Overview:
अगर आप भी इस शुभ अवसर पर कोई भाषण या स्पीच देना चाहते हैं तो अपने दिल की भावनाओं को प्रकट करने का यह सबसे अच्छा अवसर है।
Independence Day Speech in Hindi: स्वतंत्रता दिवस करीब है और देशभर में इस दिन को धूमधाम से मनाया जाता है। हर स्कूल, कॉलेज, सोसायटी, दफ्तर और अन्य जगहों पर स्वतंत्रता दिवस के समारोह आयोजित किए जाते हैं। अगर आप भी इस शुभ अवसर पर कोई भाषण या स्पीच देना चाहते हैं तो अपने दिल की भावनाओं को प्रकट करने का यह सबसे अच्छा अवसर है। आप इस प्रकार से स्पीच दे सकते हैं।
Also read : अपने पार्टनर के बर्थडे को बनाएं यादगार, ट्राई करें ये डिफरेंट आइडियाज: Romantic Birthday Ideas
ऐसे दें स्वतंत्रता दिवस पर स्पीच

मेरे प्यारे भाइयों और बहनों,
सर्वप्रथम, आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की ढेर सारी शुभकामनाएं। आज हम एक ऐसा दिन मना रहे हैं, जो हमारे देश की महानता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। यह दिन हर भारतीय के दिल में गर्व और उत्साह की भावना भरता है। यह दिन केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं है… बल्कि सैकड़ों सालों तक चले संघर्ष, बलिदान और समर्पण की दास्तान है।
यह दिन हमारे देश की महानता, हमारे संघर्ष की गाथा और हमारे वीर सपूतों की शहादत की याद दिलाता है। 15 अगस्त, 1947 को जब भारत ने अंग्रेजों की क्रूर गुलामी से स्वतंत्रता प्राप्त की, तब न सिर्फ हमारे देश के लिए, बल्कि हर भारतीय के लिए एक नया अध्याय शुरू हुआ था, जिससे हम सभी को नई दिशा और नए सपनों की ओर बढ़ने का स्वर्णिम अवसर मिला।
हमारे स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों ने अपने बलिदानों से हमें यह आजादी दिलाई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और अनगिनत अज्ञात योद्धाओं ने अपने खून-पसीने से इस देश की आजादी की मजबूत नींव रखी। उनके संघर्ष और बलिदान की वजह से ही आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र के नागरिक हैं। इस खुली हवा में सांस ले रहे हैं। अपने सपनों को जी रहे हैं। उन्नति के नए अवसर प्राप्त कर रहे हैं। नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। चांद से लेकर मंगल तक भारत ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। आज हमारे देश को फिर से विश्व गुरु के रूप में देखा जा रहा है।
हम सभी को याद रखना होगा कि स्वतंत्रता सिर्फ एक राजनीतिक स्थिति नहीं है, बल्कि यह हमारी जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। आज हमें यह सोचने की जरूरत है कि हम इस स्वतंत्रता का सही उपयोग कैसे कर सकते हैं। हमें अपने देश की प्रगति के लिए, समाज की भलाई के लिए और एक बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए कोशिशें करनी होंगी। दस नहीं… सौ कदम आगे की सोचनी होगी। अपनी क्षमताओं को बढ़ाना होगा।
भाइयों और बहनों, हमारे देश की विविधता में ही हमारी ताकत है। विभिन्न भाषाएं, संस्कृतियां और धर्मों का संगम हमारी पहचान है। हमें इस विविधता को संजोकर रखना चाहिए और सभी के अधिकारों और स्वतंत्रता का सम्मान करना चाहिए।
आज के दिन हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने देश को एक ऐसा स्थान बनाएंगे जहां हर नागरिक को समान अवसर मिले, जहां हर व्यक्ति अपने सपनों को पूरा कर सके और जहां हम सभी मिलकर एक मजबूत और समृद्ध भारत का निर्माण कर सकें।
हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की याद में, उनके सपनों को साकार करने के लिए और अपने देश की उन्नति के लिए हमें अपनी पूरी शक्ति और ईमानदारी से काम करना चाहिए।
जय हिंद! जय भारत!
