स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख

 

स्विटजरलैंड मध्य यूरोप का देश है, जिसकी 60 फीसदी भूमि एलप्स पहाड़ों से ढकी है, इसलिए यह खूबसूरत हरे-भरे पर्वत, गांव, सरोवर से भरा नजर आता है। स्विस लोगों का जीवनस्तर दुनिया में सबसे ऊंचे जीवनस्तरों में माना जाता है। पर्यटन की दृष्टि से आदर्श स्विटजरलैंड पर्यटकों में खासा लोकप्रिय है। इस देश के प्राकृतिक नजारे, नदियां, झीलें और संस्कृति पर्यटकों को खासा लुभाती हैं। कला और संस्कृति से समृद्ध इस देश में बहुत से म्यूजियम और ऐतिहासिक स्थल हैं। ज्‍युरिख स्विटजरलैंड का सबसे बड़ा शहर है जो पर्यटन के लिए खासा लोकप्रिय है। ज्‍युरिख और आसपास कई शानदार साइट्सीइंग स्पॉट्स हैं। माउंट टिटलिस, मॉन्ट्रो, इंटरलेकन, ल्यूसर्न, सेंट मॉरिट्ज और जरमेट, बेसल, बर्न, जिनेवा आदि यहां के प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशंस हैं, जिनमें से अनेक स्थानों पर पर्यटकों को ज्यादातर समय बर्फ मिलती है और यहां पर्यटक अनेक आईस एडवेंचर्स का भी मजा ले सकते हैं। यहां का जूलॉजिकल गार्डन भी दर्शनीय है, जहां अनेक पशु-पक्षी हैं।
 
जर्मनी का कोलोन

 

यूरोप महाद्वीप में स्थित जर्मनी की उत्तरी सीमा पर उत्तरी समुद्र, डेनमार्क और बाल्टिक समुद्र पूरब में पोलैंड और चेक गणराज्य, दक्षिण में आस्ट्रिया और स्विट्ज़रलैंड और पश्चिम में फ्रांस, लक्सेम्बर्ग, बेल्जियम और नीदरलैंड हैं। जर्मनी एक शांत और साफ-सुथरा देश है जहां के लोग काफी शांतिप्रिय है। जर्मनी में हम फ्रेंकफर्ट के नजदीक ठहरे थे, जहां कुछ दिन गुजारने के बाद हम कोलोन गए। कोलोन अपने सुगंधित परफ्यूम्स के अलावा अपने ऐतिहासिक कोलोन कैथेड्रल के लिए प्रसिद्ध है। कोलोन बर्लिन, हैम्बर्ग और म्युनिख के बाद जर्मनी का चौथा सबसे बड़ा शहर है। कोलोन, राइन नदी के दोनों तरफ बसा हुआ है। शहर का मशहूर कोलोन कैथेड्रल, कोलोन के कैथोलिक आर्कबिशप का निवास है। इसी चर्च के पीछे बह रही राइन नदी के किनारे बैठ कर पूरा दिन एंजॉय किया जा सकता है।
फ्रांस का पेरिस
 

 

पेरिस फ्रांस का सबसे बड़ा नगर और उसकी राजधानी है। यही नहीं, इसे दुनिया की फैशन और ग्लैमर राजधानी माना जाता है। यहीं पर दुनिया की सबसे प्रसिद्ध इमारत आइफिल टावर स्थित है। आइफिल टावर देखना हो तो वहां शाम के वक्त जाना चाहिए। हालांकि पूरे यूरोप में सूरज रात दस बजे के बाद ही ढलता है, इसलिए यहां लाइटिंग का मजा भी इसके बाद ही आता है। आइफिल टावर का नजारा रात दस के बाद करना एक अविस्मरणीय अनुभव है।

 

 
 
