Overview: रोनित रॉय ने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' को किया रिजेक्ट
टेलीविजन का आइकॉनिक शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का दूसरा सीजन आने वाला है, लेकिन रोनित रॉय ने इसका ऑफर ठुकरा दिया है।
Why Ronit Roy Rejected Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: टेलीविजन का आइकॉनिक शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी करने के लिए तैयार है! इस खबर ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि इस बार शो में स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय एक बार फिर से अपनी यादगार भूमिकाओं तुलसी और मिहिर के रूप में नजर आएंगे। मूल शो में अमर उपाध्याय ने कुछ सालों तक मिहिर का किरदार निभाया था, जिसके बाद उन्होंने शो छोड़ दिया था। उनके जाने के बाद, यह भूमिका रोनित रॉय ने संभाली थी और वह भी मिहिर के रूप में काफी लोकप्रिय हुए थे। वहीं, खबरें हैं कि इस बार रोनित रॉय इस शो का हिस्सा नहीं होंगे।
रोनित रॉय ने ठुकराया ऑफर
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का नाम सुनते ही सबसे पहले मिहिर वीरानी का चेहरा सामने आता है और इस किरदार को घर-घर में पहचान दिलाने वाले एक्टर हैं रोनित रॉय। रोनित ने करीब आठ साल तक इस आइकॉनिक शो में काम किया और दर्शकों के दिलों पर राज किया। हालांकि, जब शो के दूसरे सीजन की घोषणा हुई है, तो फैंस को यह जानकर निराशा हुई कि रोनित रॉय इस बार इसका हिस्सा नहीं होंगे। रोनित रॉय ने हाल ही में ‘ईटाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में अपनी गैर-मौजूदगी की वजह बताई है।
रोनित रॉय ने क्यों ठुकाराया ऑफर
रोनित ने कहा, “मुझे खुशी है कि उन्होंने ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ को वापस लाने का फैसला किया है। लेकिन दुर्भाग्य से, यह मेरे लिए कारगर नहीं रहा।” उन्होंने आगे कहा कि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ एक ऐसा शो है जो उनके दिल के बेहद करीब है, क्योंकि उन्होंने अपनी जिंदगी के आठ साल इसे दिए हैं। रोनित ने मेकर्स, कलाकारों और क्रू को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह अब शो देखने के लिए बेहद एक्साइटेड हैं।
टीवी पर वापसी को लेकर रोनित का बयान
जब रोनित से पूछा गया कि क्या वह लंबे समय तक चलने वाले टीवी शो में काम करेंगे, तो उन्होंने अपनी बात खुलकर रखी। उन्होंने कहा, “मैं लंबे समय तक शो करने या लंबे समय तक टेलीविजन पर बने रहने के खिलाफ नहीं हूं।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि टेलीविजन पर अभी भी बहुत कुछ ठीक करने की जरूरत है। रोनित ने कहा कि जब उन्होंने शुरुआत की थी तब से 25 साल बीत चुके हैं और दुनिया बहुत बदल गई है।
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ की रिलीज डेट
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का मोस्ट अवेटेड सीजन 2 आने वाली 3 जुलाई, 2025 से ऑन-एयर होने वाला है! इस खबर ने दर्शकों के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शो की सबसे आइकॉनिक किरदार, तुलसी वीरानी के रूप में एक बार फिर स्मृति ईरानी वापसी करेंगी, जो फैंस के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है। उनके साथ, इस नए सीजन में टेलीविजन के कुछ और जाने-माने चेहरे जैसे हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान, और संदीप बसवाना भी नजर आएंगे।
