A turban clad sardar singing a song holding a mike in hand
Diljit Dosanjh’s historic Dil-Luminati Tour generated Rs 943 crore in revenue

Summary: दिलजीत दोसांझ के लाइव इवेंट्स से 1,18,000 से ज्यादा लोगों को मिला रोजगार

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का ‘दिल-लुमिनाटी’ टूर 2024 भारत के सबसे सफल कॉन्सर्ट टूर में से एक बनकर उभरा है। एक रिपोर्ट के अनुसार इस टूर से भारतीय अर्थव्यवस्था को करीब 943 करोड़ रुपये का फायदा हुआ।

Dil-Luminati Tour: पंजाबी संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके दिलजीत दोसांझ ने साल 2024 में अपने शानदार ‘दिल-लुमिनाटी’ टूर के जरिए न सिर्फ संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर किया, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। यह टूर भारत में अब तक का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला कॉन्सर्ट टूर बन गया है। इससे न सिर्फ भारतीय अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचा, बल्कि हजारों की संख्या में लोगों को रोजगार भी मिला। 

ईवाई की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिलजीत दोसांझ के 2024 के ‘दिल-लुमिनाटी’ टूर ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़िया फायदा पहुंचाया। रिपोर्ट के अनुसार, ‘दिल-लुमिनाटी’ टूर से कुल मिलाकर लगभग 943 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न हुआ। इसमें करीब 276 करोड़ रुपये प्रत्यक्ष आय के रूप में सामने आए, जबकि लगभग 553 करोड़ रुपये का लाभ अप्रत्यक्ष खर्चों से हुआ।

इन अप्रत्यक्ष खर्चों में यात्रा, पर्यटन, होटल उद्योग, खान-पान सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स और स्थानीय विक्रेताओं से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं। जब किसी शहर में बड़े पैमाने पर कॉन्सर्ट आयोजित होते हैं, तो वहां आने वाले लोग होटल में ठहरते हैं, लोकल ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते हैं और शहर की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाते हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

‘दिल-लुमिनाटी’ टूर के दौरान दिलजीत दोसांझ ने भारत के कई बड़े शहरों में अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस टूर की शुरुआत राजधानी नई दिल्ली से हुई और इसके बाद यह अलग-अलग शहरों तक पहुंचा। इन शहरों में हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख स्थान शामिल थे। हर जगह दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और टिकटें कुछ ही समय में बिक गईं। टूर का समापन गुवाहाटी में आयोजित भव्य कॉन्सर्ट के साथ हुआ, जहां दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ इसे इन्जॉय किया।

दिलजीत दोसांझ के इस टूर की सफलता में डिजिटल टिकटिंग प्लेटफॉर्म की अहम भूमिका रही। बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से टिकट खरीदे। कहा जा रहा है कि देशभर में करीब 3 लाख 20 हजार से अधिक टिकटों की बिक्री हुई। हालांकि, इस दौरान टिकटों की ब्लैक में बिक्री की खबरें भी सामने आई थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भविष्य में इस समस्या पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण पाया जाए, तो ऐसे बड़े आयोजनों से होने वाली आय और भी ज्यादा बढ़ सकती है।

‘दिल-लुमिनाटी’ टूर की एक खास उपलब्धि यह भी रही कि इसने बड़ी संख्या में लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए। रिपोर्ट के अनुसार, इस टूर से लाइव इवेंट इंडस्ट्री और उससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में लगभग 1,18,000 लोगों को काम मिला। इनमें इवेंट मैनेजमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी स्टाफ, खान-पान सेवाएं, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय विक्रेताओं से जुड़े लोग शामिल थे। इस तरह यह टूर केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कई परिवारों की आजीविका का माध्यम भी बना।

दिलचस्प बात यह है कि इस टूर में शामिल होने वाले दर्शकों में लगभग 49 प्रतिशत लोग टियर-2 और टियर-3 शहरों से थे। यह इस बात का संकेत है कि अब छोटे शहरों के लोग भी बड़े म्यूजिक ईवेंट पर खर्च करने के लिए तैयार हैं।

Subscribe GL

स्पर्धा रानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज ने हिन्दी में एमए और वाईएमसीए से जर्नलिज़्म की पढ़ाई की है। बीते 20 वर्षों से वे लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट लेखन में सक्रिय हैं। अपने करियर में कई प्रमुख सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू...