Overview:
बाथरूम में क्रीम्स रखना एक बहुत ही आम आदत है। अक्सर लोग ऐसा अपनी सुविधा के लिए करते हैं। साथ ही बाथरूम में क्रीम का ढेर लग्जरी भी दिखाता है।
Sunscreen on Bathroom: सेहतमंद रहने के लिए अक्सर लोग खाने और एक्सरसाइज पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन वे छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना भूल जाते हैं। जबकि बाथरूम में की गई एक गलती आपको बीमार बना सकती है। चिंता की बात ये है कि अक्सर लोग इसके बारे में जानते ही नहीं हैं। अगर आप भी इससे अनजान है तो आज ही इसे सुधारें।
आप बाथरूम में रखते हैं यह क्रीम

बाथरूम में क्रीम्स रखना एक बहुत ही आम आदत है। अक्सर लोग ऐसा अपनी सुविधा के लिए करते हैं। साथ ही बाथरूम में क्रीम का ढेर लग्जरी भी दिखाता है। लेकिन अगर इनमें सनस्क्रीन क्रीम भी शामिल है तो संभल जाएं। क्योंकि सेहत के लिहाज से ऐसा करना बिलकुल गलत है। डेली मेल की एक रिपोर्ट में मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट एड रॉबिन्सन ने बताया कि बाथरूम में सनस्क्रीन रखना जानलेवा भी हो सकता है। क्योंकि इससे कैंसर से बचाव की क्षमता कम हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार गर्म भाप से सनस्क्रीन में मौजूद सुरक्षात्मक तत्व नष्ट हो सकते हैं। ऐसे में ये त्वचा को पूरी सुरक्षा नहीं दे पाते हैं। जिससे यूवी किरणों से नुकसान की आशंका बढ़ जाती है। और स्किन कैंसर का जोखिम ज्यादा हो सकता है।
सही तरीके से लगाएं सनस्क्रीन
साल 2015 में ब्रिटेन में हुए एक सर्वे में सामने आया कि 58 प्रतिशत लोग ‘सन टेरेस’ के बारे में नहीं जानते। ऐसे में उससे सुरक्षा करना भी भूल जाते हैं। उन्हें पता ही नहीं होता है कि चेहरे के साथ ही शरीर के दूसरे अंगों जैसे नाक, कान, कंधे, हाथ और पैर-तलवे पर भी सनस्क्रीन क्रीम जरूर लगानी चाहिए। तभी आपको हानिकारक किरणों से पूरी सुरक्षा मिल पाती है। यूगोव के सर्वे के अनुसार लोग सनस्क्रीन क्रीम को लेकर जागरूक हैं, फिर भी 45 प्रतिशत लोग इसका उपयोग नहीं करते हैं। स्किन कैंसर फाउंडेशन के अनुसार जिन लोगों को पांच या इससे ज्यादा बार सनबर्न होता है, उनमें स्किन कैंसर मेलेनोमा का खतरा दोगुना तक बढ़ सकता है।
ऐसे पता लगाएं खराब हो गया सनस्क्रीन
कई बार सनस्क्रीन खराब हो जाता है। लेकिन लोग इसपर ध्यान नहीं देते हैं। सुरक्षित रहने के लिए सनस्क्रीन क्रीम यूज करने से पहले इसे जरूर जांच लें। सनस्क्रीन को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर रखें। इसे सीधी धूप या ज्यादा तापमान में नहीं रखना चाहिए। आमतौर पर बाथरूम का तापमान कमरे से ज्यादा होता है। इससे सनस्क्रीन के सक्रिय तत्व खराब हो सकते हैं। अगर सनस्क्रीन पहले से ज्यादा पतला हो गया है या इसमें गांठें पड़ गई हैं तो उसका उपयोग न करें। इसी के साथ अगर इसमें दुर्गंध आ रही हो, रंग पहले से गहरा होने लगे, सफेद की जगह सनस्क्रीन का रंग पीला होने लगे तो इसे तुरंत बदल लें। बेस्ट बिफॉर डेट जरूर जांच लें।
कुछ सावधानियां जरूर रखें
सनस्क्रीन क्रीम को कभी-कभी कार के डैशबोर्ड या ग्लव बॉक्स में नहीं रखना चाहिए। क्योंकि इससे सनस्क्रीन खराब हो सकता है। ये स्किन पर जलन और एलर्जी का कारण बन सकता है। गर्मी के मौसम में सनस्क्रीन लगाना जरूरी है। कम से कम 30 एसपीएफ वाला सनस्क्रीन यूज करें। ये आपका सूरज की हानिकारक किरणों यूवीए और यूवीबी से बचाव करता है। यूवीबी किरणें त्वचा की बाहरी परत एपिडर्मिस पर पड़ती हैं। यही सनबर्न का सबसे बड़ा कारण भी है। वहीं यूवीए किरणें स्किन की गहराई में जाकर उसे नुकसान पहुंचाती हैं। ये दोनों ही स्किन कैंसर का प्रमुख कारण हैं।
