Digha Jagannath Temple: उड़ीसा के पुरी जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर के दीघा में भी जगन्नाथ मंदिर बनाया गया है। यह मंदिर बंगाल में समुद्र के किनारे 20 एकड़ में फैला है और 213 फुट ऊंचा हैं। साथ ही इस मंदिर के शिखर की ऊंचाई 65 मीटर है। यहाँ भगवान जगन्नाथ के साथ उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की पूजा की जाएगी। इस मंदिर में अश्वदार, हस्तिद्वार, व्याघ्रद्वार, सिंहद्वार बनाए गए हैं। इस मंदिर की नक्काशी कलिंग शैली में की गई है।
ये हैं मंदिर से जुड़ीं खास बातें

- दीघा के जगन्नाथ मंदिर को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के तर्ज पर तैयार किया गया है। यह मंदिर 20 एकड़ जमीन पर तैयार किया गया है।
- दीघा जगन्नाथ मंदिर के चार हिस्से हैं, भोग मंडप, नाट मंदिर, जगमोहन और गर्भगृह हिस्सा।
- इस मंदिर को बनाने के लिए राजस्थान के गुलाबी पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है और फर्श पर वियतनाम से आए मार्बल लगाए गए हैं।
- दीघा जगन्नाथ मंदिर में जगन्नाथ देव, बलभद्र व देवी सुभद्रा की पूजा की जाएगी। इन तीनों की मूर्तियाँ पत्थर से बनाई गईं हैं।
- मंदिर के शिखर की ऊंचाई लगभग 65 मीटर है और इसके भोग मंडप में चार द्वार और सोलह स्तंभ बनाए गए हैं।
- इस मंदिर के हर दरवाजे को चक्र, शंख और कमल के फूल से सजाया गया है। साथ ही गुंबद से लेकर दरवाजों पर रंग-बिरंगी लाइटें भी लगाई गईं हैं।
- पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तरह ही दीघा के जगन्नाथ मंदिर के ऊपर शाम के समय हर दिन झंडा फहराया जाएगा।
यहाँ भी होगी हर साल रथयात्रा

इस मंदिर के सफलतापूर्वक उद्घाटन के बाद बंगाल सरकार हर साल रथ यात्रा आयोजित करने की भी योजना बना रही है। इस मंदिर की पहली रथ यात्रा जून के महीने में आयोजित होने की संभावना है। इस रथ यात्रा में इस्तेमाल होने वाले रथ पहले से ही तैयार किए जा चुके हैं।
कैसे पहुंचें दीघा जगन्नाथ मंदिर

रेल मार्ग से – ट्रेन के द्वारा दीघा जगन्नाथ मंदिर पहुँचने के लिए खड़गपुर रेलवे स्टेशन से दीघा स्टेशन के लिए आपको आराम से ट्रेन मिल जाएगी। इन दोनों स्टेशनों के बीच की दूरी तकरीबन 109 किलोमीटर है। इसके अलावा हावड़ा स्टेशन से दीघा स्टेशन के लिए आपको सीधी ट्रेन भी मिल जाएगी।
सड़क मार्ग से – कोलकाता के धर्मतल्ला बस स्टैंड से आपको आराम से दीघा जगन्नाथ मंदिर के लिए बसें मिल जाएंगी। ये बसें ओल्ड दीघा होकर दीघा तक जाती हैं। बस से आपको मंदिर तक पहुँचने के लिए कोई परेशानी नहीं होगी।
हवाई मार्ग से – दमदम हवाई अड्डे से दीघा की दूरी लगभग 109 किलोमीटर है। दमदम से आप कैब व टैक्सी लेकर दीघा पहुंच सकते हैं। दीघा गेट से मंदिर की दूरी 3 किलोमीटर की है। आप दीघा गेट से मंदिर पैदल भी जा सकते हैं। अगर आपको पैदल चलने में परेशानी है तो आपको यहाँ ई-रिक्शा की सुविधा भी मिल जाएगी। आप ई-रिक्शा से यहाँ पहुँच सकते हैं।
