Summary: न्यूयॉक में ज़ाकिर खान ने रचा इतिहास, MSG में हिंदी स्टैंडअप करने वाले बने पहले कॉमेडियन
भारत में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले ज़ाकिर ने न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में हिंदी में परफॉर्म कर इतिहास रच दिया है।
Zakir Khan MSG Show: ज़ाकिर खान भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडी के सबसे बड़े नामों में से एक हैं, जिन्होंने अपने सिंपल और रिलेटबल ह्यूमर से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। उनके फेमस डायलॉग ‘सख्त लौंडा’ उन्हें युवाओं के बीच बेहद पॉपुलर बना दिया है। ज़ाकिर ने सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल प्लेटफार्म पर भी अपनी कला का लोहा मनवाया है और हाल ही में न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में हिंदी में परफॉर्म करके इतिहास रच दिया।
इंटरनेशनल शो में ज़ाकिर ने लोगों को खूब हंसाया
कॉमेडियन ज़ाकिर ने मैडिसन स्क्वायर गार्डन जैसे बड़े और प्रतिष्ठित मंच पर हिंदी में परफॉर्म किया और ये रिकॉर्ड बनाया कि वे पहले भारतीय कॉमेडियन हैं जिन्होंने न्यूयॉर्क में हिंदी में स्टैंड-अप किया। भारतीय कॉमेडी की दुनिया में यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। ज़ाकिर के साथ इस खास शो में उनके अच्छे दोस्त और मशहूर कॉमेडियन तन्मय भट्ट भी मंच पर मौजूद थे। दोनों ने मिलकर दर्शकों को खूब हंसाया, और सोशल मीडिया पर उनकी परफॉर्मेंस की क्लिपें अब वायरल हो रही हैं।
MSG में हिंदी में परफॉम करने वाले पहले कॉमेडियन बने
ज़ाकिर ने परफॉर्मेंस के बाद न्यूयॉर्क के फॉक्स 5 न्यूज चैनल को इंटरव्यू भी दिया। इस बातचीत में उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क की जनता को हिंदी में हंसाना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने अपनी कॉमेडी जर्नी और इस अनुभव के बारे में भी खुलकर बात की। ज़ाकिर ने बताया कि उनका हमेशा से यही सपना था कि वे अपने देश की भाषा में अंतरराष्ट्रीय मंच पर परफॉर्म करें और दुनिया को दिखाएं कि कॉमेडी की कोई भाषा नहीं होती।
टाइम्स स्क्वायर में ज़ाकिर खान का पोस्टर
इस परफॉर्मेंस से पहले, ज़ाकिर के शो का पोस्टर टाइम्स स्क्वायर के बड़े बिलबोर्ड पर दिखाया गया था। ज़ाकिर ने अपने इंस्टाग्राम पर बिलबोर्ड के सामने अपनी टीम के साथ फोटो शेयर की, जो सोशल मीडिया पर खूब पसंद की गई।इतना ही नहीं, न्यूयॉर्क में अपनी ट्रैवलिंग के दौरान ज़ाकिर ने अमेरिकी मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेफ विकास खन्ना के साथ कुकिंग भी की, जिसे उनके फैंस ने काफी एन्जॉय किया।
ज़ाकिर खान को कितना जानते हैं आप?
इंदौर में जन्में ज़ाकिर खान के बारे में कई लोग जानते हैं, लेकिन जिन्हें नहीं पता, उनके लिए बता दूं कि ज़ाकिर खान अपनी ह्यूमरयस कॉमेडी के लिए बहुत मशहूर हैं। उन्होंने कोविड के समय से लेकर अब तक आम लोगों की जिंदगी पर मज़ेदार चुटकुले सुनाकर लोगों को खूब हंसाया है। फैंस उन्हें सिर्फ सोशल मीडिया पर ही नहीं बल्कि वेब सीरीज और ऑनलाइन शो में भी पसंद करते हैं। उनका शो ‘कॉमिक्स्टान’ प्राइम वीडियो पर काफी लोकप्रिय है, और वे वेब सीरीज ‘चाचा विधायक हैं हमारे’ में लीड रोल में भी दिख चुके हैं। इसके अलावा जल्द ही ज़ाकिर कुछ नई वेब सीरीज और स्टैंडअप कॉमेडी लेकर आ सकते हैं और उनके इस नए मुकाम ने फैंस को काफी खुश कर दिया है।
