जो चीज हम खा रहे हैं जरूरी नहीं कि वह लिवर के लिए लाभदायक हो। इसलिए खाने से पहले जान लें कि आपके लिए हेल्दी है या नहीं।
Dangerous Food for Liver: स्वस्थ्य रहने के लिए आप एक्सरसाइज करते हैं, हेल्दी खाना खाते हैं और एक संतुलित जीवनशैली अपनाते हैं। लेकिन क्या आप जो खा रहे हैं वह पूरी तरह से आपके शरीर के लिए सुरक्षित है? खासकर लिवर के लिए। लिवर हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो विषाक्त पदार्थों को निकालने, पोषक तत्वों को संसाधित करने और पाचन के लिए पित्त उत्पादन जैसे अनेकों काम करता है। पिछले कुछ सालों में लिवर से संबंधित बीमारियां तेजी से बढ़ी हैं। इसका सबसे बड़ा कारण हमारा खानपान है। कई सामान्य फूड आइट्म्स और उसमें मौजूद कंपाउंड चुपके से हमारे लिवर को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में इन खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखने में ही समझदारी होगी। तो चलिए जानते हैं उन फूड आइट्म्स के बारे में जो लिवर के लिए घातक हैं।
रिफाइंड ऑयल

हमारे घरों में खाना पकाने और तलने के लिए बीजों से बने तेल जैसे- सोयाबीन, मकई और सूरजमुखी का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें ओमेगा-6 फैटी एसिड की मात्रा अधिक होती है, जिसका अधिक सेवन करने पर लिवर में सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव पैदा हो सकता है। इससे स्टेटोहेपेटाइटिस जैसी गंभीर लिवर बीमारी हो सकती है।
फ्रक्टोज
फ्रक्टोज एक प्रकार की चीनी है, जो शीतल पेय, प्रोसेस्ड स्नैक्स और फ्लेवर्ड दही में पाई जाती है। फलों और सब्जियों में प्राकृतिक रूप से मौजूद फ्रक्टोज हानिकारक नहीं है, लेकिन औद्योगिक फ्रक्टोज लिवर के लिए खतरनाक होता है। यह एनएएफएलडी का एक प्रमुख कारण हो सकता है। फ्रक्टोज और इसके उप-उत्पाद लिवर में वसा उत्पादन को बढ़ाते हैं, जिससे वसा का जमाव और लिवर क्षति होती है।
कार्बोहाइड्रेट का अधिक सेवन
कार्बोहाइड्रेट ऊर्जा के लिए जरूरी होता है, लेकिन इनका अधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। जब आप बहुत अधिक कार्बोहाइड्रेट या प्रोटीन खाते हैं, तो ये ट्राइग्लिसराइड में बदल जाते हैं। ये वसा कोशिकाओं में जमा हो जाते हैं और लिवर में भी एकत्रित हो सकते हैं। इंसुलिन प्रतिरोध के कारण ट्राइग्लिसराइड बढ़ते हैं, जिससे लिवर में वसा का जमाव होता है। यह स्थिति एनएएफएलडी का कारण बन सकती है
प्रोसेस्ड फूड

प्रोसेस्ड फूड और मीट जैसे सॉसेज और मिंस मीट लिवर पर दबाव डालते हैं। इसमें हाई सैचुरेटेड फैट होता है जो लिवर में सूजन का कारण बन सकता है। प्रोसेस्ड फूड का जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है।
लिवर को स्वस्थ रखने के उपाय
संतुलित आहार लें: फल, सब्जियां, साबुत अनाज, लीन प्रोटीन और हेल्दी फैट को अपनी डाइट में शामिल करें।
पर्याप्त पानी पिएं: अधिक मात्रा में पानी का सेवन करने से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकलने में मदद मिल सकती है।
चीनी और प्रोसेस्ड फूड से दूरी: चीनी, बाजार में मिलने वाले पैक्ड फूड का सेवन कम से कम करें।
अल्कोहल से रहें दूर: अल्कोहल लिवर कोशिकाओं को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाती है। इसके सेवन से लिवर डैमेज हो सकता है।
नियमित व्यायाम करें: प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज करें। इससे शरीर की मांसपेशियों को एक्टिव रखने में मदद मिलती है।
फल और सब्जियों को धोएं: फलों और सब्जियों को अच्छे से धोएं, ताकि उसमें मौजूद कीटनाशक और अन्य विषाक्त पदार्थ हट जाएं।
