Food for Boost Stamina
Ashwagandha

Ashwagandha Benefits: अश्वगंधा या असगंध के कई चमत्कारिक फायदे हैं। इसका उपयोग सौन्दर्य उत्पादों में भी इस्तेमाल किया जाता है। अपने औषधीय गुणों के कारण यह त्वचा संबंधी अधिकतर परेशानियों में इस्तेमाल किया जाता है।

अश्वगंधा है गुणकारी

अश्वगंधा रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ तनाव मुक्त रखने में भी सहायक है। इसके अतिरिक्त यह त्वचा को जवां रखने में भी मददगार साबित होता है।

आयुर्वेदिक अवयवों के औषधीय गुणों के कारण ही आज सौन्दर्य उत्पाद बनाने वाली कम्पनियां आयुर्वेद को अपना रही हैं। दरअसल, केमिकल के दुष्प्रभाव से हमारी त्वचा को बचाने का एकमात्र विकल्प आयुर्वेद ही है। अश्वगंधा या भारतीय जिनसेंग एक ऐसा उत्पाद है जो त्वचा के उत्तकों को शक्ति और उर्जा प्रदान करता है। इससे आपकी त्वचा भीतर से खूबसूरत और चमकदार दिखने लगती है। इसमें एंटी-ऑक्सिडेंट होते हैं, जो डिजेनरेटिव प्रोसेस को धीमा करते हैं। इसमें कई गुण हैं, विशेष रूप से त्वचा और बालों की समस्याओं को दूर करने के लिए इसे ब्यूटी रूटीन में शामिल किया जा सकता है।

अमृत है अश्वगंधा

अश्वगंधा का अर्क, काढ़ा, पाउडर और एसेंशियल ऑयल आदि सभी फायदेमंद रहता है। इसका अर्क अश्वगंधा की जड़ों या इसके फल से लिया जाता है। एसेंशियल ऑयल को जड़ों से बनाया जाता है। आयुर्वेदिक हेयर क्लींजर और हेयर कंडीशनिंग पाउडर में अश्वगंधा होता है। त्वचा को पोषण देने का काम करता है अश्वगंधा। साथ ही इसका इस्तेमाल एंटी-एजिंग क्रीम बनाने में भी किया जाता है, क्योंकि इसमें त्वचा को जवां रखने और असमय झुर्रियां आने से रोकने की क्षमता होती है।

भारतीय सुपरफूड है अश्वगंधा

अश्वगंधा, विथानिया सोम्निफेरा, को विंटर चेरी और इंडियन जिनसेंग भी कहा जाता है। इसके शक्तिशाली उपचार गुणों के साथ-साथ त्वचा और बालों के सौंदर्य उपचार के लिए आयुर्वेद में इसका व्यापक रूप से बीमारियों के इलाज के लिए उपयोग किया जाता है। वास्तव में, यह कई आयुर्वेदिक ब्यूटी उत्पादों, जैसे- शैम्पू, हेयर टॉनिक, मॉइश्चराइजिंग क्रीम आदि में इस्तेमाल किया जाता है। अश्वगंधा एक चिकित्सीय जड़ी-बूटी है जो मन और मस्तिष्क में संतुलन बनाए रखता है और आपको तनाव से दूर रखने में मददगार साबित होता है। यह संतुलन त्वचा और बालों को भी स्वस्थ रखता है।

अश्वगंधा का फेस पैक

अश्वगंधा एंटी-ऑक्सीडेंट और आयरन से भरपूर है और यह त्वचा की मांसपेशियों को तनावमुक्त भी रखता है। यह त्वचा संबंधी अधिकतर समस्याओं को ठीक करने में सहायक है। चमकदार त्वचा पाने के लिए आप एक आयुर्वेदिक पैक बना सकते हैं। इसके लिए 2 चम्मच सूखे अश्वगंधा पाउडर में एक चम्मच सूखे और पीसे हुए नींबू के छिलके और एक चम्मच सूखे अदरक को मिलाएं। इन्हें एक कप पानी में डालें और उबाल आने दें। पाउडर को थोड़ा नरम होना चाहिए। मिश्रण को ठंडा करें और चेहरे पर लगाएं। 15 मिनट बाद इसे सादे पानी से धो लें।

झुर्रियां हटाता है अश्वगंधा

अश्वगंधा में त्वचा को फिर से जीवंत करने वाले गुण होते हैं और यही कारण है कि यह त्वचा को अधिक खूबसूरत और जवां बनाता है। इसमें शक्तिशाली एंटी-एजिंग गुणों के साथ एंटी-ऑक्सीडेंट भी होते हैं। यह त्वचा में कसाव लाता है और उम्र बढ़ने के संकेतों को भी दिखने से लंबे समय तक रोकता है। इसके लिए, एक चम्मच अश्वगंधा पाउडर में एक चम्मच शहद और थोड़ा-सा गुलाब जल मिलाएं। होठों और आंखों के आस-पास के एरिया से बचते हुए चेहरे पर लगाएं। 15 से 20 मिनट बाद इसे धो लें। आप चाहें तो शहद की जगह एलोवेरा जेल भी मिला सकते हैं।

मुंहासों के लिए अश्वगंधा

अश्वगंधा की जड़ में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-माइक्रोबॉयल प्रॉपर्टीज दोनों पाई जाती हैं, जो त्वचा को संक्रमण या मुंहासों से बचाती है। फेस पैक तैयार करने के लिए 2 चम्मच एलोवेरा जेल लें और उसमें एक चम्मच अश्वगंधा पाउडर और आधा चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाएं। इसे अच्छी तरह मिक्स करें और मुहांसे वाली जगह पर लगाएं। करीबन 20 मिनट बाद सादे पानी से इसे धो लें।

सेहतमंद बालों के लिए अश्वगंधा

200 मिली नारियल का तेल लें और उसमें आधा कप सूखी अश्वगंधा की जड़ मिलाएं। 2 हफ्ते तक रोजाना एक एयरटाइट जार में धूप में रखें। अब तेल को छान लें। आप इस तेल को सप्ताह में एक या दो बार रात को शैंपू करने से पहले लगाएं। यह बालों को पोषण प्रदान करने के साथ-साथ उसे मुलायम बनाने में मदद करता है और रूसी की समस्या खत्म करता है।