भारतीय भोजन में भारत के महाराष्ट्र राज्य का योगदान इतना बड़ा है कि इसके अधिकांश व्यंजन अपनी राज्य सीमाओं की सीमाओं से निकल कर अब देश भर के घरों में नजर आने लगे हैं। महाराष्ट्रीयन व्यंजनों में विविधता देखने को मिलती है। मुंबई स्ट्रीट में मिलने वाला बटाटा वड़ा हो या फिर मीठे में बासुंदी, हर फूड एक अलग ही फ्लेवर लिए है। वहीं पूरन पोली महाराष्ट्र की पारंपरिक स्वीट डिश में शुमार है जिसे दीवाली और गणेश चतुर्थी जैसे खास मौकों पर बनाया जाता है। झुणका भाकर पारंपरिक महाराष्ट्र का पकवान है जिसे पिठला भाकरी भी कहा जाता है।

वेज कोल्हापुरी महाराष्ट्र की पारंपरिक मिक्स वेज सब्जी है जो बहुत तीखे मसाले को मिलाकर बनाई जाती है। घर पर किसी पार्टी या किसी खास त्यौहार पर वेज कोल्हापुरी खाने का आनंद लिया जाता है। अब ये मराठी व्यंजन अगर हमें अपने घर में खाने को मिले तो टेस्ट जरा बदल जाएगा। यहां इन 5 मराठी व्यंजनों की रेसिपी दी है जिसे घर में बनाकर ठेठ महाराष्ट्रीयन स्वाद ले सकते हैं।

झुणका भाकर

सामग्री

500 ग्राम ज्वार का आटा

200 ग्राम बेसन

4 छोटे कटे प्याज

2 छोटे टमाटर

हरा धनिया

1/2 टीस्पून हल्दी

1 टीस्पून लाल मिर्च

1 टी स्पून धनिया पाउडर

2 टेबलस्पून तेल

नमक स्वादानुसार

विधि

– सबसे पहले झुणका बनाने के लिए गैस पर एक कड़ाही में तेल गर्म करेंगे। इसमें जीरा डालेंगे।

– अब जीरा भुनने के बाद इसमें बारीक कटे प्याज डालेंगे और हल्का भूरा होने तक भुनेंगे।

– अब इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च डालेंगे।

– इन मसालों के बाद इसमें कटे हुए टमाटर डालेंगे और अच्छे से पकने देंगे। फिर इसमें स्वादानुसार नमक डालेंगे।

– इसके बाद इसमें बेसन डालेंगे और अच्छी तरह से मिक्स करेंगे और अच्छे से सेंक लेंगे।

– अब इसमें पानी छिटकेंगे और फिर अच्छा सेकेंगे।

– इसे कवर से ढंक देंगे और थोड़ा पकने के दो मिनट बाद ढक्कन हटाकर हिलाएंगे।

– अब इसमें हरा धनिया डालकर मिलाएं। झुणका तैयार है।

– अब भाकर के लिए एक अन्य बर्तन में ज्वार का आटा लें। इसमें नमक डालें।

– अब गर्म पानी की मदद से आटा गूंथ लें।

– अब गैस पर तवा गर्म रखें। भाकर के लिए बेलन की जगह हाथ से ही बनाएं। धीरे-धीरे अंगुलियों पर दबाव देते हुए गोल शेप दे।

– अब तवे पर दो तरफ अच्छे से सेंक लें। भाकरी तैयार है।

पूरन पोली

सामग्री

2 कप मैदा

2 टेबलस्पून घी

100 ग्राम चने की दाल

1 कप चीनी

1/2 टीस्पून इलाइची पाउडर

नमक स्वादानुसार 

विधि

– एक बर्तन में मैदा लेंगे। इसमें 2 टेबलस्पून घी डालेंगे। चुटकी नमक डालेंगे। 

– अब पानी डालते हुए नरम आटा गूंथेंगे। आटे को ढंककर 20-25 मिनट तक रखकर सेट करें।

– चने की दाल की स्टफिंग बनाएंगे। इसके लिए दाल को दो घंटे पानी में भिगो दें।

– अब भिगोई हुई चने की दाल को कुकर में डालकर आधा कप पानी डालकर एक सीटी आने तक पकने देंगे।

– अब दाल को एक छलनी में डालकर एक अन्य बर्तन में निकाल लें।

– दाल थोड़ी ठंडी होने पर मिक्सर में पीस लें।

– स्टफिंग के लिए दाल को गैस पर रखी एक कड़ाही में डालेंगे। इसमें चीनी डालकर पकाएंगे।

