Summary: गौरी खान के रेस्टोरेंट टोरी पर विवाद, सह-संस्थापक अभयराज कोहली का बयान
शाहरुख खान की पत्नी और इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान का रेस्टोरेंट टोरी, जिसे उन्होंने अभयराज कोहली के साथ मिलकर 2024 में शुरू किया था, हाल ही में विवादों में रहा।
Gauri Khan’s Torii Restaurant: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की पत्नी और इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान एक रेस्टोरेंट की मालिक भी हैं। अभयराज कोहली के साथ पार्टनरशिप में वह अपना यह रेस्टोरेंट “टोरी” चलाती हैं। बीते दिनों इस रेस्टोरेंट पर एक यूट्यूबर ने नकली पनीर परोसने का आरोप लगाया था। अब हाल ही में रेस्टोरेंट के सह संस्थापक कोहली ने एक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि “किसी भी जगह के खाने में मक्खियां या बाल आना एक ऐसी चीज है जिसे कोई नहीं बदल सकता।”
सामने आई अभयराज की टिप्पणी
अभयराज कोहली को हाल ही में पॉप डायरीज के साथ बातचीत करते हुए देखा गया। इस दौरान उन्होंने ‘टोरी’ के स्वच्छता प्रोटोकॉल के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि “बहुत ध्यान रखा जाता है लेकिन कभी-कभार गलतियां हो सकती है।” वह यह कहते दिखाई दिए कि “कभी-कभी खाने में मक्खी, बाल या कीड़ा आ जाना यह काम करने का सामान्य है। अक्सर हमारे घरों में भी यह हो जाता है कार्य स्थल पर भी होता है और रेस्टोरेंट में भी यह होगा ही। कोई इसे बदल नहीं सकता है।”
अभयराज ने आगे कहा कि “बहुत सारे रेस्टोरेंट होते हैं, जो अपने काम में साफ सुथरे नहीं रहते। हमारे जैसे रेस्टोरेंट में खाने के रखरखाव पर बहुत ज्यादा ध्यान दिया जाता है। रसोई कैसी है, वहां की साफ सफाई कैसी है केवल यही मायने नहीं रखता। इस चीज पर भी ध्यान दिया जाता है कि सप्लायर से रेस्टोरेंट तक पहुंचने तक और लोगों की थाली तक पहुंचने तक खाने को किस तरह से रखा जाता है।
रेस्टोरेंट में कैसे रखा जाता है खाना
अभयराज ने अपनी बातचीत में बताया कि टोरी रेस्टोरेंट में सुशी, साशिमी, सेविचे जैसे कच्चे खाने को किस तरह से स्टोर कर के रखा जाता है। रेस्टोरेंट इन एशियाई व्यंजनों को खास तौर पर परोसता है। उन्होंने बताया कि “हम कच्चा मांस परोसते हैं। उन्होंने कहा कि हम फ्रीजर से निकाल कर इसे नहीं परोस सकते क्योंकि यह सुरक्षित नहीं होता। इसे एक खास तरह के उपकरण सुपर फ्रीजर में रखा जाता है। यह आपके खाने को -60 से -70 डिग्री तक ठंडा रखता है, जिससे बैक्टीरिया नहीं पनपते हैं।”
नकली पनीर मिलने का लगा था आरोप

अभयराज ने यह सारी बातें उसके बाद बताई है, जब कुछ ही दिनों पहले रेस्टोरेंट काफी सुर्खियों में आया था। एक यूट्यूबर ने इस बात का आरोप लगाया था कि रेस्टोरेंट में नकली पनीर परोसा जाता है। पॉपुलर यूट्यूबर सार्थक सचदेवा ने एक वीडियो के जरिए ‘टोरी’ पर यह आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पनीर का परीक्षण फेल साबित हुआ।
रेस्टोरेंट ने दिया था जवाब
जब सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ था तब रेस्टोरेंट की ओर से इस पर सफाई भी दी गई थी। इसमें यह कहा गया था कि “डिश का जो आयोडीन टेस्ट हुआ है, उसमें स्टार्च की मौजूदगी दिखाई गई है पनीर की शुद्धता नहीं। यह सोया बेस्ड रेसिपी है, जिसमें कुछ ऐसी चीज हैं जिसकी वजह से यह रिजल्ट आया है। हम अपने पनीर और सभी दिशा की शुद्धता की बात पर कायम है।
2024 में शुरू हुआ था टोरी
गौरी खान वैसे तो किंग खान की पत्नी है लेकिन फिल्मों में बिल्कुल भी सक्रिय नहीं हैं। उन्हें एक पॉपुलर बिजनेस वूमेन के तौर पर पहचाना जाता है। साल 2024 में उन्होंने तोरी की शुरुआत की थी जो पाली हिल्स में है। वैसे गौरी इंटीरियर डिजाइनर है और बॉलीवुड स्टार्स के आलीशान बंगलो के अलावा रेस्टोरेंट, शोरूम और अन्य जगहों को डिजाइन करती हैं।
