गिफ्ट। मतलब वो चीज जो लेना अच्छा लगता है लेकिन देना हमेशा खुशी तो नहीं देता है। खुशी इसलिए नहीं देता क्योंकि पहले तो ये सवाल परेशान कर देता है कि गिफ्ट खरीदें क्या? फिर ऐसा क्या खरीदें, जो सामने वाले को पसंद भी आए। लेकिन इन सबसे भी ज्यादा जो सवाल परेशान करता है वो है बजट का। माने ऐसा क्या खरीदें कि अच्छा भी हो और जेब पर भी भारी न पड़ें। अपने बर्थडे पर गिफ्ट लेने वाले को भी इतनी खुशी हो, वो इसे कभी भूल भी न पाए। इतनी सारी इच्छाओं से भरा गिफ्ट आखिर मिले कैसे? आखिर कैसे मिले वो गिफ्ट जो देने वाले और लेने वाले दोनों की इच्छाएं पूरी कर सके। मगर थोड़ा सा सोच-विचार करके इस उलझन को कम किया जा सकता है। अगर गिफ्ट बर्थडे के लिए लेना है तो मदद हम किए देते हैं-

गिफ्ट कूपन के मजे हैं अलग-
अक्सर जिम और सैलून आदि में गिफ्ट कूपन मिलते हैं, ताकि कस्टमर अपने मनमुताबिक सुविधा ले सके वो भी कम खर्चे पर। ये कूपन खुद के लिए तो अच्छे होते ही हैं, ये गिफ्ट देने के मकसद से भी अच्छे होते हैं। ये गिफ्ट देने का पहला फायदा तो यही होगा कि खास दिन को एंजॉय करने के लिए उनके पास ऐसा मौका होगा, जिसमें वो अपने हिसाब से चीजों का चुनाव कर पाएंगे। जैसे जरूरत के हिसाब से फेशियल, पेडीक्योर या मेनीक्योर। इसके अलावा जिनको जिम जाने की जरूरत है, उन्हें जिम के गिफ्ट कार्ड भी दिए जा सकते हैं। ये कार्ड कई दूसरी जरूरतों को भी पूरा कर सकते हैं, जैसे कपड़े, मेकअप और घूमना भी। इन्हें बच्चों की शॉपिंग में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

बच्चों के लिए क्राफ्ट-
क्राफ्ट बच्चों के दिमाग पर अच्छा असर डालते हैं। इनको बनाते समय कई सारी प्लानिंग, क्रिएटिविटी की जरूरत होती है और बच्चे इन सबको करते हुए दिमाग के घोड़े खूब तेज चलाते हैं। बच्चों को बर्थडे पर कुछ ऐसी ही चीजों का उपहार देना चाहिए। इसमें कलर्स, पेपर, कैनवास, सजावट का सामान आदि दिया जा सकता है। साथ में ऐसी कोई किताब भी, जिसमें क्राफ्ट बनाने के अनोखे तरीके लिखे हों। बच्चों को ऐसी चीजें पसंद आती ही हैं। ये सारा समान बहुत महंगा भी नहीं आता है। ठीक ठाक सामान लेने पर भी 500 से 1000 के बीच सबकुछ आ जाएगा।

यादों को समेटे गिफ्ट-
एक ऐसा गिफ्ट भी है, जिसे पैसों से तो नहीं लेकिन यादों और भावनाओं के हिसाब से काफी महंगा माना जा सकता है। ये गिफ्ट है पलों का, जिन्हें फोटो में कैद करके अच्छे से फ्रेम में सजा कर सामने वाले के स्पेशल मौके को और स्पेशल बनाया जा सकता है। सोचिए, किसी खास पल की फोटो, जिसमें आप हों और बर्थडे बॉय या गर्ल भी। फिर सालों बाद वही फोटो अचानक से आपकी दोस्त को मिले तो जरूर खुशी में उसके आंसू ही निकाल आएंगे।
ये भी पढ़ें-
