Mother’s Day Special: मदर्स डे यानी मां का दिल भले ही साल में एक बार सेलिब्रेट किया जाए लेकिन इससे यह सच्चाई नहीं छिपती है कि यदि मां हमारे जीवन में ना हो तो शायद हम सांसें लेने के काबिल ही ना बन सके। हालांकि, यह भी एक बड़ा सच है कि मां को पहचान देने के लिए सिर्फ एक दिन नहीं बल्कि साल के सभी दिनों की जरूरत होती है। लेकिन यदि कोई एक दिन मां के लिए सुनिश्चित किया जाए तो इसमें गलत भी कुछ नहीं है। इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म पर वेब सीरीज का जलवा है तो हम भला ओटीटी प्लेटफॉर्म की मांओं को भला कैसे भूल सकते हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कई ऐसी मांएं नजर आई हैं, जिन्होंने एक मजबूत और प्यारी मां की तस्वीर को साकार किया है। तो फिर देर किस बात की आइए नजर डालते हैं ओटीटी प्लेटफॉर्म की मजबूत और प्यारी मांओं पर एक नजर।
१) शील चौधरी, माई

अपने बच्चे की मौत का बदला लेने वाली इस शो में शील चौधरी का किरदार साक्षी तंवर ने निभाया था, जिन्होंने इस किरदार में जान डाल दी। साक्षी तंवर ने भारतीय धारावाहिकों में भले ही एक नाजुक मां का किरदार अदा किया है लेकिन “माई” में शील चौधरी का किरदार निभाकर उन्होंने मां की एक नई तस्वीर को साकार करने का काम किया है। शील चौधरी एक ऐसी मां है, जो ना केवल अपने परिवार का ध्यान रखती है बल्कि पारिवारिक कलह से बचने के लिए परिवार के बड़ों का सम्मान भी करती है। लेकिन बात जब उसकी बेटी के मर्डर की आती है, जिसे एक्सीडेंट कहकर प्रस्तुत किया जा रहा था तो वह एक ऐसी महिला के रूप में बदल जाती है जिसे किसी भी चीज से खौफ नहीं है। शील चौधरी का किरदार हमें यह बताता है कि जब बच्चे को अपनी मां की जरूरत होती है तो वह एक शेरनी में बदल सकती है।
२) अनामिका आनंद, द फ़ेम गेम
माधुरी दीक्षित ने अनामिका आनंद किरदार में मानो जान ही डाल दी, जो वेब सीरीज “द फ़ेम गेम” की मुख्य किरदार थी। अनामिका आनंद एक नामी एक्ट्रेस होने के बावजूद अपने बच्चों के लिए हमेशा उपलब्ध रही है। अपने बच्चों को हमेशा सही सलाह देने से पीछे नहीं रही है और हमेशा उन्हें यह बताती रहती है कि फेमस होने का मतलब सिर्फ सबके बीच खास बनना नहीं है बल्कि फेमस होना खतरनाक भी हो सकता है। अपने बच्चों को इस सच्चाई से वाकिफ कराती है हमेशा केंद्र में बने रहना बड़ा मुश्किल काम है। अनामिका आनंद का अपना बेटा उसे अपनी सेक्सुअलिटी से संबंधित सच्चाई बताता है तो वह सुनिश्चित करती है कि चाहे उसके बेटे की सेक्सुअलिटी जो भी हो वह हमेशा उसे प्यार करेगी और उसकी सुरक्षा के लिए मौजूद रहेगी।
3) आर्या, आर्या
अब तक “आर्या” वेब सीरीज के दो सीजन आ चुके हैं, जिसमें मेन लीड निभाने में सुष्मिता सेन ने कोई कसर नहीं छोड़ी। आर्या के किरदार में सुष्मिता सेन ने एक ऐसा काम किया है, जो सालों तक लोगों को याद रहेगा। आर्य एक ऐसी महिला है, जो अपने बच्चों की सुरक्षा करने के लिए तेजतर्रार महिला के रूप में बदल जाती है। जब उसका परिवार बिखरने लगता है तो वह उनकी ढाल बनती है और सब को साथ रखने के लिए हर संभव कोशिश भी करती है। अपने पति के मृत्यु के बाद भी वह अपना साहस और धैर्य नहीं खोती है और अपने बच्चों को अकेले पालने की कोशिश में कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहती है।
४) डॉक्टर गौरी नाथ, ह्यूमन

डॉक्टर गौरी नाथ के रोल में टिस्का चोपड़ा ने कमाल का अभिनय किया है, जो हर समय अपने बेटे के प्यार और ध्यान के लिए तरसती रहती है। अपने बड़े बेटे की देखभाल वह इस जतन से करती है कि उसके परिणाम में उसका छोटा बेटा अपने बड़े भाई से ईर्ष्या करने लगता है। डॉक्टर गौरी नाथ का छोटा बेटा उसे नफरत करता है लेकिन इससे डॉक्टर गौरी नाथ के प्यार में कोई कमी नहीं आती है और वह हमेशा उसके लिए बेहतर ही चाहती रही है। वह अपने छोटे बेटे को हर संभव प्यार और ध्यान देने की कोशिश करती है, वो भी इस उम्मीद में कि वह एक दिन उसे माफ कर देगा।
५) शांति मिश्रा, गुल्लक

शांति मिश्रा यानी बिट्टू की मम्मी एक परंपरागत भारतीय मां है, जो अपने घर परिवार का खूब ध्यान रखती है और उनकी खुशी की कोशिश में लगी रहती है। अधिकतर मांओं की तरह सबके लिए खाना बनाना, घर की सफाई करना और बच्चों का ध्यान रखना वह पसंद करती है। शांति मिश्रा की जिंदगी का एक सबसे अहम लक्ष्य यह है कि उसकी कोशिश रहती है कि उसके बच्चे और परिवार के अन्य लोग कभी भी भूखे नहीं रहे और ना ही थके हुए रहे। शांति मिश्रा की यही कोशिश रहती है कि उसके बच्चे अपने जीवन में सफल बनें, जो कि हर एक आम मां की चाहत रहती है। शांति मिश्रा की सादगी और काम करने का अंदाज एक आम महिला से जुड़ा है, जो शांति मिश्रा के किरदार को खास बनाता है।