 हर क्षण बदलते इतने तरह के रंगों के रंगा आइफिल टावर बेहद खूबसूरत लगता है। आइफिल टावर के ऊपर पहुंचकर वहां से पूरे पेरिस का नजारा भी बेहतरीन अनुभव है। लेकिन पेरिस में इसके अलावा भी बहुत कुछ है देखने लायक। पेरिस में अनेक तरह की मेट्रो हैं जिनका आपसी नेटवर्क कमाल का है। पूरे दिन का पास लेकर कहीं भी घूमा जा सकता है। इसके अलावा पर्यटकों के लिए ओपन बस चलती हैं जो पर्यटकों को विभिन्न चर्च, संग्रहालय और दूसरे अनेक दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करवाती हैं। संग्रहालय की बात करें तो पेरिस में इतने संग्रहालय हैं जिनकी गिनती करना भी मुश्किल है, लेकिन इनमें सबसे प्रसिद्ध संग्रहालय है- लूव्र संग्रहालय, जहां प्रसिद्ध कलाकार लियोनार्डो डा विंची की असली पेंटिंग मोनालीसा रखी है। इसके अलावा भी अनेक प्रसिद्ध कलाकारों के संग्रह यहां मौजूद हैं।
नीदरलैंड का एमस्टरडम
 

 

एमस्टरडम एमस्टल नदी के मुहाने पर बसा हुआ एक खूबसूरत शहर है और जितना खूबसूरत यह शहर है, उतने ही रंगरंगीले यहां घूमते-फिरते लोग दिखाई देते हैं। जितनी तरह के लोग, उतनी तरह के लोगों के बालों के रंग। एमस्टरडम को पर्यटकों के आकर्षण का एक बड़ा केंद्र माना जाता है। गर्मी के दिनों में इस छोटे से इलाके में 80,000 से ज्यादा पर्यटक आते हैं। सुना था कि पेरिस को दुनिया में फैशन की राजधानी माना जाता है, लेकिन मुझे निजी तौर पर एमस्टरडम पेरिस से ज्यादा पसंद आया।

 

संग्रहालय के शौकीनों के लिए यहां रिज्क म्यूजियम है जो पूरे नीदरलैंड का इतिहास अपने में समेटे है। यहां भारत के देवी देवताओं की मूर्तियां और जापानी बर्तन हैं जो डच ईस्ट इंडिया कंपनी के लोग भारत और जापान से लाए थे। इसी संग्रहालय के पास है 19वीं सदी के जाने माने चित्रकार वैन गॉग का संग्रहालय। प्रकृति प्रेमियों के लिए एमस्टरडम में हर सुबह लगने वाला फूलों का मेला देखने योग्य होता है। गर्मियों में यहां फूलों की लाखों किस्में देखने को मिलती हैं। एक खास बात, चूंकि यह पूरा शहर नदी के ऊपर बना हुआ है, इसलिए अगर आपने यहां खूबसूरत नौका पर नौका विहार नहीं किया तो कुछ नहीं किया। हालांकि एमस्टल नदी अब नहर के रूप में सिमट गई है लेकिन फिर भी यहां नौकायन करने का अपना अलग ही आनंद है।
 
बेल्जियम का ब्रसेल्स

 

ब्रसेल्स बेल्जियम देश और यूरोपीय संघ की राजधानी है। कुल 19 महानगर पालिकाओं के साथ यह बेल्जियम का सबसे बड़ा शहर है। ब्रसेल्स की स्थापना 10वीं शताब्दी के किला शहर के रूप में हुई थी जिसे चर्लिमगने के एक वंशज ने स्थापित किया था और जिसमें दस लाख से अधिक निवासी थे। द्वितीय विश्वयुद्ध के अंत के बाद ब्रसेल्स अंतर्राष्ट्रीय राजनीति का मुख्य केन्द्र बिंदु रहा है। यहां यूरोपीय संघ की मुख्य इमारतों के साथ-साथ उत्तरी अटलांटिक संधि संस्था (नाटो) का मुख्यालय भी है। ब्रसेल्स की खूबसूरत इमारतें यहां की खूबसूरती अच्छी तरह से बयां करती हैं। बेल्जियम की चॉकलेट्स बहुत मशहूर हैं।
 
ये भी पढ़ें-