Top successful stars of Bollywood
ग्लेमर से भरा भारतीय सिनेमा जितना फिल्मों की वजह से चर्चा में रहा, उतनी ही सितारों की सफलता, अभिनय और अफवाहों के लिए भी।सिनेमा का चाहे कोई भी दौर रहा हो, हर दौर में एक नई सुंदरता और अभिनय देखने को मिला।
बदलते दशक के साथ दर्शकों को नए सुपरस्टार्स भी मिले, जिनमें कुछ याद बनकर रह गए और कुछ आज भी बढ़ती उम्र के साथ छोटे और बड़े पर्दे पर अपनी सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं। अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, माधुरी दीक्षित, मिथुन, जूही चावला और रेखा जैसे सितारे आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं और भारतीय सिनेमा में सक्रियता बनाए हुए हैं।
अमिताभ बच्चन (successful stars of Bollywood)
भारतीय सिनेमा में अपना इतिहास रचने वाले अमिताभ बच्चन यानी हमारे
बिग-बी के फैंस की लिस्ट आज भी बढ़ती जा रही है। 72 वर्षीय अमिताभ ने बढ़ती उम्र के साथ अपनी प्रतिभा को बूढ़ा नहीं होने दिया। उनके डायलॉग्स और स्टाइल दर्शकों को आज भी लुभाते हैं। बिग-बी अभिनेता और निर्माता के अलावा होस्टिंग करते हुए नजर आए।
इन्होंने भी भारतीय सिनेमा में करियर की शुरूआत फिल्म सात हिंदुस्तानी से की थी। लेकिन सफलता सन 1973 में फिल्म जंजीर से मिली। इसके बाद वे लगातार सफलता की सीढिय़ां चढ़ते गए और कई सुपरहिट फिल्में देते गए, ये सिलसिला आज भी जारी है। कौन बनेगा करोड़पति शो के जरिए छोटे पर्दे पर नई पारी की शुरुआत करने वाले अमिताभ वर्ष 2014 में भी इस टीवी शो को होस्ट करते नजर आए।
अवॉर्ड
फिल्म इंडस्ट्री के सफल अभिनेताओं में से अमिताभ एक हैं। इन्हें 2006 और 2010 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। 2001 में भारत सरकार ने कला के क्षेत्र में पदम भूषण से सम्मानित किया था। सन 1990 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। 1991 में फिल्मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजे गए।
सफलता का मूलमंत्र
अमिताभ कहते है, संघर्ष सफलता की सबसे पहली सीढ़ी है और मेरी सफलता का मूलमंत्र भी।शुरूआती दौर में फिल्म इंडस्ट्री में प्रवेश के लिए मुझे काफी कुछ झेलना पड़ा था। मैंने पहले भी कहा है और आज भी कहता हूं ज्ञान आपको आपका हक दिलाता है। मैं कुछ भी नया जानने के लिए हमेशा जागरूक रहता हूं।

धर्मेंद्र (successful stars of Bollywood)
ही-मैन की उपाधि पा चुके 79 वर्षीय धर्मेंद्र हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता हैं। धर्मेंद्र सन 1960 मे फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे में पहली बार नजर आए थे। इसके बाद 4 दशक तक लगातार अपनी सुपर हिट फिल्मों के चलते दर्शकों के दिल पर राज किया। वर्ष 2014 में धर्मेंद्र फिल्म डबल इन ट्रबल में एक नई भूमिका के साथ दिखे। सुपरहिट फिल्मों के अलावा धर्मेंद्र अपने और हेमा के अफेयर के चलते भी काफी चर्चा में रहे। धर्मेंद्र ने 200 से भी अधिक फिल्मों में काम किया है। धर्मेंद्र फिल्मों में आने से पहले रेलवे में क्लर्क थे और आज एक अभिनेता के साथ फिल्म निर्माता भी हैं।
अवॉर्ड
सन 1997 में धर्मेंद्र को फिल्मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
सलफता के मूलमंत्र
धर्मेंद्र बचपन से ही फिल्मों के शौकीन थे। इन्होंने सन 1949 में बनी फिल्म दिल्लगी 40 बार से भी अधिक देखी। धर्मेंद्र कहते हैं कि, इंसान उसी काम में सफल होता है जिसमें उसकी रुचि होती है। मेरी कहानी भी कुछ ऐसी ही है। एक्टिंग का शौक ही इस उम्र में भी मुझे दर्शकों से बांधे हुआ है।

