Aloe Vera for Sunburn: गर्मी का मौसम आ चुका है और इस मौसम में स्किन के लिए सबसे अधिक जरूरी होता है सन प्रोटेक्शन। गर्मी के दिनों में सूरज में बहुत अधिक तपिश होती है, जिसके कारण अगर आप गलती से भी सनस्क्रीन लगाना भूल जाते हैं, तो स्किन बुरी तरह से डैमेज हो जाती है। सूरज की धूप से सनबर्न होना बेहद आम है।
सनबर्न होने पर हम तरह-तरह की क्रीम्स व स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अगर आप नेचुरल तरीके से अपनी स्किन की केयर करते हुए सनबर्न को ठीक करना चाहते हैं तो ऐसे में एलोवेरा का इस्तेमाल करना एक अच्छा विचार है। एलोवेरा को उसके कूलिंग गुणों के लिए जाना जाता है और इसलिए यह समर स्किन केयर रूटीन का हिस्सा होना ही चाहिए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको सनबर्न होने पर एलोवेरा के इस्तेमाल के लाभों के बारे में बता रहे हैं-
ऐसे होता है सनबर्न

जब आपका शरीर पराबैंगनी अर्थात् यूवी किरणों के संपर्क में आता है, तो यह खुद को बचाने के लिए अधिक मेलेनिन बनाता है। मेलेनिन एक नेचुरल स्किन पिगमेंट है जो इसे रंग देता है। अधिक मेलेनिन के कारण स्किन टैन होती है। लेकिन यह भी सुरक्षा सीमित है। इसके बाद आपको सनबर्न हो सकता है। आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि आपके शरीर का कोई भी हिस्सा जो यूवी प्रकाश के संपर्क में है, जल सकता है। इसमें आपकी स्किन ही नहीं, बल्कि स्कैल्प, होंठ, आंखें और इयरलोब भी शामिल हैं। यदि आप खुद को कवर करके बाहर निकलते हैं, तो कपड़े कुछ हद तक धूप से बचाव कर सकते हैं, लेकिन उस समय भी सनबर्न होने की संभावना रहती है।
एलोवेरा से कम होता है दर्द व सूजन

सनबर्न होने पर दर्द, रेडनेस व सूजन आदि की समस्या होती है। लेकिन जिसके कारण व्यक्ति को काफी अनकंफर्टेबल फील होता है। ऐसे में ताजा एलोवेरा का जेल निकालकर लगाने से काफी राहत मिलती है। दरअसल, एलोवेरा में एलोइन नामक एक कंपाउंड पाया जाता है, जो एंटी- इन्फ्लामेट्री लाभ पहुंचाता है। इसके अलावा पौधे में ब्रेड काइनेज भी होता है, जो स्किन पर लगाने पर सूजन को कम करता है।
कोलेजन प्रोडक्शन को बूस्ट अप करता है एलोवेरा

जब आप एलोवेरा को अपनी स्किन पर लगाते हैं, तो यह कोलेजन को बूस्ट अप करने में मदद करता है। ऐसे में ना केवल आपकी स्किन अधिक यंग और फर्म बनती है, बल्कि इससे सनबर्न को भी हील करने में काफी मदद मिलती है। दरअसल, रूखी स्किन में सनबर्न और भी अधिक परेशानी भरा हो सकता है।
स्किन को मॉइश्चराइज करने हील करता है एलोवेरा

एलोवेरा केवल अपने सूदिंग गुणों के लिए ही नहीं जाना जाता है, बल्कि इसमें स्किन को मॉइस्चराइज करने के गुण भी होते हैं। ऐसे में जब आप इसे अपनी स्किन पर लगाते हैं, तो यह सनबर्न के कारण होने वाली स्किन पीलिंग को रोकने में मदद करते हैं। एलोवेरा में म्यूको पॉलीसेकेराइड नामक पदार्थ होते हैं, जो आपकी त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करते हैं।
सैलिसिलिक एसिड के कारण फायदेमंद है एलोवेरा

एलोवेरा में कई्र कंपाउंड पाए जाते हैं और इन्हीं में से एक है सैलिसिलिक एसिड। यह ना केवल एक एंटी- इन्फ्लामेट्री है, बल्कि एंटीसेप्टिक भी है। जिसका अर्थ है कि यह संक्रमण को रोकने के साथ-साथ दर्द को कम कर सकता है।
सनडैमेज से लड़ते हैं एलोवेरा में मौजूद विटामिन

एलोवेरा में विटामिन ए, सी, और ई सहित कई विटामिन होते हैं। यह एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो सन डैमेज को कम करने के लिए फ्री रेडिकल्स को बेअसर कर सकते हैं।
ऐसे करें एलोवेरा का इस्तेमाल

यूं तो आजकल मार्केट में एलोवेरा जेल व एलोवेरा लोशन मार्केट में मिलते हैं, लेकिन अगर आपके घर में एलोवेरा प्लांट है, तो आप इसका फ्रेश जेल निकालकर सीधे उसे ही स्किन पर लगाएं। इसके लिए आप इन स्टेप्स को फॉलो करें।
- सबसे पहले एलोवेरा का पत्ता तोड़ लें और उसके कांटे अलग कर लें।
- अब पत्ते को बीच में से काट लें और चम्मच की मदद से उसका जेल निकाल लें।
- अब स्किन को क्लीन करके उसे हाथों की मदद से प्रभावित स्थान पर या पूरे चेहरे पर लगाएं।
- बेहद ही हल्के हाथों से मसाज करें और कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
- अंत में, पानी की मदद से स्किन को साफ कर लें।
- आप दिन में कई बार इसे लगा सकती हैं या फिर चाहें तो रात को स्किन पर लगाकर उसे रातभर के लिए छोड़ दें।
इन बातों का रखें ध्यान

जब आप सनबर्न को हील करने के लिए स्किन पर एलोवेरा लगा रहे हैं, तो आपको कुछ बातों का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए-
- एलोवेरा में प्राकृतिक एंजाइम होते हैं, जो समय के साथ त्वचा पर हल्का एक्सफोलिएटिंग प्रभाव डाल सकते हैं, इसलिए सुनिश्चित करें कि इसे अधिक न लगाएं।
- मार्केट में मिलने वाले एलोवेरा लोशन या जेल में इस्तेमाल होने वाले किसी अन्य तत्व से एलर्जी की प्रतिक्रिया होने की संभावना रहती है। इसलिए जहां तक हो सके, फ्रेश एलोवेरा जेल ही लगाएं।
- एलोवेरा जेल को अपनी पूरी स्किन पर लगाने से पहले एक छोटे से क्षेत्र पर एक पैच टेस्ट करें और एक या दो घंटे प्रतीक्षा करें। अगर कुछ नहीं होता है, तो आप इसे लगा सकते हैं। वहीं, यदि आपको एलोवेरा से एलर्जी की प्रतिक्रिया होती है, तो इसका उपयोग तुरंत बंद कर दें।
- एलोवेरा का बेहतर उपयोग करने के लिए आप जेल निकालकर उसे कुछ देर फ्रिज में रख दें। इससे आपको सनबर्न वाले एरिया पर अधिक राहत मिलेगी।
- यूं तो एलोवेरा लगाने से कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है, लेकिन अगर इसे लगाते समय आप गलती से कच्चा खा लेते हैं, तो इससे पेट में ऐंठन, दस्त या कब्ज की समस्या हो सकती है।
