Overview:
अगर इस साल आप भी क्रिसमस और न्यू ईयर पूरे जोश और जुनून के साथ सेलिब्रेट करना चाहते हैं तो भारत में ऐसे कई शहर हैं, जहां आप जा सकते हैं। इन जगहों पर क्रिसमस और न्यू ईयर पर खास आयोजन होते हैं।
Christmas Vacation Destinations: क्रिसमस और न्यू ईयर हॉलीडे करीब हैं। भारत के कई हिस्सों में ये सात दिन के हॉलीडे पूरे जोश और उत्साह के साथ सेलिब्रेट किए जाते हैं। यहां जाकर आपको क्रिसमस की खुशियों का दोगुना एहसास होगा। सर्दियों की इन छुट्टियों में अगर आप भी एक शानदार वेकेशन पर जाने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए ये टॉप 5 प्लेस बेस्ट हैं।
पांडिचेरी : करीब से देखें फ्रेंच परंपरा
अगर आप क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के साथ ही फ्रेंच कल्चर को करीब से देखना चाहते हैं तो पांडिचेरी आपके लिए बेस्ट जगह हो सकती है। यहां क्रिसमस का शानदार सेलिब्रेशन होता है। शांत समुद्र, हरियाली और भव्य चर्च आपकी वेकेशन को खास बना देंगे। यहां का चप्पा चप्पा आपको फ्रेंच कल्चर में डूबा हुआ नजर आएगा, जो अपने आप में एक अलग अनुभव होगा। यहां का डोमस देई कैथेड्रल चर्च देशभर में मशहूर है।
दादरा और नगर हवेली : नया अनुभव
इस क्रिसमस पर अगर आप एक अलग दुनिया का अनुभव लेना चाहते हैं तो दादरा और नगर हवेली जाने का प्लान जरूर बनाएं। यह जगह पश्चिमी भारत में गुजरात और महाराष्ट्र के बीच स्थित है। क्रिसमस और न्यू ईयर के समय इस जगह का मौसम बहुत ही सुहावना होता है। यहां की आदिवासी जनजातियां अनोखे अंदाज में क्रिसमस मनाती हैं। न्यू इंडिया चर्च ऑफ गॉड, आवर लेडी ऑफ पिटी चर्च और चर्च सिलवासा का वैभव आपको अचंभित कर देगा।
गोवा : जोश, जुनून और उत्साह
देश ही नहीं विदेशों में भी गोवा का क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन मशहूर है। समुद्र, एडवेंचर, वाटर स्पोर्ट्स, डिस्को, डेकोरेशन और ढेर सारे सेलिब्रेशन के साथ आप यहां एक शानदार क्रिसमस वेकेशन ट्राई कर सकते हैं। क्रिसमस से लेकर न्यू ईयर के दौरान पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठता है। यहां कई क्लब्स हैं, जहां जाकर आप अपने सेलिब्रेशन को और भी खास बना सकते हैं। इस दौरान यहां कई म्यूजिक नाइट्स का भी आयोजन होता है। क्रिसमस पर यहां के भव्य बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस, से कैथेड्रल, सांता क्रूज चर्च में विशेष प्रार्थनाएं होती हैं।
दमन और दीव : भारत का पुर्तगाल
गुजरात का दमन और दीव आकर आप महसूस करेंगे कि आप किसी पुर्तगाली शहर में आ गए हैं। ये शहर आपको क्रिसमस वाइब्स से भरा हुआ महसूस होगा। साफ समुद्री बीच, हरियाली और डेकोरेशन के साथ यहां क्रिसमस का शानदार सेलिब्रेशन होता है। क्रिसमस सेलिब्रेशन के दौरान जहां जगह-जगह पुर्तगाली डांस कोरिडिन्हो के शो होते हैं, जिन्हें देखना अलग अनुभव होता है। यहां के सेंट पॉल चर्च और कैथेड्रल ऑफ बॉम जीसस चर्च में खास आयोजन होते हैं।
शिमला : बेस्ट क्रिसमस हॉलीडे डेस्टिनेशन
शिमला को भारत की फेवरेट क्रिसमस हॉलीडे डेस्टिनेशन में शामिल किया जाता है। आमतौर पर क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान यहां स्नोफॉल होने लगता है। बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच रोशनी से जगमगाते शहर में क्रिसमस सेलिब्रेट करना एक अनोखा अनुभव होता है। यहां की टॉय ट्रेन की सवारी करते हुए आप पूरे शहर की खूबसूरती को निहार सकते हैं। वहीं मॉल रोड पर आपको कई शानदार और मशहूर बेकरी, कैफे मिल जाएंगे। यहां के क्राइस्ट चर्च और सेंट माइकल कैथेड्रल कैथोलिक चर्च में क्रिसमस के अवसर पर विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जाता है। कैरोल की धुन आपके दिल को अंदर तक शांत कर देंगी। अगर आप नेचर लवर हैं तो शिमला आपके लिए एक परफेक्ट क्रिसमस डेस्टिनेशन हो सकता है।
