेज़ हो गई थी कि क्या रति अब सलमान खान के शो में दिखाई देंगी। लेकिन अब इस पर खुद रति पांडे ने चुप्पी तोड़ी है और सच्चाई सामने आ गई है।
खुद रति पांडे ने बताई सच्चाई
रति पांडे टेलीविज़न इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने ‘मिले जब हम तुम’, ‘हिटलर दीदी’, ‘बेगूसराय’, ‘शादी मुबारक’ जैसे कई हिट शोज़ में काम किया है और एक सशक्त अभिनेत्री के तौर पर जानी जाती हैं।
पिंकविला कि एक रिपोर्ट के अनुसार, जब रति से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा, “नहीं, मैं बिग बॉस नहीं कर रही हूँ।” इसके साथ ही उन्होंने उन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट होंगी। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस रियलिटी शो में उनकी कोई भागीदारी नहीं है।
किन-किन सितारों को किया गया अप्रोच
रति के अलावा कुछ अन्य नाम भी सामने आ रहे हैं जिनमें मीरा देवस्थले, धीरज धूपर, ‘गुम है किसी के प्यार में’ फेम भाविका शर्मा, और अपूर्वा मुखीजा शामिल हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन सभी को शो के लिए अप्रोच किया गया है, लेकिन अभी तक किसी की भी भागीदारी की पुष्टि नहीं हुई है।
25 जुलाई को, बिग बॉस 19 के निर्माताओं ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया पेज पर नए सीज़न की घोषणा की। इस बार शो में कुछ नया करने के इरादे से लोगो (Logo) को भी बदला गया है। बताया जा रहा है कि इस सीज़न की थीम AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पर आधारित होगी, जिससे शो में तकनीक और कंट्रोल का नया अनुभव देखने को मिलेगा।
होस्टिंग में भी होगा बड़ा बदलाव
खास बात तो यह है कि इस बार शो केवल तीन महीने नहीं, बल्कि साढ़े पांच महीने चलने वाला है। हालांकि सलमान खान केवल शुरुआती तीन महीनों तक ही इस शो को होस्ट करेंगे। बताया जा रहा है कि बाद के महीनों में उनके पहले से तय शेड्यूल हैं। शो के बाकी हिस्से में ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड को करण जौहर, फराह खान और अनिल कपूर बारी-बारी से होस्ट करेंगे। इसका मतलब है कि बिग बॉस 19 पहले से ज्यादा लंबा, अलग और टेक्नोलॉजी से भरपूर रहने वाला है। फैंस को उम्मीद है कि मेकर्स इस बार भी एंटरटेनमेंट का लेवल ऊंचा रखेंगे।
