दुनिया की 50 बेस्ट मटन डिशेज में भारत का गलौटी कबाब और रोगन जोश हुआ शामिल, जानिए रेसिपी: Mutton Dishes
Mutton Dishes

Mutton Dishes: फूड गाइड टेस्ट एटलस ने दुनिया की 50 बेस्ट लैंब डिशेज (मटन) की सूची जारी की है। अच्छी बात है कि इसमें भारत की दो मजेदार रेसिपी गलौटी कबाब और रोगन जोश को भी शामिल किया गया है। पहले और दूसरे नंबर पर तुर्की के कबाब इस्कंदर और जाग शामिल हैं। गलौटी कबाब 23वें और रोगन जोश 26वें स्थान पर अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे। आप नॉनवेज खाते हैं तो निसंदेह आप ने इन दोनों डिशेज को जरुर ट्राई किया होगा। लेकिन क्या आपको पता है कि इन डिशेज को बहुत कम सामग्री के साथ आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं। यहां हम आपके साथ इन दोनों डिशेज की बेहद आसान रेसिपी साझा कर रहे हैं। आपको बता दें कि गलौटी कबाब में जहां लखनऊ का एक अंदाज है तो रोगन जोश कशमीर का एक पारंपरिक खाना है। इसे मुगल अपने साथ लेकर आए थे।

गलौटी कबाब

Mutton Dishes
Mutton Dishes-Galouti Kebab

सामग्री

  • कीमा-1 किलो
  • कच्चा पपीता-200 ग्राम
  • नमक-स्वादानुसार
  • कुटी हुई अदरक-दो बड़े टुकड़े
  • लहसुन की कलियां-10
  • बड़ी इलायची-5 से 6
  • काली मिर्च-10 से 15 दानें
  • दालचीनी-1 स्टिक
  • जायफल-जावित्री-1/4 छोटा चम्मच
  • पिसी प्याज-1
  • हरा धनिया- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा
  • हरी मिर्च-3 से बारीक कटी
  • पिसी लाल मिर्च-1 चम्मच
  • अंडे- दो
  • नींबू-2
  • तेल-तलने के लिए
  • पिसे भुने चने- दो चम्मच
  • साबुत धनिया- कुटा हुआ एक बड़ा चम्मच

वि​धि

  • सबसे पहले सभी सूखे मसालों को सेंकर ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद इन्हें पीस लें या कूट लें। इसके बाद इसमें कीमा मिलाएं। इसे चार से पांच घंटे मैरिनेट होने के लिए साइड रखें।
  • अब हरा धनिया, हरी मिर्च, और अंडा मिलाएं। इसके बाद इसमें ऊपर से नींबू का रस मिलाएं।
  • इसमें कीमा मिलाकर आटे की तरह थोड़ी देर के लिए गूंथे। इस समय आप इसमें भुने हुए चने और कुटा हुआ साबुत धनिया डालें।
  • गोल-टिकिया का शेप देकर कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें।
  • अब दोनों अंडों को फेंट लें। एक पैन में तेल गर्म कर कबाब को अंडे में डिप करके फ्राई कर लें।
  • इसे आपको हल्की आंच पर ही सेंकना है।
  • इसे प्याज के लच्छे, हरी धनिए की चटनी के साथ सर्व करें।

नोट- इस रेसिपी में लाल मिर्च और गरम मसालों का जो अंदाज दिया गया है। वो मीडियम है अगर आप तीखा खाने के शौकीन हैं तो गर्म मसालों और लाल मिर्च को अपने स्वाद के अनुसार कर सकते हैं।

रोगन जोश

सामग्री

  • मटन-1 किलो
  • हल्दी-1 छोटा चम्मच
  • अदरक लहसुन पेस्ट-2 छोटे चम्मच
  • इलायची-3 कुचली हुई
  • कश्मीरी लाल मिर्च पेस्ट-250 ग्राम
  • प्याज-2 मध्यम आकार की
  • सौंफ- दो चम्मच
  • सौंठ-2 छोटे चम्मच
  • दही-100 ग्राम
  • घी-2 बड़े चम्मच
  • तेजपत्ता-3
  • नमक- स्वादानुसार

वि​धि

  • प्याज को काटकर गोल्डन फ्राई कर लें। इन्हें ठंडा होने के लिए रखें और मिक्सी में पीस लें। इसके बाद दही फेंटे।
  • मटन को को हल्दी, अदरक-लहसुन के पेस्ट, इलायची और तेजपत्ता के साथ उबालने रख दें।
  • सही से उबाल आने के बाद मटन को पानी यानी कि स्टॉक से निकालकर अलग कर लें।
  • अब आप पैन में घी गर्म करें। इसके बाद इसमें प्याज़ डालकर तीन मिनट के लिए भूनें।
  • प्याज भुनने के बाद इसमें तैयार किया स्टॉक डालें।
  • इसमें मटन के अलावा बाकी सभी चीजें डाल दें। इसे बीस मिनट के लिए गैस पर मंदी आंच पर छोड़ दें। इसके बाद इसमें मटन को डालें और इसे मंदी आंच पर रख दें। जब मटन गल जाए तो इसे सर्व करें। आप इसे रोटी चावल किसी से भी खा सकते हैं।

नोट- रोगन जोश का यूएसपी उसका रंग होता है। ऐसे में अगर आप थोड़ी सी रतनजोत डाल सकते हैं। रतन जोत की एक छोटी सी स्टिक काफी है। आप इस स्टिक को कूट कर प्याज भुनने के बाद डाल दें। इसके अलावा कश्मीरी लोग इस खाने के मावल के फूल भी डालते हैं। आप मावल के फूल को हार-श्रृंगार की के फूल की स्टिक के साथ रिप्लेस कर सकते हैं। स्टॉक बनाते वक्त आप 2 या 3 फूलों के हिस्से को डालें। रंग और खुशबू बेस्ट हो जाएगी।