मिथुन चक्रवर्ती (successful stars of Bollywood)
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके मिथुन चक्रवर्ती फिल्म अभिनेता के साथ सामाजिक कार्यकर्ता और राज्य सभा के सांसद भी हैं। मिथुन ने अपने करियर की शुरूआत फिल्म मृगया से की थी। सन 1992 में फिल्म डिस्को डांसर से डांसिंग स्टार के रूप में ये काफी लोकप्रिय हुए। आज भी डांसिंग स्टार्स में मिथुन दा का नाम आता है। मिथुन लिटिल चैम्प, जी डांस इंडिया डांस, डांस बंगला डांस जैसे रियलिटी शो में जज के तौर पर भी नजर आए। 64 वर्षीय मिथुन 350 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।
अवॉर्ड
2007 में लाइफटाइम अचीवमैंट के लिए स्टारडस्ट पुरस्कार मिला। सन 1976 सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए पहला राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया। वर्ष 1993 में फिल्म ताहादेर कथा के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। फिल्म जल्लाद के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक का स्टार स्क्रीन पुरस्कार मिला। वर्ष 2007 में साल के रोल मॉडल पुरस्कार मिला।
सफलता के मूलमंत्र
अपनी सफलता के बारे में मिथुन हमें बता रहे हैं कि, हर अभिनेता का अपनी एक अलग स्टाइल होता है और वे अपने स्टाइल से पहचाने जाते हैं। मेरा भी अपना एक स्टाइल है जो आज भी बरकरार है।

हेमा मालिनी (successful stars of Bollywood)
चार दशक के सिने करियर में 150 फिल्में करने वाली हेमा मालिनी आज भी ड्रीम गर्ल के नाम से दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं। हेमा ने अपने करियर की शुरूआत फिल्म सपनों के सौदागर से की थी। 70 और 80 दशक में इन्होंने कई सुपरहिट फिल्में की है। 66 वर्षीय हेमा भारतीय सिनेमा के इतिहास में उन सफल महिलाओं में से एक हैं, जिनमें नृत्यांगना और अभिनय के साथ सौंदर्य का भी संपूर्ण संगम देखने को मिला। फिल्म बागवान में भी हेमा की भूमिका को काफी पसंद किया गया। इसके अलावा हेमा एक अच्छी निर्देशक भी हैं।
अवॉर्ड
सन 1972 में फिल्म सीता गीता के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजी गई थीं। भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार मिला। वर्ष 2000 में फिल्मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिला।
सफलता का मंत्र
दर्शकों ने मुझे पसंद किया और मैंने हमेशा कुछ नया करना चाहा। मैंने अपनी कला को अपना करियर बनाया, जिसे दर्शकों ने पसंद किया, कहना है हेमा मालिनी का।

रेखा
सुपर नानी बनी रेखा के फैंस आज भी उनकी एक झलक के दीवाने हैं। रेखा वर्ष 2014 में फिल्म सुपर नानी में भारती भाटिया उर्फ नानी की भूमिका निभाते हुए नजर आईं। रेखा भारतीय फिल्म जगत की सफल अभिनेत्रियों में से एक हैं। इनकी अभिनय और सुंदरता की चर्चा आज भी है। रेखा ने भारतीय सिने में अपने करियर की शुरूआत 1970 में फिल्म सावन भादो से की थी। इसके बाद फिल्म सजा, सिलसिला, रास्ते प्यार के और फासले आदि फिल्मों में सुपरहिट हुई। फिल्म मदर, कोई मिल गया, परिणीता और भूत आदि फिल्म में एक नई भूमिका के साथ नजर आईं।
अवॉर्ड
वर्ष 1981 और 1989 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला वर्ष 1997 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
सफलता का मूलमंत्र
मेरा बस इतना मानना है कि आज के समय में वही लोग सफल हैं जो मेहनत करते हैं। मेरी सफलता केवल मेरे सौंदर्य से ही नहीं बल्कि मेरे अभिनय से भी है।
