Iranian Stars Dominate Bollywood
Iranian Stars Dominate Bollywood

Overview: बॉलीवुड में ईरानी सितारों का जलवा

ईरान-इजरायल तनाव के बीच बॉलीवुड के ईरानी कलाकारों की चर्चा तेज है। 'सेक्रेड गेम्स' फेम एलनाज नोरौजी के अलावा मंदाना करीमी, 'टाइगर जिंदा है' के विलेन सज्जाद डेलाफ्रूज और दिग्गज अभिनेता आगा ईरानी मूल के हैं। वहीं जॉन अब्राहम और बोमन ईरानी का परिवार भी ईरानी जोरोस्ट्रियन समुदाय से ताल्लुक रखता है।

Iranian Stars Dominate Bollywood: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और हालिया अंतरराष्ट्रीय घटनाओं ने बॉलीवुड के उन कलाकारों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है, जिनका सीधा संबंध ईरान (Iran) से है। अभिनेत्री एलनाज नोरौजी द्वारा ईरानी नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर खुशी जाहिर करने वाले पोस्ट के बाद, फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि हिंदी सिनेमा में और कौन-कौन से सितारे ईरानी मूल के हैं। हिंदी सिनेमा का इतिहास ईरानी कलाकारों के बिना अधूरा है। चाहे वह 70 के दशक के मशहूर कॉमेडियन आगा हों या आज के दौर के जॉन अब्राहम, इन सितारों की जड़ें ईरान से जुड़ी हुई हैं। हाल ही में ‘सेक्रेड गेम्स’ फेम एलनाज नोरौजी के बयानों ने इस चर्चा को और हवा दे दी है।

अभिनेता ‘आगा’: 300 फिल्मों का शानदार सफर

बॉलीवुड के शुरुआती दौर में ईरानी मूल के सबसे बड़े कलाकार आगा (Agha) थे। 1935 से 1986 के बीच उन्होंने लगभग 300 फिल्मों में काम किया। वे अपनी बेहतरीन कॉमेडी के लिए जाने जाते थे। फिल्म ‘शोले’ के सदाबहार गाने “महबूबा महबूबा…” में उन्हें हेलन के साथ थिरकते हुए देखा गया था। उनके पिता ईरान से आकर पुणे में बस गए थे, और बाद में आगा काम की तलाश में मुंबई (तब बॉम्बे) आए और यहीं के सुपरस्टार बन गए।

एलनाज नोरौजी और मंदाना करीमी: आधुनिक दौर की पहचान

आज के दौर में कई अभिनेत्रियां ईरान से आकर बॉलीवुड में नाम कमा रही हैंl

एलनाज नोरौजी : पिछले 9 सालों से सक्रिय एलनाज ‘सेक्रेड गेम्स’ में जोया मिर्जा के किरदार से मशहूर हुईं। वे मूल रूप से ईरानी हैं और हाल ही में ईरान की राजनीतिक स्थिति पर अपने बेबाक बयानों के कारण सुर्खियों में हैं। एलनाज का जन्म तेहरान (ईरान) में हुआ, लेकिन वे जर्मनी में पली-बढ़ीं। उनके पास जर्मन पासपोर्ट है, जो उन्हें ईरान सरकार की पाबंदियों से थोड़ा सुरक्षित रखता है। जब वे भारत आईं, तो उन्हें ‘नमस्ते’ के अलावा कुछ नहीं पता था। उन्होंने 1 साल तक रोज 4 घंटे हिंदी सीखी ताकि वे अपनी फिल्मों में खुद डबिंग कर सकें। वे पहली ऐसी बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं जिन्होंने ईरान में ‘हिजाब विरोध प्रदर्शन’ (Anti-Hijab Protest) के दौरान कपड़े उतारकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया था।

मंदाना करीमी : तेहरान (ईरान) में जन्मीं मंदाना ने ‘क्या कूल हैं हम 3’ और ‘भाग जॉनी’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वे ‘बिग बॉस’ और ‘लॉकअप’ जैसे रियलिटी शोज का भी हिस्सा रही हैं। मंदाना का परिवार अभी भी तेहरान में रहता है। उन्होंने कई बार इंटरव्यू में बताया है कि ईरान में बॉलीवुड फिल्में ‘ब्लैक’ में देखी जाती हैं और वहां के लोग अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के दीवाने हैं।

सज्जाद डेलाफ्रूज: ‘टाइगर’ का खतरनाक विलेन

सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ में विलेन अबू उस्मान का किरदार निभाने वाले सज्जाद डेलाफ्रूज भी ईरानी मूल के हैं। उन्होंने वेब सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स’ में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है।

जॉन अब्राहम और बोमन ईरानी ईरान से गहरा नाता

बॉलीवुड के इन दो दिग्गज अभिनेताओं का जन्म तो भारत में हुआ, लेकिन इनकी जड़ें ईरान में हैं:

जॉन अब्राहम : जॉन की मां ईरानी पारसी (Zoroastrian) हैं, जबकि उनके पिता केरल के सीरियन क्रिश्चियन हैं। जॉन अक्सर अपनी ईरानी विरासत का जिक्र करते हैं। जॉन की मां फिरोजा ईरानी हैं। जॉन अक्सर कहते हैं कि उनकी फिटनेस और लंबी कद-काठी उनके ईरानी जींस की देन है। वे फारसी (Persian) भाषा भी थोड़ी-बहुत समझ लेते हैं।

बोमन ईरानी : बोमन का जन्म मुंबई के एक ईरानी पारसी परिवार में हुआ था। उनकी संस्कृति और जड़ें पूरी तरह से ईरान के जोरोस्ट्रियन समुदाय से जुड़ी हुई हैं। मुंबई में ‘ईरानी कैफे’ और बेकरी इन्हीं परिवारों की पहचान हैं। बोमन खुद दक्षिण मुंबई में अपनी मां के साथ एक ‘ईरानी वेफर शॉप’ चलाते थे। 40 साल की उम्र के बाद बॉलीवुड में आने वाले बोमन ने अपनी जड़ों को कभी नहीं भुलाया। वे आज भी पारसी-ईरानी समुदाय के सबसे बड़े वैश्विक चेहरों में से एक हैं।

Subscribe GL

मैं रिचा मिश्रा तिवारी पिछले 12 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हूं। विभिन्न न्यूज चैनल के साथ काम करने के अलावा मैंने पीआर और सेलिब्रिटी मैनेजमेंट का काम भी किया है। इतने सालों में मैंने डायमंड पब्लिकेशंस/गृह लक्ष्मी, फर्स्ट...