Psoriasis In Winters: सर्दी के दिनों में शुष्क और बेजान त्वचा किसी को भी परेशान कर सकती है। खासकर हाथ, कोहनी, सिर और पैरों की स्किन जरूरत से ज्यादा सूखी और पपड़ीदार नजर आने लगती है। कई बार ये समस्या इतनी गंभीर हो जाती है कि ये सोरायसिस का कारण बन जाती है। सोरायसिस एक ऐसी समस्या है जिसकी वजह से शरीर की कोशिकाओं और टिशूज डैमेज होने लगती हैं। इसके परिणामस्वरूप त्वचा पर धब्बे पड़ जाते हैं और पपड़ी के तौर पर त्वचा निकलने लगती है। ये एक ऑटोइम्यून स्थिति है जो डैमेज और प्लाक का कारण बनती है। इसलिए सर्दियों के मौसम में सोरायसिस की समस्या से जूझ रहे मरीजों को विशेष देखभाल की आवयश्कता होती है। तो चलिए जानते हैं सर्दियों के मौसम में सोरायसिस से डील करने के तरीके के बारे में।
Also read : पैर के तलवों पर सर्दियों में लगाएं ये 5 तरह के तेल
सर्दी में क्यों बढ़ती है सोरायसिस की समस्या

सर्दियों के मौसम में शुष्क और तेज हवा के कारण सोरायसिस की समस्या बढ़ती है। शुष्क हवा त्वचा में मौजूद नमी को सोख लेती है जिसके कारण त्वचा में प्लाक जमने लगते हैं। ये प्लाक समय के साथ निकलने लगते हैं और कष्टकारी हो जाते हैं। इसके अलावा तेज गर्म पानी से नहाने और त्वचा को मॉइस्चराइज न करने के कारण भी सोरायसिस को बढ़ावा मिलता है।
सर्दियों में सोरायसिस को कैसे करें डील
सर्दियों के दिनों में त्वचा को ड्रायनेस से बचाने के लिए विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
फ्रेगरेंस का प्रयोग बंद
सर्दियों के दिनों में हम जो मॉइस्चराइजर या क्रीम का प्रयोग करते हैं वे अधिक खुशबूदार होती है। आपको बता दें कि सोरायसिस में अधिक खुशबूदार चीजों का प्रयोग त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए सोरायसिस की समस्या को बढ़ने से रोकने के लिए फ्रेगरेंस का प्रयोग कम से कम करना चाहिए। खासकर अधिक शुष्क त्वचा पर नारियल और ऑलिव ऑयल का प्रयोग ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।
गुनगुने पानी का प्रयोग
शुष्क त्वचा को अधिक गर्म पानी के संपर्क में लाने से बचना चाहिए। सोरायसिस की समस्या होने पर नहाने के लिए तेज गर्म पानी की अपेक्षा गुनगुने पानी का प्रयोग किया जा सकता है। गुनगुने पानी में आप कुछ बूंदें नारियल तेल की भी मिला सकते हैं, इससे त्वचा में नमी बनी रहती है।
त्वचा को मॉइस्चराइज रखें

सर्दी के मौसम में कई लोग प्रतिदिन स्नान करने से बचते हैं। जिस वजह से उनकी त्वचा में प्लाक अधिक संख्या में जमने लगते हैं। त्वचा को प्लाक से बचाने के लिए प्रतिदिन स्नान करें और त्वचा को मॉइस्चराइज करना न भूलें। इसके साथ ही ध्यान रखें कि नहाने के बाद त्वचा को रगड़े नहीं बल्कि थपथपाकर सुखाएं। इससे त्वचा अधिक देर तक नम रहती है।
हेल्दी लाइफस्टाइल
हेल्दी लाइफस्टाइल सोरायसिस के लक्षणों को कम करने में मदद कर सकती है। त्वचा में नमी को बरकरार रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें साथ ही अधिक तेल चिकनाई का सेवन करने से बचें। इससे सूजन को कम करने में मदद मिलती है।
