हमारे देश में सास-बहु का रिश्ता बहुत नाजुक होता है। अक्सर यह कहा जाता है कि जब लड़की शादी करती है तो केवल अपने साथी से ही नहीं बल्कि उनके पूरे परिवार से शादी करती है और खासकर उनकी मां से। शादी से पहले हर बेटा सबसे करीब अपनी मां के साथ होता है और शादी होने के बाद उसकी जिन्दगी में दो महिलाएं आ जाती हैं, जिनसे वे बराबर का प्यार करता है। ऐसे में यह बहुत आम होता है कि मां को यह लगने लगे लगता है कि अपने बेटे को खो रही है। यही एक वजह है जिसके कारण सास-बहू के बीच तनातनी चलने लगती है। अगर आप चाहती हैं कि सास के साथ आपके रिश्ते शादी के बाद मधुर बने रहें, तो इन बातों को जरूर अपनाएं-

मिलने से पहले उनके बारे में जान लें :- अगर आप सास से पहली बार मिलने जा रही हैं तो उससे पहले अपने होने वाले पति से उनकी मां की पसन्द, नापसन्द, इत्यादि के बारे में जान लें। इससे आपको अंदाजा हो जायेगा कि आप उनसे किस बारे में बात कर सकती हैं और किस बारे में नही।

उनके साथ शॉपिंग पर जाएं :- सभी महिलाओं में एक चीज समान होती है वो है शॉपिंग करना। अगर आप एक ही मीटिंग में उनके साथ अच्छा रिश्ता बनाना चाहती हैं तो उनके साथ शॉपिंग पर जाएं। हो सकता है आपका यह अनुभव बहुत अच्छा साबित हो। शॉपिंग के दौरान आपको यह बात तो अच्छे से पता चल जाएगी कि उन्हें क्या पसंद और क्या नापसंद है।

उनकी सलाह लें :- अगर आपको कभी किसी मदद की जरूरत हो तो आप उनसे सलाह ले सकती हैं। उन्हें आपका यह भाव बहुत अच्छा लगेगा और साथ ही आपको हो सकता है। बहुत अच्छी सलाह भी मिल जाए। इस बात को ध्यान में रखें कि अगर आप हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी तो वे भी हमेशा आपकी मदद करेंगी।

मिलकर अपने पति की टांग खीचें :- एक मां अपने बच्चे की हर छोटी-छोटी चीजों को दिल में संजोए रखती है। इसलिए आपकी होने वाली सास के पास आपके पति के बारे में बहुत से रोचक किस्से होंगे, जिनके बारे में आप साथ मिलकर बात कर सकती हैं और अच्छा टाइम बिता सकती हैं। यह समय आप दोनों को बहुत करीब ले आएगा।

उनकी हर चीज में हां में हां न मिलाएं :- नई व अच्छी बहू बनने के चक्कर में यह जरूरी नहीं है कि आप उनकी हर चीज को पसन्द करें और हर चीज में उनकी तारीफ करें। कुछ समय बाद उन्हें यह एहसास हो जायेगा कि आप उनकी झूठी तारीफ कर रही हैं। तो खुद को बदलने की जगह जैसी आप हैं वैसी ही रहें।

अपनी बातों को सिंपल रखें :- आप उनसे किसी भी ऐसी चीज पर बात ना करें जो आप दोनों को असुखद महसूस कराए- जैसे उनसे अपने शारीरिक सम्बन्धों या परिवार के अन्य लोगों की समस्याओं के बारे में बात न करें। अपनी बातों को सिंपल और मजेदार रखें। कोई ऐसी बात उनसे ना कहें, जिसको सुनकर उनको दुख हो।

उनकी बातें सुनें :- उनकी बातों को बीच में कभी ना काटें। अगर आप बीच में बोर होने लगें, तब भी इसे अपने चेहरे पर ना आने दें। कोशिश करें कि आप उनकी बातों और जिन्दगी में थोड़ी दिलचस्पी दिखाएं। आपका इस तरह का व्यवहार देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगेगा और वो आगे भी अपनी बातों को आपसे कह सकेंगी।

