Balcony Incident
Balcony Incident

Balcony Incident: बीते कुछ दिनों से नोएडा के कई निवासी अपने घरों की बालकनियों से गमले और हैंगिंग प्लांट्स हटाते नज़र आ रहे हैं। वजह? एक ऐसी घटना जिसने हर माता-पिता का दिल दहला दिया। पुणे में पिछले महीने एक मासूम बच्चा, जो अपने दोस्तों के साथ सोसाइटी में खेल रहा था, अचानक एक फूलदान की चपेट में आ गया, वह फूलदान एक बालकनी की मुंडेर पर रखा गया था और गिरते ही उस नन्हें सिर पर मौत बनकर टूटा।

यह सिर्फ एक हादसा नहीं था। यह एक चेतावनी थी उन सभी लोगों के लिए जो बालकनी को सजाने के चक्कर में कभी गमले, कभी पुराने सामान या कभी-कभी पालतू जानवरों के कटोरे तक वहां रख देते हैं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद नोएडा अथॉरिटी ने एक एडवाइजरी जारी किया है, जिसमें बालकनी की मुंडेर पर कोई भी वस्तु रखने से सख्त मना किया गया है।

गुड़गांव और गाज़ियाबाद में भी ऐसे ही निर्देश दिए गए हैं। गाज़ियाबाद में जिला मजिस्ट्रेट ने अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन को पत्र लिखकर कहा कि एयर कंडीशनर की बाहरी यूनिट सुरक्षित ढंग से लगी होनी चाहिए और बालकनी की ग्रिल या रेलिंग में कोई दरार या ढीलापन हो तो तुरंत मरम्मत की जाए।

safety in balcony
safety in balcony

बालकनी घर का हिस्सा है, जहां हम ताजगी पाना चाहते हैं, बच्चों को खेलते देखना चाहते हैं, चाय की चुस्कियों में दिन ढलता देखना चाहते हैं। पर जब वही बालकनी मौत का कारण बन जाए, तो क्या यह सोचने का समय नहीं है?

बालकनी की मुंडेर पर कुछ भी न रखें

चाहे वो हल्का फूलदान हो या कोई सजावटी आइटम। हवा, बारिश या बच्चों की शरारत उसे गिरा सकती है।

हैंगिंग प्लांट्स की सुरक्षा जांचें

अगर आप हैंगिंग गमले लगाते हैं तो उनकी रस्सी, हुक और पकड़ को समय-समय पर चेक करें।

एयर कंडीशनर यूनिट की फिटिंग पक्की कराएं

ढीली यूनिट गंभीर हादसों का कारण बन सकती है और बुरी परिस्थिति पैदा कर सकती है।

बालकनी रेलिंग की मजबूती जांचें

छोटे बच्चों के लिए रेलिंग का गैप जानलेवा हो सकता है, उसमें जाली या नेट लगवाएं।

बच्चों को सतर्क करें

उन्हें सिखाएं कि बालकनी में ऊपर चढ़ना, रेलिंग से झांकना या वहां खेलना खतरनाक है।

पड़ोसियों को जागरूक करें

एक-दूसरे को याद दिलाएं कि सुंदरता से ज़्यादा ज़रूरी है सुरक्षा।

जब बच्चा पार्क में होता है, स्कूल जाता है, या बस सोसाइटी में खेलता है हम मन ही मन दुआ करते हैं कि वह सही-सलामत घर लौट आए। पुणे वाले बच्चे की कहानी सिर्फ एक खबर नहीं, एक सवाल है कि क्या एक फूलदान की सजावट, एक जीवन से कीमती है?

सोनल शर्मा एक अनुभवी कंटेंट राइटर और पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया, प्रिंट और पीआर में 20 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने दैनिक भास्कर, पत्रिका, नईदुनिया-जागरण, टाइम्स ऑफ इंडिया और द हितवाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया...