Sinus in Children: बच्चों को जब बार-बार सर्दी या खांसी होती है, तो कई बार माता-पिता इसे सामान्य मौसमी बदलाव मान लेते हैं। लेकिन अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो यह संकेत हो सकता है कि बच्चे को साइनस की समस्या हो रही है। साइनस की समस्या बच्चों में जितनी आम है, उतनी ही अनदेखी भी की जाती है। समय पर सही पहचान और इलाज न हो पाने पर यह संक्रमण बढ़ सकता है। आइए जानते हैं कि बच्चों में साइनस के कौन-कौन से लक्षण दिखाई देते हैं जिन्हें पहचानकर आप समय रहते डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं।
लगातार बहती हुई नाक
अगर आपके बच्चे की नाक लगातार बह रही है और सामान्य सर्दी के 10 दिन बाद भी आराम नहीं मिल रहा है, तो यह साइनस का संकेत हो सकता है। खासकर अगर नाक से पीला या हरा बलगम निकल रहा हो, तो इसे हल्के में न लें।
नाक बंद रहने की शिकायत
बच्चों को साइनस की वजह से अक्सर सांस लेने में दिक्कत होती है क्योंकि नाक बंद हो जाती है। वे अक्सर मुंह से सांस लेने लगते हैं और रात में खर्राटे लेने लगते हैं। यह स्थिति उनके सोने के तरीके और नींद की गुणवत्ता को भी प्रभावित कर सकती है।
चेहरे या माथे में दर्द
साइनस की सूजन की वजह से बच्चों को चेहरे के कुछ हिस्सों में दर्द महसूस हो सकता है, खासकर आंखों के नीचे, माथे पर या नाक के पास। अगर बच्चा बार-बार माथे को पकड़कर बैठता है या आंखों के पास दर्द की शिकायत करता है, तो यह एक गंभीर संकेत हो सकता है।
सूखी और बार-बार होने वाली खांसी
साइनस की वजह से बच्चों को सूखी खांसी हो सकती है जो खासकर रात में बढ़ जाती है। यह खांसी कई हफ्तों तक बनी रह सकती है और कभी-कभी दवाइयों से भी आराम नहीं मिलता। यह संकेत करता है कि बलगम गले में जमा हो रहा है।
बुखार और थकान
अगर बच्चे को हल्का या मध्यम बुखार बना रहता है और वह सामान्य से ज्यादा थका-थका लगता है, तो यह साइनस इंफेक्शन की वजह हो सकता है। संक्रमण की वजह से शरीर की ऊर्जा पर असर पड़ता है जिससे बच्चा चिड़चिड़ा और सुस्त महसूस करता है।
गले में खराश या निगलने में तकलीफ
साइनस से गिरने वाला बलगम गले में जाकर खराश और सूजन पैदा कर सकता है। कई बार बच्चे गले में दर्द या निगलने में परेशानी की शिकायत करते हैं। इसका इलाज न होने पर गला ज़्यादा खराब हो सकता है।
सांसों से बदबू आना
जब बलगम नाक और गले में जमा होता है और लंबे समय तक निकल नहीं पाता, तो बच्चों की सांसों से बदबू आ सकती है। अगर बच्चा नियमित रूप से ब्रश कर रहा है फिर भी मुंह से दुर्गंध आ रही है, तो यह साइनस का लक्षण हो सकता है।
