Hindi Funny Story: बात मेरी शादी के शुरुआती दिनों की है। नई-नई शादी हुई थी, तो बस यही कोशिश रहती थी कि घर का हर काम बिल्कुल परफेक्शन के साथ करूँ। उन दिनों घर की नई नवेली दुल्हन के हर काम पर सबकी नज़रें टिकी रहती थीं और एक छोटी सी चूक भी शर्मिंदा करने के लिए काफी थी। शायद इसीलिए मैं कुछ ज्यादा ही सावधान रहती थी।
एक दिन अलमारी ठीक करते वक्त मेरी नज़र पतिदेव के अंडरवियर पर पड़ी। मैंने देखा कि उसमें आगे की तरफ एक बड़ा सा कट लगा है। मुझे लगा कि यह फट गया है और पतिदेव को पता भी नहीं चला। मैंने सोचा कि अगर किसी और को पता चला कि मेरे पति फटे हुए कपड़े पहन रहे हैं, तो मेरी कितनी बेइज्जती होगी और न जाने कितने ताने सुनने पड़ेंगे!
बस फिर क्या था, मैंने तुरंत सुई-धागा निकाला और अपनी पूरी सिलाई कलाकारी दिखाते हुए उस ‘फटे हुए’ हिस्से को मजबूती से सिल दिया। शाम को जब पतिदेव तैयार होने बाथरूम गए, तो अचानक वहां से उनके ठहाकों की आवाज़ आने लगी। वो बाहर आए और हंसते-हंसते लोटपोट हो रहे थे। मेरे बार-बार पूछने पर भी वो कुछ बता नहीं पा रहे थे। उन्होंने मुझे वो अंडरवियर दिखाया और पूछा— ‘क्या ये तुमने किया है?’ मैंने नासमझी में ‘हाँ’ कह दिया, जिसे सुनकर वो और जोर से हंसने लगे।
मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर बात क्या है। जब उन्होंने पूछा कि इसे सिला क्यों, तो मैंने मासूमियत से कहा— ‘जी, वो फट गया था न, इसलिए!’ यह सुनकर वो फिर से हंसने लगे। उनकी हंसी रुक ही नहीं रही थी, जिससे परेशान होकर मेरी आँखों में हल्के आँसू आ गए। मुझे रोता देख उन्होंने हंसी रोकी, मेरे आँसू पोंछे और प्यार से गले लगाकर बताया कि वह कोई ‘फटा हुआ हिस्सा’ नहीं था, बल्कि उसका डिजाइन ही वैसा होता है।
यह सुनते ही मैं शर्म के मारे पानी-पानी हो गई। आज भी जब वो कभी सिलाई का जिक्र करते हैं, तो मैं याद करके शर्म से लाल हो जाती हूँ और मुझे छिपने की जगह नहीं मिलती!”
मेरी सिलाई की कलाकारी और वो मासूम भूल-हाय मैं शरम से लाल हुई!
