बंगलुरु का नाम सामने आते ही हमारे ख्याल में एक ऐसा शहर आता है, जो तकनीकी तौर पर बहुत खास है। जहां दुनियाभर के हाइटेक एक्सपर्ट काम करते हैं। कर्नाटक राज्य की राजधानी बंगलुरु कई लोगों के लिए ड्रीम सिटी यूंही नहीं है। ये शहर अपनी खूब सारी हरियाली के लिए भी जाना जाता है और ऐतिहसिक जगहों के लिए भी।  इस शहर में आते ही आपको इतने पेड़ दिखेंगे कि दिल खुश हो जाएगा। अब ऐसे खूबसूरत शहर में आगे पूरा एक दिन गुजारना हो तो कैसे करेंगी ये काम। कहां से शुरू करेंगी और कहां पर खत्म। सिर्फ 24 घंटे में बंगलुरु में एक दिन भरपूर कैसे जी सकती हैं? क्या-क्या किया जाए? आपके सारे सवालों के जवाब ये रहे-
भारत के तीसरा सबसे बड़ा शहर-
बंगलुरु देश का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। यहां आपको ढेरों पार्क मिलेंगे, व्यस्त बाजार भी, साथ मंदिर हैं तो सालों पुरानी इमारतें भी। इतना ही नहीं ये शहर अपनी नाइट लाइफ के लिए भी जाना जाता है। इसलिए इस शहर को 24 घंटे में घूम लेना सच में कठिन काम है। इस शहर में 24 घंटे बिताने का सही-सही तरीका और जगहें इसलिए ही पहले से पता होनी चाहिए। चलिए जानते हैं। 
सुबह 6 बजे से- 
इस ट्रिप को आप सुबह जल्दी शुरू करेंगी तो ज्यादा से ज्यादा शहर देख पाएंगी. इसके लिए आपको कब्बन पार्क का रुख करना होगा। इस पार्क की वजह से ही बंगलुरु को द गार्डन सिटी नाम मिला है। ये 300 एकड़ में बना पार्क है, जिसमें 6000 पेड़ हैं। ये शहर की कई दूसरी जगहों के भी पास है। इस पार्क के अंदर कई दूसरी देखने वाली चीजें भी हैं। जैसे क्वीन विक्टोरिया का स्टेचू, किंग एडवर्ड स्टेचू और मेजर जनरल सर मार्क कब्बन का स्टेचू। यहां आपको 2 से 3 घंटे का समय लग सकता है। 
अब 10 बजे से कैथेड्रेल-
पार्क से थोड़े पैदल रास्ते पर ही आपको सेंट मार्क कैथेड्रेल मिल जाएगा। 1812 में बना ये कैथेड्रेल अपने कोलोनियल स्टाइल आर्किटेक्चर के लिए जाना जाता है। यहां घूमने के बाद आपको पास की महात्मा गांधी रोड की ओर चल देना चाहिए। यहां आपको दुकानें मिलेंगी तो रेस्टोरेन्ट और हैंडीक्राफ्ट का सामान भी। पास में आपको रंगोली मेट्रो आर्ट सेंटर देखने का मौका भी मिलेगा। इसके बाद आप आस-पास के रेस्टोरेन्ट में दोपहर का लंच ले सकती हैं। यहां आपको हर कुजीन का अच्छा खाना मिल जाएगा। 
लंच के बाद म्यूजियम-
शहर का गवर्नमेंट म्यूजियम देखने वाली जगह है। या देश के सबसे पुराने म्यूजियम में से एक है। 2 माले के इस म्यूजियम में 18 गैलेरी हैं। यहां आपको 5000 साल पुराना सामान भी मिल सकता है। गवर्नमेंट म्यूजियम के पास ही आपको वेनकटप्पा आर्ट गैलेरी मिल जाएगी। ये गैलरी भी आपको दो मालों की सैर कराएगी। ययहां प्रसिद्ध पेंटर के वेनकटप्पा की 600 से जादा पेंटिंग प्रदर्शनी के लिए लगी हैं। ध्यान दीजिए ये सब करते हुए शाम का समय हो चुका होगा। 
6 बजे के बाद मॉल-
अब 6 बजे के बाद का समय आपको जाने-माने यूबी मॉल के लिए रख लेना चाहिए। म्यूजियम से छोटी सी रिक्शा राइड लेकर आप यहां आसानी से पहुंच सकते हैं। इस मॉल में खाने-पीने के कई ऑप्शन आपको मिल जाएंगे। 
विधान सौध, बंगलुरु-
वैसे तो ये कर्नाटक सरकार के सचिवालय के तौर पर पहचाना जाता है। इसको विधान सभा के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन इस बिल्डिंग का आर्किटेक्ट ऐसा है कि इसे एक बार देखना तो बनता ही है। इसको देखकर आप का दिल जरूर खुश हो जाएगा। दरअसल इस बिल्डिंग को द्रविड़ स्टाइल में बनाया गया था। इस इमारत में आपको भारतीय कलाकारों का हुनर दिखाई देता है। इस इमारत को रात में बड़ी लाइट्स के साथ देखने का अनुभव बिलकुल अनोखा होता है। विधान सौध 1956 में बनकर तैयार हुए थी। 150 मीटर ऊंची इस बिल्डिंग का निर्माण कार्य 1952 में शुरू हुआ था। 
स्ट्रीट मार्केट के मजे-
बंगलुरु शहर अपनी स्ट्रीट मार्केट के लिए भी जाना जाता है। आवेन्यू मार्केट, एमजी रोड मार्केट के साथ चिकपेट मार्केट भी आपको कम में ज्यादा शॉपिंग का मजा देगी। यहां आपको साड़ियों का खूब अच्छा कलेक्शन मिल जाएगा। त्योहारों के मौसम में तो यहां खूब रौनक सजती है। इस मार्केट को घूमने के बाद आप आसपास के ढेरों रेस्टोरेन्ट में डिनर का स्वाद भी ले सकती हैं।