Margashirsha Month 2023: हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष माह का विशेष महत्व है। इस माह को अगहन भी कहा जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के खत्म होने के बाद से ही मार्गशीर्ष माह की शुरुआत हो जाती है। इस बार मार्गशीर्ष माह की शुरुआत 28 नवंबर 2023 से हो रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मार्गशीर्ष माह को भगवान श्री कृष्ण का प्रिय महीना माना जाता है। इस माह में पवित्र नदियों में स्नान करने की परंपरा है।
ऐसा कहा जाता है कि मार्गशीर्ष महीने में सतयुग का आरंभ हुआ था। इसलिए इस माह में जप, तप और स्नान का विशेष महत्व है। इस महीने में भगवान श्री कृष्ण को प्रसन्न करने के लिए भक्तजन विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। साथ ही तरह-तरह के उपाय भी करते हैं। इसके चलते आज हम आपको इस लेख के द्वारा उन खास उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं। जिन्हें खासतौर पर मार्गशीर्ष महीने में करने चाहिए, तो चलिए जानते हैं।
गीता का पाठ करें

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मार्गशीर्ष माह में रोजाना गीता का पाठ करना चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि मार्ग शीर्ष महीना भगवान श्री कृष्ण का प्रिय महीना है और इस महीने में गीता का पाठ करने से भगवान श्री कृष्ण का सीधा आशीर्वाद मिलता है।
भगवान श्री कृष्ण की पूजा करें
मार्गशीर्ष माह में तरह-तरह के फूलों, धूपों, नैवेघों तथा आरती करके भगवान श्री कृष्ण को प्रसन्न करना चाहिए। इसके अलावा भगवान श्री कृष्ण को माखन मिश्री अत्यंत प्रिय है। इसलिए रोजाना माखन मिश्री में तुलसी दल डालकर भोग लगाना चाहिए। ऐसा करने से सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है।
तुलसी पूजा करें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्री कृष्ण को तुलसी अत्यंत प्रिय है। इसलिए इस महीने में विशेष तौर पर तुलसी को जल अर्पित करें और पूजा करें। साथ ही भगवान श्री कृष्ण के भोग में तुलसी के पत्तों को जरूर रखें। इसके अलावा पत्तों को प्रसाद की तरह ग्रहण करना चाहिए।
पवित्र नदियों में स्नान करें
मार्गशीर्ष महीने में पवित्र नदियों में स्नान करने का विशेष महत्व है। पुराणों के अनुसार इस महीने में कम से कम तीन दिन तक ब्रह्म मुहूर्त में किसी पवित्र नदी में स्नान करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। इसके अलावा स्त्रियों के लिए यह स्नान अपने पति की लंबी उम्र के लिए और स्वास्थ्य के लिए बहुत शुभ माना जाता है।
इस मंत्र का जाप करें
मार्गशीर्ष माह भगवान श्री कृष्ण का प्रिय महीना माना जाता है। इसलिए इस महीने में भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद पाने के लिए ‘ओम नमो भगवते वासुदेवाय’ इस मंत्र का 108 बार माला का जाप करें। ऐसा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती है।
