Immunotherapy and CAR-T
Immunotherapy and CAR-T

Immunotherapy CAR-T Blood Cancer: कई सालों तक ब्लड कैंसर के इलाज में कीमोथेरेपी और स्टेम-सेल ट्रांसप्लांट ही मुख्य सहारा थे। लेकिन जिन मरीजों में बीमारी दोबारा लौट आती थी या जिन पर इलाज असर नहीं करता था, उनके लिए ये तरीके अक्सर नाकाम साबित होते थे। लेकिन टारगेटेड इम्यूनोथेरेपी और CAR-T (Chimeric Antigen Receptor T-cell) जैसी नई तकनीकें इस पूरी सोच को बदल रही हैं। ये इलाज कैंसर को सीधे तेजी से बढ़ती कोशिकाओं पर हमला करके खत्म नहीं करते, बल्कि मरीज की अपनी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत कर देते हैं, ताकि वह खुद कैंसर कोशिकाओं को पहचानकर नष्ट कर सके। इस बदलाव से भारत सहित दुनिया के कई देशों में मरीजों को लंबी राहत (remission) और कम खर्च में स्थानीय स्तर पर बने इलाज का फायदा मिल सकता है।

नया क्या है?

इम्यूनोथेरेपी एक व्यापक तकनीक है जिसमें मोनोक्लोनल एंटीबॉडी, एंटीबॉडी-ड्रग कॉन्जुगेट्स, बाइस्पेसिफिक टी-सेल एंगेजर्स (BiTEs) और CAR-T शामिल हैं। इनमें CAR-T सबसे व्यक्तिगत (Individualized) थेरेपी है। इनमें CAR-T therapy सबसे पर्सनलाइज्ड इलाज है। इसमें मरीज की T-सेल्स को निकाला जाता है, उन्हें लैब में जेनेटिक बदलाव करके कैंसर को टारगेट करने लायक बनाया जाता है (जैसे CD19 या अन्य कैंसर-विशिष्ट एंटीजन को निशाना बनाना)। फिर इन कोशिकाओं को बढ़ाकर वापस मरीज के शरीर में डाल दिया जाता है, ताकि वे बची हुई कैंसर कोशिकाओं को खत्म कर सकें।

भारत में CAR-T की उपलब्धता और प्रगति

  • पहले मरीजों को CAR-T इलाज के लिए विदेश जाना पड़ता था, जो समय और पैसे, दोनों ही मामलों में बहुत मुश्किल था। लेकिन अब भारत ने इस क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ाए हैं।
  • NexCAR19 और अन्य स्वदेशी CAR-T प्रोडक्ट्स अब क्लिनिकल उपयोग में आ चुके हैं।
  • इससे खर्च बहुत कम हो गया है और देश में इलाज की क्षमता भी बढ़ रही है।
  • सरकार और प्रमुख कैंसर सेंटर्स दोनों का समर्थन मिलने से अब मेट्रो शहरों और टियर-2 शहरों के मरीजों को भी CAR-T इलाज मिलने लगा है।

CAR-T के फायदे और चुनौतियां

प्रभाव: कई मरीज जिनका ब्लड कैंसर बार-बार लौट आता है, उन्हें सिर्फ एक बार के CAR-T इन्फ्यूजन से पूरी तरह आराम (complete remission) मिल सकता है।
सुरक्षा : CAR-T इलाज के साथ गंभीर साइड इफेक्ट्स जैसे साइटोकाइन रिलीज सिंड्रोम और न्यूरोटॉक्सिटी हो सकते हैं, जो जानलेवा भी बन सकते हैं। इसलिए इलाज देने वाले सेंटर में मरीजों की लगातार निगरानी और तुरंत उपचार की सुविधा होनी चाहिए।
कीमत और पहुंच: भारत में बने CAR-T प्रोडक्ट्स की कीमत पश्चिमी देशों के मुकाबले लगभग दसवां हिस्सा है। फिर भी मरीजों के लिए खर्च और इंश्योरेंस से जुड़ी दिक्कतें अब भी बनी हुई हैं।भौगोलिक उपलब्धता: अब सिर्फ मेट्रो ही नहीं, बल्कि कई पब्लिक और प्राइवेट अस्पतालों में CAR-T की सुविधा शुरू हो रही है।

रिसर्च, रेग्युलेशन और आगे का रास्ता

Immunotherapy and CAR-T
Research, regulation and the way forward
  • भारत में CAR-T विकास अकादमिक और इंडस्ट्री के सहयोग से हुआ है। क्लिनिकल स्टडीज और रिसर्च पेपर्स ने दिखाया है कि यह इलाज यहाँ भी उतना ही कारगर है जितना बाकी देशों में।
  • रेग्युलेटरी एजेंसियाँ अब एक जैसी गाइडलाइन बनाने पर काम कर रही हैं, ताकि मैन्युफैक्चरिंग, ट्रेनिंग और मरीज की सुरक्षा पर समझौता किए बिना इलाज ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँच सके।
  • अमेरिका की FDA जैसी संस्थाओं के नए नियम भी भारत की नीतियों और प्रैक्टिस को प्रभावित कर रहे हैं।

मरीजों और डॉक्टरों को क्या ध्यान रखना चाहिए

  • इम्यूनोथेरेपी और CAR-T हर मरीज के लिए सही विकल्प नहीं होते।
    बीमारी का प्रकार, पहले हुए इलाज, और सेंटर का अनुभव – सब फैसले में महत्वपूर्ण होते हैं।
    जो मरीज योग्य हैं, उनके लिए यह इलाज उनके पूरे जीवन की दिशा बदल सकता है।
    शेयरड डिसीजन मेकिंग (डॉक्टर और मरीज दोनों की साझी समझ), मान्यता प्राप्त सेंटर, और वित्तीय परामर्श बेहद जरूरी हैं।

भारत एक नए दौर में

अब भारत के मरीजों को इलाज के लिए विदेश जाने की मजबूरी नहीं है। देश में ही CAR-T जैसी आधुनिक और अपेक्षाकृत किफायती तकनीकें उपलब्ध हो रही हैं। यह बदलाव सिर्फ इलाज का तरीका नहीं बदल रहा, बल्कि ब्लड कैंसर मरीजों के लिए उम्मीदों का नया दरवाज़ा खोल रहा है।

डॉ. अनिल ठाकवानी, वरिष्ठ सलाहकार एवं विभागाध्यक्ष – ऑन्कोलॉजी, शारदा केयर हेल्थसिटी

वर्तमान में गृहलक्ष्मी पत्रिका में सब एडिटर और एंकर पत्रकारिता में 7 वर्ष का अनुभव. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी दैनिक अखबार में इंटर्न के तौर पर की. पंजाब केसरी की न्यूज़ वेबसाइट में बतौर न्यूज़ राइटर 5 सालों तक काम किया. किताबों की शौक़ीन...