Summary: पहले प्रयास में UPSC क्रैक करने वाली सृष्टि देशमुख कौन हैं?
UPSC देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है, जिसमें हर साल लाखों अभ्यर्थी बैठते हैं, लेकिन सफल कुछ ही होते हैं। सृष्टि जयंती देशमुख ने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 5 हासिल कर यह कर दिखाया।
IAS Srushti Jayant Deshmukh: UPSC की परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं, लेकिन सफलता कुछ ही लोगों को मिल पाती है। इस परीक्षा के तीन चरण होते हैं—प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू। इन तीनों को पास करने के बाद ही उम्मीदवार IAS, IPS और IFS जैसे प्रतिष्ठित पदों तक पहुंचते हैं। ऐसे में अगर कोई अभ्यर्थी पहले ही प्रयास में इस परीक्षा को क्रैक कर ले, तो यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि होती है। ऐसा ही कर दिखाया सृष्टि जयंती देशमुख ने, जिन्होंने अपने पहले ही अटेम्प्ट में UPSC पास कर शानदार ऑल इंडिया रैंक हासिल की। उनकी सफलता की कहानी आज भी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। आखिर उन्होंने कैसे तैयारी की? वे कहां की रहने वाली हैं? और उनकी स्ट्रैटेजी क्या थी? आइए जानते हैं आपके हर सवाल का जवाब।
कौन है सृष्टि देशमुख ?
सृष्टि जयंती देशमुख का जन्म 28 मार्च 1995 को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुआ था। उनके पिता पेशे से इंजीनियर हैं, जबकि उनकी मां स्कूल में टीचर रह चुकी हैं। सृष्टि ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भोपाल के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल से पूरी की। पढ़ाई में शुरू से ही तेज रहीं सृष्टि ने 10वीं में शानदार अंक हासिल किए और 12वीं बोर्ड में 93 प्रतिशत से अधिक नंबर लेकर अपनी मेहनत साबित की। इसके बाद उन्होंने लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी, भोपाल से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की।
कैसे की सृष्टि ने UPSC की तैयारी
इंजीनियरिंग की पढ़ाई करते समय ही सृष्टि जयंती देशमुख ने तय कर लिया था कि उन्हें सिविल सर्विस में जाना है। कॉलेज के फाइनल ईयर से ही उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू कर दी। उनका ऑप्शनल सब्जेक्ट सोशियोलॉजी था। वह रोज करीब 6–7 घंटे पढ़ाई करती थीं। करंट अफेयर्स के लिए रोज अखबार पढ़ती थीं और टीवी पर न्यूज व चर्चा कार्यक्रम भी देखती थीं, जिससे उनकी तैयारी मजबूत होती गई।
सृष्टि का खुद से किया मजबूत वादा
सृष्टि जयंती देशमुख ने मन बना लिया था कि अगर वह पहले प्रयास में सफल नहीं होंगी तो फिर UPSC की परीक्षा दोबारा नहीं देंगी। हालांकि उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने साल 2018 में अपने पहले ही अटेम्प्ट में सिविल सेवा परीक्षा पास कर ऑल इंडिया रैंक 5 हासिल की। इतना ही नहीं, वह महिला उम्मीदवारों में भी टॉपर रहीं, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
सृष्टि की शादी
पर्सनल लाइफ की बात करें तो सृष्टि जयंती देशमुख ने अपने ही बैच के IAS अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा से शादी की है। दोनों ने साल 2018 में UPSC पास किया था। उनकी मुलाकात ट्रेनिंग के दौरान हुई, जहां धीरे-धीरे दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता शादी में बदल गया। एक ही सर्विस में होने की वजह से दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं और हमेशा सपोर्ट करते हैं।
सृष्टि की जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट
सृष्टि की लाइफ में टर्निंग प्वाइंट तब आया, जब उनके पति डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा का नाम एक खनन मामले को लेकर सुर्खियों में आया। उन पर आरोप लगा कि उन्होंने एक कंपनी पर लगाए गए बड़े जुर्माने को काफी कम कर दिया। हालांकि उन्होंने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनका फैसला पूरी तरह नियमों के अनुसार था। इस विवाद के बाद सृष्टि जयंती देशमुख भी फिर से खबरों में आ गईं, लेकिन उनकी UPSC में मिली सफलता और कड़ी मेहनत आज भी लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा बनी हुई है।

