सर्दियों का जिक्र होते ही बच्चों को सबसे पहले याद आती हैं विंटर वैकेशन या सर्दियों की छुट्टियां। घर पे खूब सारी मस्ती होती है ,पढ़ाई की टेंशन नहीं होती है ,कंबल में घुसकर टीवी देखना और घंटों स्मार्टफोन की गिरफ्त में खोए हुए गेम्स खेलना कुछ ऐसी ही होती हैं सर्दी की छुट्टियां । बच्चों की ये नो टेंशन वाली विंटर वैकेशन , पैरेंट्स की टेंशन बढ़ा देती है। पैरेंट्स के कई बार समझाने के बाद भी बच्चे पढ़ाई या किसी और एक्टिविटी में इन्वॉल्व  नहीं होना चाहते हैं। क्योंकि बच्चों के लिए छुट्टियों का मतलब खूब सारी  मस्ती और एन्जॉयमेंट ही होता है। ऐसे में हम आपको बताने जा रहे हैं बच्चों के लिए कुछ ऐसी एक्टिविटीज जिसमें बच्चे इन्वॉल्व तो होंगे ही साथ ही सर्दी की छुट्टियों का भरपूर आनंद भी उठाएंगे।  

पुराने खिलौने जरूरतमंदों को  दें 

बच्चों से कहें कि  वो अपनी वार्डरोब से पुराने कपड़े और खिलौने इकट्ठे करें और एक बैग में रखें। बच्चों के साथ जाकर ये खिलौने और कपड़े जरूरतमंदों को दें। ऐसा करने से बच्चों के अंदर दया की भावना तो जागृत होगी साथ ही बच्चों के अंदर ये भाव भी उत्पन्न होगा कि  उन्हें किसी भी चीज़ की बर्बादी नहीं करनी चाहिए क्योंकि हर एक वस्तु मूल्यवान है। 

इनडोर प्लांट्स को सजाएं 

अब समय है क्रिसमस का तो सैंटा के स्वागत के लिए बच्चों से घर को सजाने के लिए कहें।  बच्चों से साथ मिलकर घर के इंडोर प्लांट्स को भिन्न रंगों में सजाएं। जैसे गमलों को कलर करने के साथ इसमें ग्लिटरी स्टोन्स लगाएं। बच्चों से कहें कि जो प्लांट सबसे ज्यादा खूबसूरत दिखेगा उसमें सैंटा गिफ्ट रखेगा। जिससे बच्चे इस एक्टिविटी में जोरों शोरों से भाग ले सकेंगे। 

बाहरी पौधों  में पक्षियों के लिए खाने का पात्र रखें 

बच्चों को बोलें कि घर के बाहर  के किसी पौधे या बड़े पेड़ में पक्षियों के खाने के लिए एक बर्तन रखें जिसमें पक्षियों के लिए दाना और पानी डालें।  बच्चे इस एक्टिविटी में बहुत खुश होंगे साथ ही रंग बिरंगे पक्षी जब खाने के लिए पेड़ पर आएंगे तब बच्चों को देखकर बहुत अच्छा लगेगा।  

घर के बाहर स्नोमैन बनाएं 

सर्दियों के मौसम में सबसे अच्छी एक्टिविटी स्नोमैन बनाना है।  अपने बच्चों से कहें कि वो घर के बाहर स्नोमैन बनाएं।  वैसे स्नोमैन बर्फ से बनता है लेकिन बच्चों को रुई से स्नो मैन बनाकर क्रिसमस ट्री को डेकोरेट करने के लिए कहें। बच्चे इस एक्टिविटी को एन्जॉय तो करेंगे ही साथ ही वो टीवी और मोबाइल से भी दूर रहेंगे। 

प्लेरूम को डेकोरेट करें 

बच्चों का प्लेरूम अक्सर ऐसा होता है जिसमें सारे खिलौने बिखरे हुए नज़र आते हैं। इसलिए बच्चों को प्यार से समझते हुए उनके प्लेरूम को डेकोरेट करने के लिए कहें। अगर घर में दो बच्चे हैं और उनके अलग कमरे हैं तो दोनों के बीच एक कम्पटीशन रखें और जिसका कमरा ज्यादा अच्छा डेकोरेट होगा उसको प्राइज दें। इससे बच्चों को प्रोत्साहन तो मिलेगा ही साथ ही उनमे घर जो संवारने की कला भी आएगी।