Summary : एस्पिरेंट्स 3 की रिलीज डेट आई सामने, जानें कब और कहां देख पाएंगे नया सीजन
‘एस्पिरेंट्स’ सीजन 3 का इंतजार खत्म होने वाला है। फैंस अब जान सकते हैं कि नया सीजन कब रिलीज होगा और किस प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किया जाएगा।
Aspirants 3 Release: TVF की वेब सीरीज़ का क्रेज़ हर बार दर्शकों के दिलों पर छा जाता है। पंचायत और गुल्लक जैसी पसंदीदा कहानियों के बीच एक शो ऐसा भी रहा, जिसने लोकप्रियता के मामले में अलग ही पहचान बना ली एस्पिरेंट्स। अपनी सच्चाई के करीब लगने वाली कहानी और इमोशनल कनेक्ट की वजह से इस सीरीज़ ने लोगों का भरपूर प्यार बटोरा और IMDb पर 9.1 की दमदार रेटिंग हासिल कर ली, जो इसे बाकी शोज़ से भी आगे ले जाती है। फैंस के लिए अब बड़ी अपडेट सामने आ चुकी है, क्योंकि प्राइम वीडियो ने एस्पिरेंट्स के तीसरे सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। नया सीजन कब रिलीज होगा और आप इसे किस प्लेटफॉर्म पर देख पाएंगे— आइए जानते हैं पूरी डिटेल।
कब और कहां रिलीज होगी सीरीज़?
प्राइम वीडियो ने अपनी पॉपुलर हिंदी ड्रामा सीरीज़ एस्पिरेंट्स के तीसरे सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह सीजन 13 मार्च को भारत समेत पूरी दुनिया में स्ट्रीम होगा। इस शो को द वायरल फीवर ने प्रोड्यूस किया है और इसका निर्देशन दीपेश सुमित्रा जगदीश ने किया है।
सीरीज़ की स्टार कास्ट
सीरीज़ में एक बार फिर नवीन कस्तुरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सनी हिंदुजा, नमिता दुबे और टेंगम सेलिन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि जतिन गोस्वामी इस सीजन में नई एंट्री के तौर पर दिखाई देंगे।
नए सीरीज़ की कहानी क्या है
इस बार कहानी दो टाइमलाइन में आगे बढ़ती है। प्रेज़ेंट में डीएम अभिलाष पर संदीप ओझा के आरोपों के चलते जांच शुरू हो जाती है, जिससे उसके रिश्तों और करियर पर खतरा मंडराने लगता है। वहीं पास्ट में आईआरएस बनने के बाद युवा अभिलाष एक आखिरी बार आईएएस की तैयारी करने का फैसला करता है।
एस्पिरेंट्स के पहले वाले सीज़न की कहानियां
TVF की सीरीज़ एस्पिरेंट्स का पहला सीजन दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे तीन दोस्तों— अभिलाष, गुरी और एसके— की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमता है। कहानी दो अलग-अलग समय में चलती है। एक तरफ उनके स्टूडेंट लाइफ का संघर्ष, कोचिंग कल्चर, सपनों का दबाव और दोस्ती में आने वाली दरारें दिखाई गई हैं, तो दूसरी ओर वर्तमान में एक आईएएस अधिकारी बन चुके अभिलाष की तन्हा जिंदगी और पुराने दोस्तों से बदले रिश्तों की झलक मिलती है। सीरीज़ में संदीप भैया एक ऐसे मेंटर के रूप में सामने आते हैं, जो असफलता के बाद भी हार न मानने और लगातार मेहनत करते रहने का हौसला देते हैं।
साल 2021 में आया था ‘एस्पिरेंट्स’ का पहला सीजन
एस्पिरेंट्स की शुरुआत साल 2021 में हुई थी, जब इसका पहला सीजन यूट्यूब पर रिलीज किया गया और देखते ही देखते यह युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया। इसके बाद 2023 में TVF इस हिट सीरीज़ का दूसरा सीजन लेकर आया, जिसे भी दर्शकों ने उतना ही प्यार दिया। लगातार मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स ने दोनों ही सीजन को बड़ी सफलता दिलाई।