खाना बनाना बहुत पसन्द है :- हर सास चाहती है कि उसकी बहु को सबसे अच्छा खाना पकाना आता हो। पर यदि आपको पूरी तरह से अच्छा खाना बनाना नहीं आता है तो आप इस समस्या को अपनी सासू मां से बताएं। उनसे आप बोलें कि आप खाना तो बना लेती हैं पर परफेक्ट तरह से नहीं। उनके लिए यह जानना ही बहुत होगा कि आप खाना पका लेती हैं।

उनकी परवरिश की तारीफ करें :- उनके बेटे की तारीफ करें। उन्हें यह बताएं कि उनका बेटा कितना अच्छा है और औरतों की बहुत इज्जत करता है। कैसे वो हर समय अपनी मां की बातें करता रहता है और यह सब उनकी परवरिश के कारण ही सम्भव हुआ है। इस तरह उनको आप पर भी बहुत नाज होगा और आपको पसन्द भी करने लगेंगी।

केवल अपने बारे में बातें ना करें :- सासू मां के सामने अपनी तारीफ ना करें। इस बात का ध्यान रखें कि उनका बेटा आपके साथ केवल इसीलिए है, क्योंकि वह आपको पसंद और ह्रश्वयार भी करता है और यह बात उनकी मां को पहले से ही पता होगी, इसलिए अपने बारे में बड़ी-बड़ी तारीफ ना करें। एक ना एक दिन वो जान जाएंगी कि आप कितनी गुणी हैं।

वाट्सएप पर बातें करें :- जब भी आपके पास समय हो तो उन्हें वाट्सएप पर छोटेे व अच्छे मैसेज भेजें। यह बहुत बड़ी चीज नहीं है लेकिन इनका असर बहुत बड़ा होता है। आपके द्वारा भेजे गए मैसेज से उनको लगेगा कि आप उनसे जुड़ी हुई हैं। मैसेज के अलावा समय निकाल कर दिन में एक बार उनसे फोन पर बात करें ताकि संवाद का तार जुड़ा रहे।

अपने फैसले उन पर ना थोपें :- शादी पक्की होने के बाद इस बात का ध्यान रखें कि अपने फैसले उन पर मत डालें। आपकी शादी कब होनी चाहिये, शादी में क्या कलर थीम होनी चाहिये, आपको कैसे कपड़े पहनने हैं, यह सब फैसले खुद ना लें। इस सब चीजों में उनकी सलाह भी लें, क्योंकि ये भी आपके होने वाले पति की जिन्दगी का एक अहम हिस्सा हैं।

उन्हें नई चीजें सिखाएं :- अगर आप चाहती हैं कि आपकी सास आज की मॉडर्न जिंदगी में पूरी तरह से रंग जाएं तो उन्हें नई-नई चीजों की जानकारी दें जैसे- फोन में नई एप्लिकेशन्स, मेकअप के नए-नए तरीके, कंप्यूटर आदि जैसी चीजें आप उन्हें सिखा सकती हैं। इस तरह का व्यवहार व प्यार सभी मां को बहुत अच्छा लगता है, जब बच्चे उनको नई चीजों की जानकारी देते हैं व उनके कामों में मदद करते हैं।

स्पर्धा करने की कोशिश न करें :- एक मां अपने बच्चे को बड़ा करने के लिए बहुत सी कुर्बानियां देती है। यह एक ऐसी चीज होती है जो एक लड़की तभी समझ पाती है जब वह खुद मां बनती है। उनके पद के लिए कभी भी स्पर्धा करने की कोशिश ना करें। जो आपके पति की मां ने उनके लिए किया है, हो सकता है वो सब आप कभी ना कर पाएं तो बिना नाप तोल किये इस पर ध्यान न दें।

जैसी हैं वैसा ही अपना व्यवहार रखें :- शादी पक्की होने के बाद इस बात का ध्यान रखें कि अपने वास्तविक व्यवहार को उनके आगे पेश करें, ना कि बनावटी व्यवहार को। यह ना भूलें कि अगर आप उनके सामने कुछ और बनने का नाटक करेंगी तो पूरी जिन्दगी यही करना पड़ेगा और आप यह बिलकुल करना नहीं चाहेंगी।

अगला प्लान तैयार रखें :- अब जब आप दोनों एक बार मिल चुकी हैं तो अगला प्लान भी उसी समय बना लें। इस तरह के मेलमिलाप से दोनों लोग एक-दूसरे के साथ धीरे-धीरे कंफर्ट महसूस करने लगेगी, जो आगे के लिए भी आप दोनों के लिए आरामदायक होगा।