Summary: अदा शर्मा का नया चेहरा देख घबरा गए फैंस, बोलीं– सांस लेना मुश्किल था
अपकमिंग फिल्म के लुक टेस्ट के दौरान अदा शर्मा को करीब दो घंटे तक भारी प्रोस्थेटिक मेकअप में सांस लेने में परेशानी हुई, जिसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया।
Adah Sharma Viral Video: ‘द केरल स्टोरी’ फेम एक्ट्रेस अदा शर्मा सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान रखती हैं। कभी अजीबोगरीब चैलेंज, कभी फनी वीडियो तो कभी ज्ञान की बातें, अदा अपने फैंस को लगातार कुछ नया दिखाती रहती हैं। इस बार उन्होंने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने न सिर्फ लोगों को चौंकाया बल्कि बॉलीवुड की एक यादगार फिल्म की भी याद दिला दी।
अदा शर्मा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपनी अपकमिंग फिल्म के लुक टेस्ट का वीडियो पोस्ट किया है। इस क्लिप को देखने के बाद कई यूजर्स को पा में अमिताभ बच्चन का मेकअप याद आ गया। वजह साफ है वीडियो में दिख रहा है कि अदा के चेहरे पर भारी प्रोस्थेटिक मेकअप किया जा रहा है।
चेहरे पर सफेद पट्टियां, लिक्विड लेयरिंग और नया रूप
वीडियो में अदा शर्मा के चेहरे पर पहले सफेद पट्टियों से लेयरिंग की जाती है। इसके बाद कई तरह के लिक्विड और मटीरियल लगाए जाते हैं, जिससे धीरे-धीरे गोरिल्ला जैसे चेहरे का लुक तैयार किया जा रहा है। यह पूरा प्रोसेस आसान नहीं था।
इस लुक को बनाने में अदा और उनकी टीम को पूरे दो घंटे लगे। इतने लंबे समय तक चेहरे को ढका रखने के कारण अदा को सांस लेने में भी परेशानी हुई। वीडियो में साफ दिखता है कि यह लुक टेस्ट उनके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
“एक्टर बनना है तो सांस लेना छोड़ दो”
वीडियो के साथ अदा शर्मा ने जो कैप्शन लिखा, उसने सबका ध्यान खींच लिया। उन्होंने मजाकिया लेकिन सच्चे अंदाज में लिखा, “एक्टर बनना है तो सांस लेना छोड़ दो। नया साल, नया चेहरा। नया साल, नया काल, वही हाल। फोन उठाना मेरी क्षमता के बाहर है और ये लगातार 2 घंटे तक रहा है। मैं गंभीर रूप से क्लॉस्ट्रोफोबिक हूं, लेकिन प्यार के लिए क्या करना पड़ता है?”
इस कैप्शन से साफ झलकता है कि अदा को इस लुक के दौरान काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। इसके बावजूद उन्होंने अपने काम और एक्टिंग के प्रति जुनून को प्राथमिकता दी।
यूजर्स ने दीं मज़ेदार प्रतिक्रियाएं
अदा शर्मा के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई लोग उनकी हिम्मत और डेडिकेशन की तारीफ कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “मेरा तो वीडियो देखकर ही दम घुटने लगा, आपने ये किया कैसे?”
दूसरे ने कमेंट किया, “नए साल पर आपका ये लेमिनेशन लुक धमाकेदार है।”
एक यूजर ने मजाक में पूछा, “ये लेमिनेशन क्यों करवा रही हो?” तो वहीं किसी ने लिखा, “मैम, ये कौन सी फिल्म की तैयारी है?”
अतरंगी वीडियो के लिए मशहूर हैं अदा

यह पहली बार नहीं है जब अदा शर्मा ने ऐसा अनोखा वीडियो शेयर किया हो। इससे पहले भी वह अपने अतरंगी और दिलचस्प पोस्ट्स को लेकर चर्चा में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अप्पू कुट्टी नाम के एक हाथी के साथ वीडियो शेयर किया था। अदा ने बताया था कि अगर वह किसी और जानवर को प्यार देती हैं तो अप्पू कुट्टी नाराज हो जाता है और उसे मनाना काफी मुश्किल होता है।
अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में जुटीं अदा शर्मा
वर्कफ्रंट की बात करें तो अदा शर्मा को आखिरी बार वेब सीरीज Rita Sanyal में देखा गया था। इसके बाद से वह अपने नए प्रोजेक्ट्स की तैयारी में व्यस्त हैं।
हालांकि यह साफ नहीं है कि वह ‘बियॉन्ड केरल स्टोरी’ का हिस्सा हैं या नहीं, लेकिन इतना तय है कि उनकी अपकमिंग फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
