Lord Shiva Favourite Zodiac: हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि के दिन को बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। क्योंकि यह दिन देवाधिदेव महादेव को समर्पित होता है। महाशिवरात्रि पर सभी को भगवान शिव की पूजा अराधना करनी चाहिए और व्रत रखना चाहिए। वैसे तो सोमवार का दिन, मासिक शिवरात्रि, प्रदोष व्रत, सावन का महीना, सावन सोमवार आदि भी शिवपूजन के लिए बहुत शुभ होते हैं। लेकिन इनमें महाशिवरात्रि को सर्वोत्तम फलदायी माना गया है। महाशिवरात्रि की पूजा-व्रत करने वाले जातकों पर भगवान शिव की कृपा बरसती है। बता दें कि फाल्गुन कृष्ण की चतुर्दशी को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है, जोकि इस साल बुधवार 26 फरवरी 2025 को है।
वैसे तो जो भक्त सच्चे मन और श्रद्धा भाव से शिवजी का पूजन करता है, उन पर महादेव की कृपा रहती है। लेकिन ज्योतिष शास्त्र में ऐसी पांच राशियों के बारे में बताया गया है, जिन पर भगवान विशेष कृपा बरसाते हैं। इसका कारण यह है कि ये राशियां भगवान शिव की प्रिय राशियां मानी जाती हैं। शिव की कृपा होने के कारण इनके जीवन में मुश्किलें तो आती हैं, लेकिन उनका समाधान भी हो जाता है। आइए जानते हैं राशिचक्र की 12 राशियों में कौन सी 5 राशि है शिवजी की प्रिय। चेक कर लीजिए कहीं इन राशियों में आपकी राशि भी तो नहीं शामिल।
मेष राशि पर रहती है भोलेनाथ की कृपा

12 राशियों में मेष ऐसी राशि है, जोकि शिवजी की प्रिय राशि मानी जाती है। इस राशि से स्वामी मंगल हैं, जिस कारण इस राशि वाले लोग ऊर्जा से लबरेज रहते हैं और आगे बढ़कर हर संभव प्रयास करते हैं। शिवजी का साथ होने के कारण यह आगे बढ़ने में सफल भी होते हैं। ऐसे लोगों को व्यापार जगत में सफलता मिलती है और नौकरी के क्षेत्र में भी ये खूब तरक्की हासिल करते हैं। महाशिवरात्रि के दिन मेष राशि वाले जातक तांबे के पात्र में जलभर उसमें थोड़ा गुड़ और लाल चंदन मिलाकर शिवलिंग पर चढ़ाएं। ऐसा करने से शिव प्रसन्न होंगे और समस्त परेशानियां दूर हो जाएंगी।
कर्क है भगवान शिव की प्रिय राशि

कर्क भी भगवान शिव की प्रिय राशियों में एक है। इसका कारण यह है कि इस राशि के स्वामी चंद्रमा है, जिसे शिव ने अपने मस्तक पर विराजित किया है। चंद्रमा से संबंधित होने के कारण इस राशि वाले लोग शांत स्वभाव और धैर्यवान होते हैं। कर्क राशि वाले लोग महाशिवरात्रि के दिन चांदी के लोटे में दूध लेकर शिवलिंग पर अर्पित करें। इससे जीवन में सुख-शांति का आगमन होगा।
तुला वालों की हर कामना पूरी करते हैं महादेव
तुला भी भगवान शिव की प्रिय राशि है, जिसके स्वामी शुक्र है। तुला राशि वाले स्वभाव में आध्यात्मिक प्रवृत्ति के होते हैं, जिस कारण शिव को यह राशि अत्यधिक प्रिय होती है और भोलेनाथ भर-भरकर इस राशि पर अपनी कृपा बरसाते हैं और इन्हें मुश्किलों से दूर रखते हैं। महाशिवरात्रि के दिन तुला राशि वाले लोग जल में मिश्री मिलाकर शिवजी का जलाभिषेक करें और ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करें।
मकर है शिवजी की प्रिय राशि

भगवान शिव की पसंदीदा राशियों में मकर राशि भी है। इस राशि के स्वामी शनि महाराज हैं, जोकि शिव को अपना आराध्य मानते हैं। कहा जाता है कि शिवजी ने ही शनि को दंडाधिकारी का पद दिया है। शनि से संबंधित होने के कारण मकर राशि वाले काफी मेहनती और ईमानदार होते हैं। इसलिए शिवजी हर मुश्किल घड़ी में इनकी रक्षा करते हैं। मकर राशि वालों को महाशिवरात्रि पर जल में तिल मिलाकर शिवलिंग पर चढ़ाना चाहिए।
कुंभ राशि के जीवन की निराशा दूर करते हैं महादेव

भगवान शिव कुंभ राशि वालों के जीवन की निराशा दूर करते हैं और हर आशा को पूर्ण करते हैं, क्योंकि यह भगवान शिव की प्रिय राशि मानी जाती है। इस राशि के लोग अगर सच्चे मन से शिव पूजन करेंगे तो उन्हें पूजा का फल अवश्य मिलेगा। महाशिवरात्रि पर कुंभ राशि वालों को शिवलिंग पर गन्ने का चढ़ाना चाहिए।
