Jyotish Shastra: ज्योतिषी विज्ञान के अनुसार, हर व्यक्ति के जन्म के समय नक्षत्र, ग्रह, राशियों की स्थिति अलग अलग होती है जो व्यक्ति के भविष्य को पूरी तरह से प्रभावित करती है। कुछ व्यक्तियों के जन्म के समय नक्षत्रों की स्थिति इतनी विशेष होती है कि उसकी कुंडली में कई तरह के विशेष योग बनते है जो धनयोग लेकर आते है। इन्हीं योगों में दो योगों को बहुत अधिक महत्वपूर्ण माना गया है। इन दोनों योगों का वर्णन एक साथ किया जाता है क्योंकि इन योगों के बनने की स्थिति एक दूसरे के विपरीत होती है। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार, कुंडली में चक्र और समुद्र योग का बनना बहुत शुभ होता है। कुंडली में ये दोनों योग धन संपदा का संकेत होते हैं। इन दोनों योगों वाले व्यक्ति किसी राजा के समान सुख सुविधाओं वाला जीवन जीते हैं। आज हम इस लेख में पंडित इंद्रमणि घनस्याल से कुंडली में उपस्थित चक्र और समुद्र योग और उनके प्रभावों के बारे में जानेंगे।
चक्र योग बनने की स्थिति और उसका प्रभाव

पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि जब व्यक्ति की कुंडली में लग्न से शुरू होकर 1,3,5,7,9,11 विषम स्थानों पर अन्य सभी ग्रह हो तो ऐसी दशा में कुंडली में चक्र योग बनता है। चक्र योग वाले जातक बहुत अधिक धनवान व बुद्धिमान होते हैं। ऐसे व्यक्ति धनी परिवार में जन्म लेते हैं। साधारण परिवार में जन्म लेने के बाद भी इस योग वाले व्यक्ति अपनी मेहनत और बुद्धि से नाम कमाते हैं और धनी बनते हैं। सफलता प्राप्त करने के लिए ऐसे व्यक्तियों को बहुत अधिक परिश्रम करना पड़ता है, लेकिन अपनी मेहनत के बल पर ऐसे व्यक्ति सबकुछ हासिल कर लेते हैं।
अपने परिवार की आर्थिक उन्नति के लिए चक्र योग वाले व्यक्ति मेहनत करने से कभी भी पीछे नहीं हटते। 20 वर्ष की आयु के बाद समाज में इनका मान सम्मान बढ़ने लगता है। साथ ही चक्र योग वाले व्यक्ति राजनीति के क्षेत्र में भी सफल होते हैं। अपने कार्य में चक्र योग वाले व्यक्ति पूरी तरह से माहिर होते हैं।
समुद्र योग बनने की स्थिति और उसका प्रभाव

ज्योतिषशास्त्र के अनुसार, जब किसी व्यक्ति की कुंडली में लग्न से शुरू होकर सभी 2,4,6,8,10,12 सम स्थानों पर अन्य ग्रह हो तो कुंडली में ग्रहों की यह दशा समुद्र योग की स्थिति बनाती है। समुद्र योग वाले व्यक्ति जन्म से ही किस्मत के धनी होते हैं। इनका जीवन किसी राजा के समान होता है। समुद्र योग वाले व्यक्ति सभी सुख सुविधाओं से युक्त जीवन जीते हैं। ऐसे लोगों के पास धन के साथ साथ अन्य किसी चीज की भी कभी कोई कमी नहीं होती लेकिन ऐसे योग वाले व्यक्ति पैसों को व्यर्थ के कार्यों पर खर्च करते रहते हैं।
हर छोटे बड़े कार्यों में ऐसे लोग पानी की तरह पैसा बहाते हैं। ऐसे लोग व्यापारी अधिक होते हैं। इनका व्यापार देश विदेश तक फैला होता है। यात्रा करना इन्हें बहुत पसंद होता है। सुंदर और शाही तौर तरीके वाली चीजें इन्हें बेहद पसंद आती हैं।
यह भी पढ़ें: नहाने के तुरंत बाद सिंदूर लगाना क्यों होता है वर्जित? जानें धार्मिक कारण और वैज्ञानिक तथ्य: Sindoor Astro
