Hair Fresh while Travelling: घूमने और यात्रा करना बहुत मजेदार हो सकता है लेकिन यह आपके बालों पर विपरीत असर जरूर डालता है। बाहर की धूल, गंदगी, गर्माहट और प्रदूषण आपके बालों को बेजान बना देते हैं। फिर चाहे आप ऑफिस के लिए घर से बाहर जा रही हों या किसी मंदिर जा रही हैं हो या दोस्तों के साथ कहीं घूमने जा रही हों, अपने बालों को खूबसूरत और फ्रेश रखना मुश्किल भरा काम हो जाता है। आज इस लेख में हम ऐसे कुछ शानदार टिप्स लाए हैं, जिनकी मदद से आप घूमते समय भी अपने बालों को हेल्दी और खूबसूरत रख सकती हैं।
बालों को ढकें

अपने बालों को धूल और प्रदूषण से बचने का यह सबसे शानदार तरीका है। इसके लिए आप कॉटन के स्कार्फ, दुपट्टा या किसी पतले स्टोल का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह न सिर्फ आपके बालों को शील्ड की तरह ढक लेता है बल्कि पसीने से भी बचाता है, जो बाद में स्कैल्प के लिए सही नहीं रहता।
आसान हेयरस्टाइल

बाहर निकलते समय अपने बालों को कभी भी खुला ना छोड़ें बल्कि बालों का लूज बन, चोटी या पोनीटेल बना कर रखें ताकि आपके बाल धूल और गंदगी से कम से कम एक्सपोज हो सकें। यदि आपके बाल लंबे हैं तो सुनिश्चित करें कि आप अपने बालोंकी चोटी या बन जरूर बना लें।
ड्राई शैंपू या अन्य विकल्प

जब आपके पास रोजाना बाल धोने का समय ना हो तो ड्राई शैंपू आपके काम आ सकता है। यदि ड्राई शैंपू आपके पास उपलब्ध नहीं है तो आप इसकी जगह पर घर के बने कुछ विकल्पों का इस्तेमाल कर सकती हैं। घर के इन विकल्पों में चावल का आटा या कॉर्न स्टार्च शामिल है। आपको इसके लिए ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं है बल्कि अपने स्कैल्प पर चावल का आटा या कॉर्न स्टार्च को थोड़ा सा छिड़क कर ब्रश कर लेना है। इससे आपके बालों को इंस्टेंट फ्रेशनेस मिल जाएगी।
हेयर केयर किट

घर से बाहर निकलते समय अपने पर्स में एक ट्रैवल फ्रेंडली हेयर केयर किट जरूर रखा करें। इसमें चौड़े दांतों वाली कंघी, हेयर सीरम या तेल की छोटी शीशी और बाल बांधने की चीजें जैसे रबर बैंड, क्लिप आदि शामिल हो। आप इसी किट में गुलाब जल की छोटी शीशी भी रख सकती है, जो तुरंत आपके स्कैल्प को फ्रेश करने के साथ ही अच्छी महक भी दे सकती है।
बार बार छूने से बचें

आपकी भले ही आदत हो कि आप बार-बार अपने बालों को छूती रहती हैं लेकिन इस आदत से तौबा कर लें। बार-बार आपके अपने बालों पर उंगली फिराने से बालों में गंदगी और तेल ट्रांसफर हो सकता है, जिससे आपका स्कैल्प ग्रीजी हो सकता है। अपने हाथ को अपने बालों से दूर रखें ताकि बालों की फ्रेशनेस बनी रहे।
बार बार धोना सही नहीं

यदि आप किसी लंबी ट्रिप पर जा रही हैं तो रोजाना अपने बालों को धोने से बचें बल्कि किसी माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करके कुछ एक दिनों के बाद ही अपने बाल धोया करें। यदि बालों में शैंपू करना संभव नहीं है तो अपने बालों को सादे पानी से धोएं और किसी लाइट कंडीशनर के इस्तेमाल से फ्रेश कर लें।
