मेरी पत्नी को 7 महीने का गर्भ है। उसके गर्भाशय के बाहरी हिस्से में एक फाइब्रॉयड है। क्या इससे बच्चे को कोई समस्या हो सकती है या यह बच्चे को किसी भी प्रकार से प्रभावित कर सकता है? प्रसव के बाद इसके उपचार की प्रक्रिया क्या है? क्या इस फाइब्रॉयड को हटाने के लिए ऑपरेशन कराना आवश्यक है या इसका कोई अन्य विकल्प भी है?
– मनीष सरकार, कोलकाता
गर्भावस्था में फाइब्रॉयड कई समस्याएं पैदा कर सकता है। इससे गर्भावस्था में रेड डीजेनेरेशन हो सकता है जिसके कारण तेज दर्द हो सकता है और रोगी को अस्पताल में भर्ती कराने और इलाज की जरूरत पड़ सकती है। फाइब्रॉयड बच्चे के जन्म के सामान्य रास्ते में बाधा पैदा कर सकता है और महिला को सीजेरियन प्रसव कराने की जरूरत पड़ सकती है। इसके बड़े आकार के कारण गर्भवती महिला को परेशानी हो सकती है। याद रखें अब सीजेरियन के समय ही सीजेरियन मायोमेक्टॉमी की जा सकती है यानी फाइब्रॉयड को आसानी से निकाला जा सकता है। कोई भी स्त्री रोग विशेषज्ञ यह प्रक्रिया कर सकती है ताकि बच्चे के जन्म के बाद अन्य लैप्रोस्कोपी सर्जरी की जरूरत न पड़े। इसलिए यदि आपकी पत्नी को किसी भी कारण से सीजेरियन कराने की जरूरत पड़े तो अपने डॉक्टर से सीजेरियन के साथ-साथ फाइब्रॉयड निकालने के लिए भी अनुरोध करें।
यह भी जानें-
मेनोपॉज़ के दौरान अनियमतताओं से परेशान हूं, कौन सी जॉच कराऊं?
