Famous Pahari Dishes: खूबसूरत से पहाड़ दूर-दूर तक फैली हरियाली, नीला आसमान, जंगल, झील, झरने और हर तरफ प्रकृति की अद्भुत सुंदरता यह भला किसे पसंद नहीं आएगा। ऐसी हसीन जगहों पर घूमना हर किसी को पसंद आता है। वहीं इन दिल जीत लेने वाले नजारों के बीच जब स्वादिष्ट पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन का आनंद लेने को मिल जाए तो बात ही कुछ और होती है।
अगर आप भी अलग-अलग जगह को एक्सप्लोर करने और वहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेना पसंद करते हैं। तो आज हम आपको कुछ बहुत ही स्वादिष्ट पहाड़ी व्यंजनों के बारे में बताते हैं जो आपकी यात्रा को अद्भुत बना देंगे। चलिए इन डिशेज के बारे में जान लेते हैं।
बबरू

यह हिमाचल प्रदेश में मिलने वाला एक स्वादिष्ट व्यंजन है। यह कचौड़ी की तरह नजर आता है जिसे बनाने के लिए काले चने की दाल का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें अलग-अलग मसाले का इस्तेमाल कर इसे स्वादिष्ट बनाया जाता है। यह एक पारंपरिक व्यंजन है जो स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों के बीच भी प्रसिद्ध है।
चैनसो
यह उत्तराखंड के गढ़वाल इलाके में मिलने वाला एक पारंपरिक व्यंजन है, जिसका स्वाद आपका दिल जीत लेगा। यह एक तरह की दाल है जिसका आनंद चावल और रोटी दोनों के साथ लिया जा सकता है। इसे साबुत उड़द की दाल को दरदरा पीस कर तैयार किया जाता है। जीरा, लाल मिर्च, हींग, लहसुन और अदरक का पेस्ट इसके स्वाद को बढ़ाता है। बन जाने के बाद इसे हरी धनिया से गार्निश कर परोसा जा सकता है।
शाकुली
यह एक तरह का पापड़ है जो हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में बहुत प्रसिद्ध है। इस मैदे के गाढ़े बैटर में नमक डालकर तैयार किया जाता है। इसे बिल्कुल सामान्य पापड़ की तरह धूप में सुखाकर तैयार किया जाता है और खाने के लिए डीप फ्राई किया जाता है।
सिड्डू
यह हिमाचल के सबसे प्रसिद्ध व्यंजनों में से एक है। इसे वहां का स्ट्रीट फूड भी कहा जा सकता है, जिसका स्वाद बहुत ही निराला है। इसे यीस्ट और उड़द की दाल से तैयार किया जाता है। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें हींग, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डाला जाता है। अदरक और हरी मिर्च भी इसमें उपयोग की जाती है।
आलू पालडा
यह एक बहुत ही स्वादिष्ट और पौष्टिक पहाड़ी व्यंजन है। इसे बनाने के लिए आलू को दही वाली मसालेदार ग्रेवी में पकाया जाता है। इसके लिए पहले आलुओं को सूखी सब्जी की तरह बनाया जाता है और फिर इसे दही की ग्रेवी मिक्स किया जाता है। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है।

कौफूली
यह उत्तराखंड का बहुत ही स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजन है। इसे बनाने के लिए मैथी और पालक का इस्तेमाल किया जाता है। गढ़वाल इलाके में इसे थपड़ी के नाम से पहचाना जाता है। यह चावल और गेहूं के पेस्ट से बनी ग्रेवी के साथ स्वादिष्ट लगता है।

चना मद्रा
ये हिमाचल प्रदेश की एक पारंपरिक डिश है। इसे त्यौहार, शादी और खास मौकों पर बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए उबले हुए काबुली चने का इस्तेमाल होता है। यह चने टमाटर, प्याज और दही की ग्रेवी में मिर्च मसाला डालकर पकाए जाते हैं। बनने के बाद ये बहुत ही स्वादिष्ट लगता है।
