इस महाशिवरात्रि पर घर में ऐसे करें भगवान शिव का अभिषेक, जानें सही विधि और नियम: Shivling Abhishek Niyam
आप घर में ही शिव जी की पूजा पूरे विधि विधान से कर सकते हैं।
Mahashivratri 2024 Puja: शिव पूजा का सबसे महत्वपूर्ण पर्व महाशिवरात्रि 8 मार्च 2024 को मनाया जाएगा। इस दिन भोलेनाथ के भक्त व्रत रखकर पूरा दिन-रात शिव भक्ति में लीन रहते हैं। शिवरात्रि की सुबह से लेकर अगले दिन व्रत पारण करने तक महादेव की आराधना से शुभ फल की प्राप्ति होगी। महाशिवरात्रि पर सूर्यास्त के बाद रात के समय भोलेनाथ की पूजा बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। ऐसे में आप घर में ही शिव जी की पूजा पूरे विधि विधान से कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि आप घर में किस तरह से शिवलिंग की पूजा और अभिषेक कर सकते है।
Also read: महाशिवरात्रि पर इन पूजन सामग्री से करें भोलेनाथ की पूजा
महाशिवरात्रि पर घर में ऐसे करें पूजा और शिवलिंग अभिषेक

- आप सबसे पहले सुबह स्नान के बाद हरे या सफेद रंग का वस्त्र धारण करें और शिव पूजा के सामने जाकर निराहार व्रत का संकल्प लें। दिनभर ऊं नम: शिवाय का जाप करें। भोलेनाथ की पूजा में पूजा में त्रिपुंड का विशेष महत्व है। इसके बाद सूर्यास्त के बाद शाम के समय शुभ मुहूर्त में घर में पूजा स्थल और घर पर गंगाजल छिड़कें। अब उत्तर दिशा की ओर मुंह करके चंदन को तीन उंगलियों में लगाएं। फिर अपने सिर के बायीं ओर से दायीं ओर की तरफ त्रिपुंड लगाएं। इसके बाद हाथ में रुद्राक्ष और एक बेलपत्र लेकर -ममाखिलपापक्षयपूर्वकसलाभीष्टसिद्धये शिवप्रीत्यर्थं च शिवपूजनमहं करिष्ये इस मंत्र को बोलते हुए पूजा का संकल्प लें।

- अब आप मंत्र बोलने के बाद दूध, दही, शक्कर, शहद, घी, गंगाजल, गन्ने के रस से घर में मौजूद शिवलिंग का अभिषेक करें। अगर आपके पास घर में शिवलिंग नहीं है तो आप मिट्टी के पार्थिव शिवलिंग बनाकर भी पूजा कर सकती हैं। जब आप शिवलिंग का अभिषेक कर रहे हैं, तब महामृत्युंजय मंत्र का जाप करते रहें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंत्र के उच्चारण मात्र से शिव जी सभी मनोकामनाओं को पूरा करते हैं। इसके अलावा भस्म या चंदन से महादेव को त्रिपुंड लगाएं। फिर 11 बेलपत्र में ऊं लिखकर शिव जी को अर्पित करें। अब भांग, पान, बेला या आक के फूल, धतूरा, अबीर, गुलाल, शमी पत्र, एक मुठ्ठी अक्षत शिवलिंग पर चढ़ाएं।
- आप अब धूप और चौमुखी घी का दीपक लगाकर शिव चालीसा का पाठ करें। फिर काले धतूरे को फोड़कर उसका फल शिव जी को चढ़ाए। अब इसके बाद भव, शर्व, रुद्र, पशुपति, उग्र, महान, भीम और ईशान, इन आठ नामों का जाप करते हुए फूल चढ़ाकर भोलेनाथ की आरती करें।
कैसे बनाएं पार्थिव शिवलिंग?

- अगर आपके घर में शिवलिंग नहीं है तो आप शिव की पार्थिव पूजा करने के लिए किसी पवित्र स्थान से मिट्टी लेकर आए और उसमें गाय का गोबर, मक्खन, गुड़ और भस्म मिलाकर शिवलिंग बना लें। घर में बनाए जाने वाले इस पार्थिव शिवलिंग का आकार 12 अंगुल से बड़ा और अंगूठे से छोटा नहीं होना चाहिए। इसके बाद उसकी विधि-विधान से पूजा एवं अभिषेक करें। ध्यान रखें कि घर में पार्थिव शिवलिंग की पूजा हमेशा उत्तर दिशा की ओर बैठकर करना चाहिए।
