Overview:
लोग विटामिन सी पर फोकस करते हैं। हालांकि विटामिन सी की जब बात आती है तो लोगों के जहन में पहली तस्वीर नींबू की ही उभरकर आती है। लेकिन असल में ऐसी और कई चीजें हैं, जो विटामिन सी से भरपूर हैं।
Vitamin C Rich Foods: शरीर के लिए जरूरी विटामिन्स की जब भी बात आती है तो विटामिन सी का नाम जरूर लिया जाता है। यह विटामिन न सिर्फ आपको अंदर से मजबूत बनाता है, बल्कि बाहर से खूबसूरती भी देता है। यह स्किन के लिए फायदेमंद होता है। यही कारण है कि लोग विटामिन सी पर फोकस करते हैं। हालांकि विटामिन सी की जब बात आती है तो लोगों के जहन में पहली तस्वीर नींबू की ही उभरकर आती है। लेकिन असल में ऐसी और कई चीजें हैं, जो विटामिन सी से भरपूर हैं। आइए जानते हैं कि डाइट में किन सुपरफूड्स को शामिल करने से आपको विटामिन सी मिल सकता है।
इसलिए जरूरी है विटामिन सी

सबसे पहले जानते हैं कि शरीर के लिए विटामिन सी क्यों जरूरी है। यह एक एंटीऑक्सीडेंट है, जो कोशिकाओं को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाता है। इसी के साथ यह शरीर में आयरन के अवशोषण में मददगार होता है। विटामिन सी हड्डियों के साथ ही मांसपेशियों और रक्त वाहिकाओं को भी सेहतमंद रखता है। शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ ही विटामिन सी हृदय को स्वस्थ रखने में मददगार होता है।
यह कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करता है। विटामिन सी स्किन के लिए बेहद फायदेमंद होता है। यह त्वचा के लिए एंटी एजिंग का काम करता है।
विटामिन सी की कमी से होगा ये
शरीर में विटामिन सी के कमी के कारण कई समस्याएं हो सकती हैं। सबसे अहम और आम समस्या है एनीमिया। इसके कारण कई बार घाव भी देरी से भरते हैं। इसी के साथ मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होना, मसूड़ों से खून आना जैसी परेशानियां हो सकती हैं। विटामिन सी शारीरिक ही नहीं मानसिक सेहत के लिए भी जरूरी है। इसकी कमी से आपको डिप्रेशन, चिड़चिड़ापन, उदासी और हर वक्त थकान महसूस हो सकती है। इसलिए अगर आप मजबूत, ऊर्जावान, खूबसूरत और स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो अपने नियमित आहार में विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों को जरूर शामिल करना चाहिए।
डाइट में शामिल करें ये
आयुर्वेदिक डॉक्टर डॉ. दीक्सा भावसार सावलिया ने पिछले दिनों अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर लोगों को बताया कि नींबू और संतरे के अलावा भी ऐसी कई चीजें हैं, जो विटामिन सी से भरपूर हैं, लेकिन लोग इनके विषय में जानते नहीं हैं। डॉ. दीक्सा के अनुसार नींबू के साथ ही आंवला, अमरूद, धनिया पत्ती, कीवी, संतरे और यहां तक कि हरी मिर्च भी विटामिन सी का अच्छा सोर्स हैं। हालांकि ज्यादातर लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती है।
किसमें कितना विटामिन सी
अगर आप चाहते हैं कि आपके शरीर में विटामिन सी की कमी न हो तो सर्दियों के मौसम में अमरूद जरूर खाने चाहिए। क्योंकि इसमें काफी मात्रा में विटामिन सी होता है। 100 ग्राम अमरूद में करीब 228 एमजी विटामिन सी होता है। वहीं इतनी ही मात्रा में हरी मिर्च में 111 एमजी विटामिन सी पाया जाता है। कीवी को हमेशा से ही विटामिन सी का अच्छा स्रोत माना जाता है, जबकि इसमें अमरूद और हरी मिर्च के मुकाबले काफी कम विटामिन सी होता है। 100 ग्राम कीवी में करीब 75 एमजी विटामिन सी मिल पाता है। वहीं संतरे में करीब 59 एमजी इस विटामिन की होती है। आमतौर पर लोग नींबू को विटामिन सी का सबसे अच्छा सोर्स मानते हैं, हालांकि 100 ग्राम नींबू में 53 एमजी विटामिन सी होता है। विटामिन सी के लिए सुपर फूड कहा जा सकता है आंवला। 100 ग्राम आंवले में करीब 600 एमजी विटामिन सी होता है। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपके शरीर में विटामिन की कमी न हो तो इन सभी सुपरफूड्स को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।
