भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में शादी एक खास अवसर होता है। शादी होने की खुशी आपके जीवन जीने के उत्साह को बढ़ा देती है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि शादी के बाद जिंदगी पूरी तरह से बदल जाती है। कोई खास व्यक्ति आपके जीवन का अहम हिस्सा बनने वाला होता है और जिंदगी की हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा रहने को तैयार रहता है। इसका विचार ही आपके चेहरे पर मुस्कुराहट ला देता है।

शादी किसी के भी जीवन का सबसे खास लम्हा होता है। ज्यादातर लोग अपनी शादी के लिए बहुत से सपने संजोते हैं। हर कोई इस खास दिन को और बेहतर व यादगार बनाना चाहता है। आपकी पसंद और सही चुनाव इस दिन को खास और बजट के अन्दर लाने में खासा सहायक होता है। हिन्दू शादी बिना मंडप के पूरी नहीं होती, क्योंकि ज्यादातर रस्में इसी के अन्दर निभाई जाती हैं। मंडप का सुन्दर होना काफी जरूरी होता है क्योंकि यह आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र रहता है और यही वो जगह होती है जहां दूल्हा और दुल्हन अग्नि के साथ फेरे ले कर शादी के अटूट बंधन में बंध जाते हैं। एक खूबसूरत मंडप शादी के समारोह को और भी खास बना देता है और शादी को कभी न भूलने वाले यादगार लम्हे में तब्दील कर देता है। मंडप सजाते वक्त थीम का खासा ध्यान रखना चाहिए क्योंकि ज्यादातर मंडप इसी पर ही आधारित होते हैं –

गुम्बदाकार मंडप

 गुम्बद के आकार का मंडप भारतीय संस्कृति व सभ्यता का प्रतीक होता है, जो आज भी युवाओं को बहुत आकर्षित करता है। यह इस बात को दर्शाता हैं कि युवा आज भी अपनी संस्कृति से जुड़े हुए हैं और उनकी नैतिकता अब भी बरकरार है। गुम्बद के आकार की वास्तुकला मस्जिद व गुरुद्वारे में देखी जा सकती है जो इस्लाम और सिख धर्म को दर्शाती है। मंडप में चारो ओर खम्बे होते हैं जो शादी की उत्कृष्टता को दर्शाते हैं। गुम्बद को फूलों से सजाया जाता है ताकि उसकी सुंदरता बढ़ाई जा सके। यह गुम्बद आकाश की ओर इशारा करता है जिसे सांकेतिक रूप से जन्नत भी माना जा सकता है। पौराणिक गाथाओं के अनुसार गुम्बद धरती के ऊपर आकाश  की तरह होता है जिसमें चांद और सितारे सज्जित होते हैं।

पारंपरिक मंडप

 

पारंपरिक रूप से सजाया गया मंडप सुनहरे व गुलाबी रंग के हर शेड का मिश्रण होता है जिसमें साटन के पर्दे और खूबसूरती बढ़ाने के लिए फूल लगाए जाते हैं। पारंपरिक अंदाज और आधुनिक डिजाइन का मिश्रण इसे हर हिन्दू रस्म के लिए सबसे उत्तम बना देता है। आकर्षक और खूबसूरत मंडप की डिजाइन एक अच्छी पसंद होती है।

गुलाबी मंडप
गुलाबी शहर कहलाये जाने वाले जयपुर में बने इस शानदार मंडप में नक्काशीदार खम्बे होते हैं जो भगवान गणेश, सरस्वती और लक्ष्मी को संबोधित करते हैं। यह लकड़ी को काट कर उस पर डिजाइन बना कर तैयार किये जाते हैं। इन खम्बों की खास बात है इसमें बनी हुई देवियां जो अन्दर और बाहर से रौशनी पडऩे पर चारों ओर दिखाई देती है जो राजस्थान की संस्कृति का अहसास दिलाती है।

मयूर मंडप

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मोर की डिजाइन का मंडप अपने आप में काफी खास है, जिसकी खूबसूरती बढ़ाने के लिए गोलाकार सुनहरे खम्बे होते हैं। बीच में गुलाबी फूलों से बना बहुत ही खूबसूरत मोर इसको सबसे अलग बना देता है। इस मंडप की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं, इसके सुनहरे खम्बे और गुलाबी फूल, जो कि खासा आकर्षण के केंद्र होते हैं।

राजवाड़ा मंडप

 

राजवाड़ा डिजाइन का मंडप लालित्य और शिष्टता का एहसास दिलाता है। इसे बहुत से फूलों की मदद से सजाया जाता है। राजवाडा मंडप पुराने शाही जमाने की शादियों की याद दिलाता है। इस मंडप में आपकी पसंद के रंग वाले क्रिस्टल लगाये जाते हैं, जो कि बिजली जलने के बाद जगमगा उठते हैं। खम्बों के बीच में चमचमाती लाइट्स और बड़ा प्रवेश द्वार मंडप को अद्भुत बनाता है। इसमें भगवान गणेश की मूर्ति आपका व मेहमानों का स्वागत करती है। मंडप के आजू बाजू आलीशान कुर्सियां व गद्दे लगाए जाते हैं, जो सुन्दरता को और बढ़ा देते हैं। राजवाड़ा मंडप सबसे अलग और आकर्षक होते हैं, जिनमें परंपरा झलकती है। यह मंडप आपके शादी के कपड़ो से मिलते जुलते हुए होते हैं, जो उनको और सुन्दर बना देते हैं। 

(लेखक वेडिंग आर्किटेक्ट और गुड टाइम्स कॉन्सेप्ट्स ईवेन्ट्स के संस्थापक हैं।)