Summary: “दो दीवाने शहर में” सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ नजर आएंगी मृणाल ठाकुर
मृणाल ठाकुर के बारे में कहा जा रहा था कि वह वैलेंटाइन डे पर एक्टर धनुष के साथ शादी करने जा रही हैं, जो आकर बीत भी गया। जल्दी ही “दो दीवाने शहर में” में नजर आने वाली मृणाल ने इन अफवाहों को हंसी में उड़ाया।
Mrunal Thakur Reaction: एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर की फिल्म “दो दीवाने शहर में” जल्दी ही रिलीज होने वाली है लेकिन उन्हें इसके लिए कम और शादी के लिए पब्लिसिटी ज्यादा मिल रही है। धनुष के साथ मृणाल की शादी की अफवाह इतनी तेजी से फैल रही है कि मृणाल को यह फ्री की पब्लिसिटी सुहाने लगी है। तभी तो मृणाल ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी उन्हें इस तरह की पब्लिसिटी नहीं मिलती।
मृणाल ठाकुर की शादी धनुष के साथ
मृणाल ठाकुर की नई फिल्म “दो दीवाने शहर में” के रिलीज होने में बस कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी कथित शादी को लेकर खूब चर्चा चल रही है। यह अफवाह चल रही थी कि वह वैलेंटाइन डे पर एक्टर धनुष के साथ शादी करने जा रही हैं। मजे की बात तो यह है कि वैलेंटाइन डे आया, बीत भी गया, लेकिन शादी की खबर महज अफवाह ही साबित हुई।
शादी की खबरों पर क्या कहा मृणाल ठाकुर ने?
जल्दी ही फिल्म “दो दीवाने शहर में” में नजर आने वाली मृणाल ठाकुर ने हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि जब उन्होंने ये बातें सुनीं तो उन्हें गुस्सा नहीं, बल्कि हंसी आई। मृणाल ने कहा, “जब सही समय आएगा, मैं खुद अपनी जिंदगी से जुड़ी इस खुशखबरी को शेयर करूंगी।” मृणाल ने आगे कहा कि अब तक उन्होंने पीआर टीम नहीं रखी थी। लेकिन जब उनके घर का पता सार्वजनिक हो गया तो उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए एक पीआर टीम रखनी पड़ी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जितनी पब्लिसिटी इन अफवाहों से मिली, उतनी शायद करोड़ों रुपये खर्च करने पर भी नहीं मिलती।
दिलचस्प बात यह है कि अपनी आने वाली फिल्म “दो दीवाने शहर में” में वह एक ऐसी लड़की का किरदार निभा रही हैं, जो अरेंज मैरिज के लिए पार्टनर की तलाश में है।
मुश्किल है दक्षिण भारतीय और हिंदी फिल्मों में संतुलन बनाना
मृणाल ने आगे यह भी कहा कि दक्षिण भारतीय सिनेमा और हिंदी फिल्मों के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं है। उन्होंने इसे “संन्यासी” जीवन कहा, जिसमें एक व्यक्ति को पूर्ण समर्पण करने की जरूरत पड़ती है। उन्होंने अपने शादीशुदा दोस्तों का हवाला देते हुए कहा कि वे कहते हैं हम तुम्हारी जिंदगी के बारे में सोच नहीं सकते, और मैं कहती हूं कि मैं उनकी जिंदगी की कल्पना भी नहीं कर सकती।
मृणाल का काम पर है फोकस
मृणाल ने साफ कहा कि अभी उनके लिए सबसे अहम है अपने काम पर ध्यान देना। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा, “यदि मैं अभी इन बातों में अपनी एनर्जी लगाऊंगी, तो अपने करियर पर फोकस नहीं कर पाऊंगी”। 20 फरवरी को थिएटर में रिलीज होने वाली फिल्म “दो दीवाने शहर में” में मृणाल ठाकुर, सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन रवि उदयवार ने किया है और संजय लीला भंसाली इसके प्रोड्यूसर हैं।

