मेरी उम्र 24 है। मैं शादी के 11 महीने बाद गर्भवती हुई थी। लेकिन दो महीने बाद जब सोनोग्राफी कराई तो पता चला कि बच्चे का विकास नहीं हुआ है और हार्ट बीट भी नहीं आई है। डाक्टर ने डीएनसी कराने की सलाह दी। इसके बाद सभी तरह के ब्लड टेस्ट हुए। डाक्टर ने कुछ दिन रुक कर गर्भधारण करने को कहा। लेकिन अब मुझे फिर से गर्भधारण के नाम पर डर लग रहा है।
– अविनाश सलूजा, नई दिल्ली
 
गर्भपात होना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन इस बात को लेकर आश्वस्त रहें कि यह एक दुर्घटना मात्र थी जो पहले तीन महीने के दौरान घटित हो सकती है। इस तरह की घटना एनेप्लायडी (भ्रूण में किसी विकार) के कारण होती है, जो दोबारा नहीं होती है। हालांकि अगर आप चिंतित हैं तो अपने और अपने पति के ब्लड टेस्ट करा सकती हैं, ताकि पूर्व की घटना के दोबारा होने की आशंका का निवारण हो सके। इसके अलावा आप अपना अल्ट्रासाउंड भी करवा सकती हैं। इससे गर्भ से संबंधित विकारों का पता लग सकेगा और उनके आधार पर इलाज हो सकेगा।