Summary: कुनिका सदानंद ने बेटे को घसीटने पर जताई कड़ी आपत्ति
बिग बॉस 19 के खत्म होने के बाद भी कंटेस्टेंट्स के बीच सोशल मीडिया पर तकरार जारी है। जान कुमार सानू की एक अप्रत्यक्ष टिप्पणी ने विवाद को और हवा दी, जिसके बाद कुनिका सदानंद ने निजी और पारिवारिक सीमाएं पार किए जाने पर कड़ा रुख अपनाया।
Jaan Kumar and Kunickaa Controversy: “बिग बॉस 19” भले ही खत्म हो गया है लेकिन इससे जुड़े विवाद कम होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। हालिया विवाद तान्या मित्तल और कुनिका सदानंद के साथ कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू का है। जबसे तान्या के फैंस ने कुनिका के खिलाफ कुछ अभद्र कमेंट किये, उसके बाद कुनिका ने तान्या के फैंस को बुरा-भला कहा। इस विवाद में कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू भी कूद पड़े और उन्होंने कुनिका को मजाक कह दिया।
कुनिका सदानंद को मजाक कहा जान कुमार सानू ने

जान कुमार सानू का एक सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि इंडस्ट्री में जिसे “मजाक” समझा जाता है, उसे गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लिखा, “तान्या मित्तल के सभी फैन जो मुझे DM कर रहे हैं कि कोई उनके बेटे और फरहाना के नाम पर उन्हें परेशान कर रहा है, मेरी आपके लिए बस यही सलाह है कि इंडस्ट्री में जिसे मजाक समझा जाता है, उसे गंभीरता से न लें। मुझे दोनों कंटेस्टेंट, फरहाना और तान्या पसंद हैं। जो खुद मजाक बनी है उसको गंभीरता से नहीं लीजिए। हर हर महादेव।”
कुनिका सदानंद और तान्या मित्तल के बीच तनातनी
दरअसल, यह पूरा मामला “बिग बॉस 19” से जुड़ा हुआ है, जिसके होस्ट सलमान खान थे और जिसके विजेता गौरव खन्ना थे। शो खत्म होने के बावजूद इसके कंटेस्टेंट्स के बीच तनातनी और सोशल मीडिया बहसें अभी भी सुर्खियां बटोर रही हैं। हाल ही में कुनिका सदानंद ने तान्या मित्तल के कुछ फैंस पर आरोप लगाया कि वे उनके खिलाफ आपत्तिजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं। कुनिका ने खास तौर पर उन चर्चाओं पर आपत्ति जताई जिनमें उनकी निजी जिंदगी और कथित पुराने रिश्तों को उछाला गया।
बेटे को घसीटे जाने पर भड़कीं कुनिका
विवाद ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब एक सोशल मीडिया यूजर ने कुनिका के बेटे की तस्वीर शेयर करते हुए उसकी तुलना सिंगर कुमार सानू से कर दी। यह तुलना कुनिका को बिल्कुल सही नहीं लगी। उन्होंने तुरंत रिएक्शन देते हुए कहा कि उनके बेटे को इसमें बिल्कुल भी शामिल नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने “पर्सनालिटी राइट्स” का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि इसके कानूनी परिणाम भी हो सकते हैं।
कुनिका ने तान्या मित्तल पर उठाया सवाल
कुनिका ने यह भी सवाल उठाया कि तान्या मित्तल अपने फैंस को मर्यादा में रहने की सलाह क्यों नहीं देती हैं। उनका कहना था कि यदि कोई पब्लिक फोरम पर इमोशनल पोस्ट शेयर कर सकता है, तो अपने सपोर्टर्स को धैर्य धरने की अपील भी कर सकता है।
फैंस के आरोप और कुनिका का पलटवार
सोशल मीडिया पर तान्या के एक फैन ने कुनिका पर एंटी तान्या पोस्ट रीट्वीट करने का आरोप लगाया और उन्हें “विक्टिम कार्ड” न खेलने की नसीहत दी। इस पर कुनिका ने सख्त लहजे में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी अपने इंटरव्यू में तान्या के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं की। कुनिका ने यह भी दावा किया कि उन्हें शो के कुछ फुटेज भेजे गए थे, जिनमें उनके बारे में काफी कुछ था, लेकिन उन्होंने कभी सबके सामने उन पर कमेंट नहीं किया क्योंकि वह इसे गेम का हिस्सा मानती हैं।
