Akhade ki Lakshmi
Akhade ki Lakshmi

Summary: अखाड़े की लक्ष्मी: मिट्टी में गढ़ी एक बेटी की जीत की कहानी

गाँव की बेटी लक्ष्मी यादव ने पिता के सपनों और अपनी मेहनत से वो कर दिखाया, जिसे लोग असंभव मानते थे। मिट्टी के अखाड़े से शुरू हुआ उसका सफर राष्ट्रीय जीत तक पहुँचा, जहाँ उसने साबित किया कि जज़्बे का कोई लिंग नहीं होता।

Short Story in Hindi: गाँव के बाहर पुराना मिट्टी का अखाड़ा आज फिर सजा हुआ था। सूरज की किरणें हल्के-हल्के धरती को छू रही थीं और वहाँ, मिट्टी में पसीने की गंध के बीच, एक लड़की अपने बालों को रबर से बाँधते हुए खड़ी थी। नाम था लक्ष्मी यादव..वही लक्ष्मी, जिसके नाम पर कभी गाँव वाले हँसते थे कि “अरे, अखाड़े में लड़की? ये कोई जगह है गुड़िया खेलने की?”

पर उसके पिता भीम यादव ने कभी मज़ाक नहीं उड़ाया। उन्होंने कहा था, “मेरी बेटी वो करेगी जो बेटों से भी आगे जाएगी।”

लक्ष्मी बचपन से ही अखाड़े में पली-बढ़ी थी। जब बाकी बच्चे गुड्डे-गुड़िया खेलते थे, वो मिट्टी में कुश्ती के दांव सीख रही होती थी। गाँव के लड़के पहले तो उसे देखकर हँसते  “लड़की है या पहलवान?”  लेकिन उसके हर दांव में पिता की मेहनत और माँ की दुआ बसती थी।

भीम यादव गाँव के पुराने पहलवान थे। एक वक्त में उन्होंने भी ज़िला स्तर तक नाम कमाया था, मगर पैसों की कमी और घर की ज़िम्मेदारियों ने उन्हें पीछे खींच लिया। जब लक्ष्मी पैदा हुई, तो पूरे खानदान में किसी ने बधाई नहीं दी। “बेटा होता तो नाम रोशन करता,” लोगों ने कहा था। भीम ने उसी दिन ठान लिया…अब यही मेरी शान बनेगी

सुबह-सुबह जब सूरज भी नहीं उगता, लक्ष्मी उठकर दौड़ने जाती। उसके छोटे पैर मिट्टी में धँसते, साँसें हाँफतीं, लेकिन उसके चेहरे पर मुस्कान होती। पिता साइकिल पर साथ-साथ चलते  “दम मत तोड़ना बेटी, दुनिया देखेगी।”

माँ कभी-कभी डर जाती  “लोग क्या कहेंगे?” भीम हँसते हुए कहते  “लोगों ने कब कुछ अच्छा कहा है? जब न कहने वालों की गिनती बढ़े, समझो सही राह पर हैं।”

धीरे-धीरे लक्ष्मी की मेहनत रंग लाने लगी। जिला प्रतियोगिता में उसने अपने से बड़े लड़कों को पटखनी दी। अखाड़े में पहली बार किसी लड़की के लिए तालियाँ बजीं। उस दिन गाँव वालों के चेहरों पर जो हैरानी थी, वही भीम यादव की जीत थी।

पर यह सफर आसान नहीं था। अगले साल जब राज्य स्तर की प्रतियोगिता आई, तो शहर जाना पड़ा। वहाँ न कोई पहचान थी, न समर्थन। कई लोगों ने ताने मारे- “महिलाओं के खेल में जाओ, पहलवानी लड़कियों के बस की नहीं।” लक्ष्मी ने सिर झुका कर नहीं, माथा ऊँचा रखकर कहा – “मिट्टी किसी की नहीं होती, जो गिरने से नहीं डरता, वही जीतता है।”

फाइनल मुकाबले में उसके सामने थी चंडीगढ़ की नेशनल चैंपियन। अखाड़े के चारों ओर सन्नाटा था। एक-एक पल में सांसें थम रहीं थीं। लेकिन जब लक्ष्मी ने निर्णायक दांव लगाया और प्रतिद्वंद्वी को ज़मीन पर चित्त किया, तो स्टेडियम गूँज उठा  भारत की लक्ष्मी! भारत की लक्ष्मी!

उस जीत के साथ ही अखाड़े की मिट्टी में इतिहास लिखा गया। भीम यादव की आँखों से आँसू बह निकले। वही लोग जो कभी ताने देते थे, आज गर्व से कहते  “हमारे गाँव की बेटी देश का नाम रोशन कर रही है।”

लक्ष्मी ने ट्रॉफी पिता के हाथों में दी  “ये आपकी मेहनत है, पापा।” भीम ने मुस्कराते हुए कहा  “अब कोई कहेगा नहीं कि लड़की से क्या होगा। अब हर पिता कहेगा  मेरी बेटी भी पहलवान बनेगी।”

उस दिन अखाड़े की मिट्टी ने सिर्फ एक विजेता नहीं, बल्कि एक मिसाल को जन्म दिया- एक ऐसी लड़की, जिसने साबित कर दिया कि हिम्मत और सपने का कोई लिंगनहीं होता।

राधिका शर्मा को प्रिंट मीडिया, प्रूफ रीडिंग और अनुवाद कार्यों में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा पर अच्छी पकड़ रखती हैं। लेखन और पेंटिंग में गहरी रुचि है। लाइफस्टाइल, हेल्थ, कुकिंग, धर्म और महिला विषयों पर काम...