Tallest Shivling Temples: हिन्दू धर्म में लोग सदियों से शिवलिंग के रूप में भगवान शिव की पूजा करते आ रहे हैं। सावन के महीने में शिवलिंग पर जल चढ़ाने का खास महत्व होता है। दरअसल शिवलिंग ऊर्जा और क्षमता का प्रतीक माना जाता है। शिवलिंग की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। वैसे तो अधिकांश मंदिरों में शिवलिंग जरूर ही होता है। लेकिन भारत में कुछ ऐसे भी खास मंदिर हैं जो सबसे ऊँची शिवलिंग के लिए प्रसिद्ध हैं। आइए जानते हैं उन खास मंदिरों के बारे में विस्तार से।
सिद्धेश्वर नाथ मंदिर (अरुणाचल प्रदेश)

अरुणाचल प्रदेश का ‘जीरो’ शहर विश्व धरोहर स्थल के रूप एक प्रसिद्ध है। यहाँ पर्यटक हमेशा आना पसंद करते हैं। इस जीरो शहर के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव का शिवलिंग और उनका पूरा परिवार विराजमान है। यहाँ स्थित शिवलिंग की लंबाई लगभग 25 फीट और चौड़ाई 22 फीट है। ऐसी मान्यता है कि यह शिवलिंग स्वयं ही प्रकट हुआ है और यह प्राकृतिक रूप से जमीन से उभरा हुआ है।
भोजेश्वर मंदिर (भोजपुर, मध्य प्रदेश)

मध्यप्रदेश को देश का दिल भी कहा जाता है। भोजेश्वर मंदिर, मध्यप्रदेश के भोजपुर में स्थित है और यह भारत के सबसे बड़े शिवलिंग में से एक है। यहाँ स्थित शिवलिंग की ऊंचाई 18 फीट है और यह मंदिर बेतवा नदी के तट पर स्थित है। इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि इसके चार स्तम्भ हैं और गर्भगृह की छत पूरी तरह से निर्मित नहीं है, लेकिन अधूरी बनी छत इन्हीं चार स्तंभों पर ही टिकी हुई है।
अमरनाथ मंदिर (जम्मू और कश्मीर)

अमरनाथ मंदिर को भक्त ‘बर्फानी बाबा’ मंदिर भी कहते हैं। दरअसल यहाँ खुद से बर्फ से शिवलिंग का निर्माण होता है। हिन्दू धर्म में यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित सबसे पवित्र मंदिरों में से एक माना जाता है। इस मंदिर में दर्शन पूरे साल नहीं होते हैं, बल्कि जुलाई-अगस्त के महीने में यहाँ लगभग 40 मीटर ऊंचे शिवलिंग का निर्माण होता है, जिसे बर्फ शिवलिंग के रूप में भी जाना जाता है।
बदाविलिंगा मंदिर (हम्पी)

‘बदाविलिंगा’ मंदिर का नाम दो शब्दों को मिलाकर रखा गया है, इसमें “बड़वी” का अर्थ है “गरीब” और “लिंग” भगवान शिव का प्रतीक है। बदाविलिंगा मंदिर कर्नाटक के हम्पी शहर में स्थित है और इस मंदिर का शिवलिंग सबसे बड़े शिवलिंगों में से एक है। साथ ही यह यहाँ का सबसे बड़ा अखंड शिवलिंग भी है। यह लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर के ठीक बगल में ही स्थित है। इस मंदिर का शिवलिंग खूबसूरत काले पत्थर से बना हुआ है और इसकी लम्बाई 3 मीटर है।
कोटिलिंगेश्वर मंदिर (कर्नाटक)

कोटिलिंगेश्वर मंदिर कर्नाटक के कोलार जिले में स्थित है। यहाँ के शिवलिंग को दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंगों में से एक माना जाता है। कोटिलिंगेश्वर मंदिर में अलग-अलग देवताओं के 11 छोटे मंदिर बने हुए हैं और नंदीश्वर की एक ऊंची मूर्ति के साथ कोटिलिंगेश्वर को समर्पित किया गया है। यहाँ के शिवलिंग की ऊंचाई 108 फीट है और ठीक इसके सामने नंदीजी की भी एक 5 फीट की लंबी मूर्ति स्थापित है।
