Summary: बिना वीडियो वर्जन के “टॉक्सिक” का पहला गाना 'तबाही' हुआ रिलीज
यश और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म “टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स” का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज हो चुका है, लेकिन इसे केवल ऑडियो वर्जन में जारी किया गया है।
Toxic Song Tabahi: “टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स” ने आखिरकार अपने पहले गाने ‘तबाही’ से दस्तक दे दी है। जब से इस फिल्म की घोषणा हुई है, तभी से दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। खासतौर पर यश और कियारा आडवाणी की केमिस्ट्री को लेकर सोशल मीडिया पर अलग ही हलचल थी। ऐसे में इस फिल्म के पहले गाने ‘तबाही’ का रिलीज होना किसी सरप्राइज से कम नहीं था, लेकिन यह सरप्राइज कुछ दर्शकों के लिए अधूरा भी साबित हुआ। ऐसा इसलिए क्योंकि यूट्यूब पर रिलीज 4 मिनट 26 सेकंड के इस गाने के साथ विजुअल्स नहीं हैं।
“टॉक्सिक” का गाना ‘तबाही’
“टॉक्सिक” फिल्म के गाने ‘तबाही’ के रिलीज से पहले फैन्स को उम्मीद थी कि उन्हें यश और कियारा की सिजलिंग ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री का पूरा वीडियो देखने को मिलेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि फिल्म के पोस्टर में कियारा का ग्लैमरस अंदाज और यश का रफ-टफ लुक, दोनों मिलकर एक अलग ही कहानी बयान करते नजर आए। लेकिन जब ‘तबाही’ रिलीज हुआ तो सामने आया सिर्फ इसका ऑडियो वर्जन। वीडियो की जगह यश और कियारा के पोस्टर को फिक्स कर दिया गया।
फैंस हुए निराश

फैंस बिना वीडियो वाले गाने को देखकर निराश भी हुए। एक ने लिखा, “म्यूज़िक वीडियो के लिए वोट करें, मुझे वीडियो चाहिए”। एक अन्य ने लिखा, “फैंस कहें : वीडियो कहां है? यश कहें : क्यों हिला डाला ना?”। ऐसे कमेंट्स से यूट्यूब का कमेंट सेक्शन भरा पड़ा है।
‘तबाही’ की आवाज
4 मिनट 26 सेकंड के इस ‘तबाही’ गाने को विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। म्यूजिक कंपोजिशन भी उनका ही है। इस गाने को राज शेखर ने लिखा है। म्यूजिक प्रोडक्शन विशाल मिश्रा, बिटुपोन बोरूआ, कंदर्पा कलिता और त्रिहांगकु लहकर का है। संगीत की धुनें गहरी और थोड़ी डार्क फील लिए हुए हैं, जो फिल्म के गैंगस्टर ड्रामा जॉनर के साथ मेल खाती हैं। गाने के रिलीज होने के 40 मिनट के भीतर इसे 2 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं।
“टॉक्सिक” का शानदार पोस्टर
कल यानी 1 मार्च 2026 को इस फिल्म का पोस्टर रिलीज किया गया, जिसमें समंदर किनारे यश और कियारा की इंटेंस झलक ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी थीं। इस पोस्टर में समंदर किनारे एक-दूसरे में खोए यश और कियारा की झलक रोमांस और रहस्य का मिश्रण पेश करती है। दोनों की आंखों में गहराई है, जैसे कोई अनकही कहानी हो। यही इंटेंसिटी फिल्म की टोन का संकेत देती है। कियारा इस फिल्म में ‘नादिया’ के किरदार में हैं, जो पोस्टर में यश को थामे नजर आ रही हैं।
“टॉक्सिक” फिल्म की कहानी
“टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स” फिल्म का निर्देशन गीतु मोहनदास ने किया है। ‘टॉक्सिक’ एक गैंगस्टर एक्शन ड्रामा है, जिसकी कहानी 1940 से 1970 के दशक के बीच गोवा की पृष्ठभूमि में रची गई है। इस दौर में सत्ता, अपराध और रिश्तों के समीकरण तेजी से बदल रहे थे। फिल्म में यश और कियारा के अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इतनी मजबूत स्टारकास्ट के साथ उम्मीदें और भी बढ़ जाती हैं।
19 मार्च को 6 भाषाओं में रिलीज हो रही है “टॉक्सिक”
इस फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेजी भाषा में एक साथ शूट किया गया है। साथ ही इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु व मलयालम में भी रिलीज किया जाएगा। 19 मार्च को थिएटर में रिलीज होने जा रही ‘टॉक्सिक’ का मुकाबला उसी दिन रिलीज हो रही “धुरंधर: द रिवेंज” से होगा, जिसमें रणवीर सिंह नजर आएंगे। बॉक्स ऑफिस पर इस टक्कर को लेकर दोनों फिल्मों के फैंस के बीच उत्साह है।


