Family Planning: नए साल की शुरुआत में लोग कई चीजों की प्लानिंग करते हैं। इनमें करियर, घर, शादी, और यहां तक कि पेरेंटहुड का सपना भी शामिल होता है। शादीशुदा कपल्स अक्सर एक निश्चित समय के बाद परिवार बढ़ाने की योजना बनाते हैं। यह फैसला पूरी तरह कपल्स की आपसी सहमति और तैयारियों पर निर्भर करता है। अगर आप भी इस साल प्रेग्नेंसी प्लान कर रहे हैं, तो यह जरूरी है कि आप शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को तैयार करें। सही डाइट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ डॉक्टर की सलाह लेना भी बेहद जरूरी है।
संतुलित वजन बनाए रखना

गर्भधारण में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है असंतुलित वजन। अधिक वजन से महिलाओं में अंडाशय और फैलोपियन ट्यूब की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। यह गर्भावस्था में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। वजन को नियंत्रित रखने के लिए पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें। डाइट में खजूर, घी, दूध, चावल, मूंग दाल और बादाम शामिल करें। ये चीजें पुरुषों और महिलाओं दोनों के प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार करती हैं।
ओवुलेशन पीरियड का ध्यान रखें
ओवुलेशन पीरियड मासिक धर्म चक्र के बीच में आता है और प्रेग्नेंसी के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है। मासिक धर्म के दो सप्ताह पहले इस अवधि में संबंध बनाने से गर्भधारण की संभावना 60-70% तक बढ़ जाती है। इस समय अंडाशय से अंडा निकलता है, जो निषेचन के लिए तैयार होता है। इसलिए अपने ओवुलेशन पीरियड को समझने और उसके अनुसार योजना बनाने के लिए अपने मासिक धर्म चक्र को ट्रैक करना जरूरी है।
मासिक धर्म नियमित होना चाहिए
गर्भधारण के लिए मासिक धर्म का नियमित होना आवश्यक है। अगर मासिक धर्म अनियमित है, तो यह ओवुलेशन और गर्भधारण को प्रभावित कर सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और इस समस्या का समाधान निकालें।
गर्भ निरोधकों का प्रयोग बंद करें
अगर आप प्रेग्नेंसी की योजना बना रही हैं, तो गर्भनिरोधक दवाओं का सेवन कम से कम एक साल पहले बंद कर दें। ये दवाएं आपके हार्मोनल संतुलन को प्रभावित कर सकती हैं और गर्भधारण में बाधा बन सकती हैं। गर्भधारण की संभावना बढ़ाने के लिए हफ्ते में दो से तीन बार नियमित संबंध बनाने की सलाह दी जाती है।
गर्भपात से बचें
पहली गर्भावस्था को बनाए रखना प्रजनन स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। पहली बार गर्भपात कराने से भविष्य में गर्भधारण में कठिनाई हो सकती है। अगर आप गलती से गर्भवती हो गई हैं और बच्चा नहीं चाहतीं, तो जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं
गर्भधारण की योजना बनाते समय संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन पर ध्यान दें। जंक फूड और अत्यधिक कैफीन से बचें। पर्याप्त नींद लें और योग और ध्यान का अभ्यास करें।
सही समय पर, सही योजना और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए आप इस नए साल में पेरेंटहुड के सफर की शुरुआत कर सकती हैं।