– स्टफिंग गाढ़ी होने पर इसमें इलाइची पाउडर डालकर पकाएंगे।

– स्टफिंग ठंडी होने दें।

– अब आटे से लोइयां तोड़कर तैयार करें और स्टफिंग को भी निकाकर बॉल बना लें।

– अब पूरन पोली बेलने के लिए एक लोई को गोल बनाकर चपटा करें। अब घी लगाकर 3-4 इंच के व्यास में बेलेंगे।

– स्टफिंग का बॉल बीच में रखकर आटे को चारों तरफ से उठाकर बंद करेंगे।

– अब इसे सूखे आटे या घी लाकर हल्के हाथ से बेल लेंगे।

– अब गैस पर तवे को गर्म करेगें। इस पर घी डालकर तवे पर पूरन पोली डाल देंगे।

-मध्यम आंच पर पूरन पोली को सुनहरी चित्ति आने तक सेकेंगे। अब इस पर घी लगाते हुए सेकेंगे। पूरन पोली तैयार है।

बटाटा वड़ा

सामग्री

4 बड़े उबले आलू

1 टीस्पून राई

1/2 टीस्पून हल्दी

3/4 टीस्पून हींग

7-8 करी पत्ता

नमक स्वादानुसार

1 टेबलस्पून अदरक लहसुन हरी मिर्च का पेस्ट

200 ग्राम बेसन

तेल तलने के लिए

विधि

– एक कड़ाही में 1 टेबलस्पून तेल, 1 टीस्पून राई, आधा चम्मच हल्दी, हींग, करी पत्ते, अदरक लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट, नमक डालकर अच्छे से मिला लें।

– अब उबले आलू को एक बर्तन में क्रश कर लें। इसमें ये मासाल डाल दें। थोड़ा नमक और मिलकर अच्छे से मैश कर लें। इनके बॉल बना लें।

– इसके बाद अब कवर तैयार करने के लिए एक बाउल में बेसन लें। इसमें हल्दी, हींग डालें। इसमें पानी डालकर बेटर बना लें।

– पतला बेटर बनाने के बाद उसमें आलू के बॉल को डीप कर कड़ाही में मौजूद गर्म तेल में डाल दें। इन्हें ब्राउन होने तक तलें।

बासुंदी

सामग्री

2 लीटर दूध

1 कप शक्कर

4 टेबलस्पून मिल्क मसाला

1 टेबलस्पून ड्रायफ्रूट्स कतरन

विधि

– एक चौड़े बर्तन में 2 लीटर दूध लें और उसे उबलने दें।

– दूध उबलने के बाद उसमें 1 कप शक्कर मिला दें।

– अब इसमें मिल्क मसाला डालेंगें।

– दूध को गाढ़ा होने दें। बासुंदी तैयार है। इसमें ड्रायफूट्स से गार्निश कर लें।

वेज कोल्हापुरी

सामग्री

3 टेबल स्पून तेल

2 खड़ी लाल मिर्च

1 टेबलस्पून अदरक लहसुन का पेस्ट

1 कप प्याज और टमाटर का पेस्ट

1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर

1 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर

1 टीस्पून गरम मसाला

1 टीस्पून पावभाजी मसाला

नमक स्वादानुसार

1 लंबी कटी हुई शिमला मिर्च

1/2 लंबी कटी गाजर

1/2 कप मटर

4 कटी फ्रेच बीन्स 

हरा धनिया

विधि

सबसेपहले एक कड़ाही में 3 टेबलस्पून तेल लें।

– तेल गर्म होने पर खड़ी लाल मिर्च, अदरक लहसून का पेस्ट डालकर भुनें।

– अब टमाटर का पेस्ट डालें।

– इसमें गरम मसाला, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक, पाव भाजी मसाला डालकर मिक्स करें।

– अब कटी हुई शिमला मिर्च, गाजर, फ्रेंच बीन्स, मटर और हरा धनिया डाल दें।

– इसमें थोड़ा पानी मिलाकर हिलाएं।

– इसे कुछ मिनट के लिए ढंककर पकने दें। पकने पर तेल अलग दिखने लगेगा। वेज कोल्हापुरी तैयार है।                    

यह भी पढ़ें:

चावल बच जाएं तो इसमें लाइए थोड़ा-सा ट्विस्ट, पढ़िए 5 स्वादिष्ट रेसिपी

ये 5 पंजाबी डिशेज खाकर अंगुलियां चाटते रह जाएंगे घरवाले, पढ़िए रेसिपी