Overview:
मान्यता है कि जो शिव भक्त महाशिवरात्रि के महापर्व के दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा करते हैं, उनके जीवन में सुख-समृद्धि आती है। भगवान शंकर को भोलेनाथ कहा जाता है, क्योंकि वह अपने भक्तों से बहुत ही आसानी से प्रसन्न हो जाते हैं।
Mahashivratri 2025 Upay: महाशिवरात्रि का महापर्व 26 फरवरी, 2025 को देशभर में मनाया जाएगा। यह दिन शिव साधकों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि जो शिव भक्त इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा करते हैं, उनके जीवन में सुख-समृद्धि आती है। आर्थिक परेशानियां हों या विवाह में देरी जैसी समस्याएं, महाशिवरात्रि पर कुछ उपाय करके आप आसानी से इन्हें अपने जीवन से दूर कर सकते हैं।
1. शिव मंदिर में जरूर जलाएं दीपक

महाशिवरात्रि के दिन शिव मंदिर में दीपक जरूर जलाना चाहिए। मान्यता है कि इस दिन शिवलिंग के पास दीपक जलाने से घर की आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं। सुख समृद्धि बढ़ती है। दीपक का यह प्रकाश आपकी जिंदगी में खुशहाली की सकारात्मक ऊर्जा ला सकता है। कोशिश करें कि आप गाय के घी का दीपक करें।
2. पंचामृत से शिवलिंग का अभिषेक
महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करना शुभ माना जाता है। लेकिन अगर आप पंचामृत अभिषेक करेंगे तो इसका फल और पुण्य और भी ज्यादा मिलेगा। इस दिन आप शिव मंदिर में जल, दूध, दही, घी और शहद मिलाकर शिवलिंग का अभिषेक करें। माना जाता है कि पंचामृत अभिषेक से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। अगर आप नकारात्मक सोच और ऊर्जा से घिरे हुए हैं तो इस परेशानी से भी आपको निजात मिलेगी। इस उपाय से नौकरी, करियर और व्यापार से जुड़ी बाधाएं भी दूर होती हैं और जीवन में सफलता प्राप्त होती है।
3. दान करें श्रृंगार सामग्री
महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के साथ ही मां पार्वती की पूजा करने से भी विशेष फल मिलता है। इसलिए वैवाहिक जीवन में खुशहाली और सुख प्राप्त करने के लिए महाशिवरात्रि पर 16 श्रृंगार सामग्री का दान करना चाहिए। इस उपाय से दांपत्य जीवन पर भगवान शिव और देवी पार्वती की कृपा होती है। साथ ही मां लक्ष्मी का भी आशीर्वाद मिलता है।
4. करें हनुमान चालीसा का पाठ

महाशिवरात्रि पर हनुमान चालीसा का पाठ करने से भगवान शिव के साथ-साथ हनुमान जी की कृपा भी साधकों को प्राप्त होती है। यह उपाय जीवन की विघ्न-बाधाओं और संकट को दूर करने के लिए किया जाता है। हनुमान जी की कृपा से साधकों के सभी कार्य आसानी से पूरे होते चले जाते हैं। सारी बाधाएं अपने आप दूर होती हैं।
5. घर में स्थापित करें शिवलिंग
महाशिवरात्रि के दिन घर पर एक छोटा शिवलिंग स्थापित करना बहुत शुभ माना जाता है। यह उपाय विशेष रूप से घर में धन-धान्य, वैभव लाने और आर्थिक परेशानियां दूर करने के लिए किया जाता है। घर में शिवलिंग की पूजा से न केवल घर का माहौल सकारात्मक होता है, बल्कि धन और सुख की प्राप्ति भी होती है।
6. जरूर करें ये दो जाप
महाशिवरात्रि के दिन किसी जरूरतमंद को अनाज या धन का दान करना चाहिए। ऐसा करने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में खुशहाली का वास होता है। साथ ही दो मंत्रों का जाप करना बहुत ही फलदायी रहता है। महाशिवरात्रि के दिन ‘ऊं नम: शिवाय’ मंत्र का जाप कम से कम 108 बार करना चाहिए। यह मंत्र जाप नौकरी और व्यापार से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में मदद करता है। इससे जीवन में आर्थिक संपन्नता आती है। इसी के साथ महामृत्युंजय मंत्र का जाप जरूर करना चाहिए। इससे परिवार के सभी सदस्यों को भगवान शिव की कृपा से आरोग्य प्राप्त होता है। जीवन की सभी परेशानियां दूर होने लगती हैं।
