Hydrating Summer Drinks: गर्मी का मौसम आते ही हमें बार-बार प्यास लगती है, लेकिन हर बार सिर्फ पानी पीने की इच्छा नहीं होती। ऐसे में हम तरह-तरह की ड्रिंक्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं। हालांकि, अनजाने में यही ड्रिंक्स हमारे वजन को घटा या बढ़ा सकती हैं। अगर आप खुद को संतुष्ट करने के लिए गर्मी में शुगरी ड्रिंक्स का सेवन करते हैं तो इससे आपका वजन बढ़ सकता है। वहीं, कुछ ड्रिंक्स ऐसी भी होती हैं जो ना केवल आपको हाइड्रेट रखती हैं, बल्कि आपका वजन कम करने में भी सहायक हो सकती हैं। इसलिए, अपनी समर डाइट में इन ड्रिंक्स को शामिल करने की सलाह दी जाती है।
हालांकि, यहां आपको यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सिर्फ ड्रिंक्स की मदद से वजन कम नहीं होता। इसके लिए आपको अपने लाइफस्टाइल को भी बदलना होगा और खुद को फिजिकली एक्टिव रखने की जरूरत है। साथ ही साथ, आप अपने खान-पान का भी ख्याल रखें। इसके साथ अगर इन ड्रिंक्स का सेवन किया जाता है तो आपको यकीनन काफी फायदा मिलता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही ड्रिंक्स के बारे में बता रहे हैं, जो समर वेट लॉस में आपकी मदद कर सकती हैं-
Also read: एक महीने में पेट की चर्बी को कम करेगी ये 7 ड्रिंक्स: Weight Loss Drinks
नींबू अदरक डिटॉक्स ड्रिंक

गर्मी के मौसम में नींबू अदरक डिटॉक्स ड्रिंक का सेवन करना अच्छा विचार हो सकता है। नींबू विटामिन सी रिच होने के कारण बॉडी डिटॉक्सिफिकेशन में मदद करता है। साथ ही साथ, यह मेटाबॉलिज्म को बूस्टअप करता है, जिससे वजन कम करने में सहायता मिलती है। साथ ही साथ, अदरक पाचन में सुधार करने के साथ-साथ कैलोरी बर्न को बढ़ा सकता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 नींबू का रस
- 1 इंच अदरक का टुकड़ा, छीलकर कद्दूकस किया हुआ
- 1 बड़ा चम्मच शहद (वैकल्पिक)
- 2 कप पानी
डिटॉक्स ड्रिंक बनाने का तरीका-
- सबसे पहले पानी उबालें और उसमें कसा हुआ अदरक डालें।
- इसे 5 मिनट तक उबलने दें।
- अब इसे आंच से उतारकर ठंडा होने दें।
- अब आप इसमें नींबू का रस और शहद मिलाएं।
- यहां शहद का उपयोग करना पूरी तरह से वैकल्पिक है। अगर आप चाहें तो इसे स्किप भी कर सकते हैं।
- अब मिश्रण को छान लें और ठंडा करके पी लें।
एप्पल साइडर विनेगर ड्रिंक

वेट लॉस जर्नी में आप एप्पल साइडर विनेगर ड्रिंक को भी शामिल कर सकते हैं। सेब का सिरका ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद करता है और तृप्ति को बढ़ाता है, जिससे आपका कुल कैलोरी काउंट कम हो जाता है। वहीं, नींबू मेटाबॉलिज्म को बूस्टअप करता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 बड़ा चम्मच सेब का सिरका
- 1 नींबू का रस
- 1 बड़ा चम्मच शहद
- 2 कप पानी
- एक चुटकी दालचीनी (वैकल्पिक)
एप्पल साइडर विनेगर ड्रिंक बनाने का तरीका-
- सबसे पहले पानी में सेब का सिरका, नींबू का रस, शहद और दालचीनी मिलाएं।
- शहद को अच्छी तरह घुलने तक मिलाएं।
- अब इसे ठंडा करके पीएं।
- ध्यान दें कि सेब के सिरके को हमेशा डायलूट करके ही लिया जाता है।
खीरा और नींबू पानी

खीरे में कैलोरी कम होती है और वाटर कंटेंट अधिक होता है। जिसके कारण आप अधिक हाइड्रेटेड रहते हैं। साथ ही, आपको फुलर अहसास होता है। वहीं, नींबू डिटॉक्सिफिकेशन और मेटाबॉलिज्म के लिए अच्छा माना जाता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 खीरा, कटा हुआ
- 1 नींबू, कटा हुआ
- 1 बड़ा चम्मच चिया सीड्स
- 2 लीटर पानी
खीरा नींबू पानी बनाने का तरीका-
- सबसे पहले पानी में खीरे और नींबू के टुकड़े डालें।
- अब इसमें चिया बीज मिलाएं।
- पीने से पहले इसे कम से कम 2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें।
वाटरमेलन स्मूथी

अगर आप गर्मी में कुछ मजेदार पीना चाहते हैं तो वाटरमेलन स्मूथी बनाई जा सकती है। यह पीने में भी टेटस्ी है और वेट लॉस में मददगार है। तरबूज में कैलोरी कम और पानी की मात्रा अधिक होती है, जो इसे गर्मियों के लिए हाइड्रेटिंग और ताज़ा विकल्प बनाता है।
आवश्यक सामग्री-
- कुछ तरबूज के टुकड़े
- आधा कप नारियल पानी
- आधा नींबू का रस
- कुछ बर्फ के टुकड़े
वाटरमेलन स्मूथी बनाने का तरीका-
- वाटरमेलन स्मूथी बनाने के लिए सबसे पहले तरबूज को टुकड़ों में काट लें।
- अब आप एक ब्लेंडर जार में तरबूज के कटे हुए टुकड़े, नारियल पानी, नींबू का रस और मुट्ठी भर बर्फ के टुकड़ों के साथ मिलाएं।
- अब आप इसे गिलास में डालें और ठंडा-ठंडा पीएं।
ग्रीन टी और नींबू पानी

ग्रीन टी में एंटी-ऑक्सिडेंट और कैटेचिन होता है, जो मेटाबॉलिज्म को बूस्टअप करता है। साथ ही साथ, इससे फैट बर्न करने में मदद मिलती है। वहीं, नींबू में विटामिन सी होता है और पाचन में मदद करता है।
आवश्यक सामग्री-
- एक कप ग्रीन टी
- आधा नींबू का रस
- एक चम्मच शहद
- बर्फ के टुकड़े
ग्रीन टी और नींबू पानी बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक कप गर्म पानी में एक बैग ग्रीन टी डालें और कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
- अब आप ग्रीन टी को ठंडा होने दें।
- अब इसमें ताजा निचोड़ा हुआ नींबू का रस और थोड़ा सा शहद डालें।
- अब इसमें बर्फ के टुकड़े डालकर मिक्स करें।
- अब आप इसे ठंडा-ठंडा पीएं।
