Summary: पार्टनर करता है नियंत्रित, ऐसे करें इसकी पहचान
ये कुछ तरीके हैं, जिससे आप पहचान सकती हैं कि आपका पार्टनर कहीं प्यार के नाम पर आपको नियंत्रित तो नहीं कर रहा।
Dealing with Controlling Partner: कोई भी रिश्ता तभी खुशहाल होता है, जब कपल एकदूसरे को स्पेस देते हैं और एकदूसरे का सम्मान करते हैं। भले ही शुरुआत में आपको ऐसा लगता हो कि आपके पार्टनर का स्वभाव केयरिंग नेचर वाला है, इसलिए वह आपकी हर छोटी-छोटी बात को जानने में रूचि दिखाता है और अपने सुझाव भी देता है। दरअसल रिलेशनशिप में पार्टनर ऐसा केयर के कारण नहीं करते, बल्कि वे आपको अपने नियंत्रण में रखना चाहते हैं, इसलिए ऐसा करते हैं। जिसके बारे में आप पूरी तरह से अनजान होती हैं और अपने पार्टनर की इस आदत को अनदेखा करती हैं। लेकिन बाद में आपको पार्टनर की इसी आदत के कारण घुटन महसूस होती है और आप अपने पार्टनर से अलग होना चाहती हैं लेकिन चाह कर भी रिश्ता नहीं तोड़ पाती हैं।
आपको अपने रिलेशनशिप में इस तरह की परेशानी ना हो, इसलिए आप समय रहते इसकी पहचान करें। ये कुछ तरीके हैं, जिससे आप पहचान सकती हैं कि आपका पार्टनर कहीं प्यार के नाम पर आपको नियंत्रित तो नहीं कर रहा।
जब छोटी-छोटी बात पर रोक-टोक करे

रिलेशनशिप में अक्सर देखा जाता है कि कपल एकदूसरे पर कुछ रोक-टोक लगाते हैं। लेकिन अगर आपका पार्टनर हर समय और हर चीज को अपने अनुसार आपसे करवाता है तो यह आपके लिए बिलकुल भी सही नहीं है। साथ ही अगर वह अपनी कसम देकर आपको अपनी बात मनवाने की कोशिश करता है और आप भी उसकी बातों में आकर उसकी हर बात मन लेती हैं तो यह आपके रिश्ते के लिए बिलकुल भी अच्छा नहीं है।
हर जगह साथ जाने की जिद करना
पार्टनर के साथ ज्यादा समय बिताना भला किसे अच्छा नहीं लगता है, लेकिन जब पार्टनर केयर के नाम पर हर जगह साथ जाने की जिद करने लगता है तो पार्टनर का साथ खुशी देने के बजाए टेंशन देने लगता है। अगर आपका पार्टनर भी आपके साथ ऐसा करता है तो सावधान हो जाइए।
अपने फैसले ना लेने देना
कुछ लोग जब रिलेशनशिप में होते हैं तो वे खुद ही अपने पार्टनर के जीवन के हर फैसले लेते हैं। सिर्फ यही नहीं वे पार्टनर के फैसले में उनकी मर्जी और राय को भी अहमियत नहीं देते हैं। अगर पार्टनर सवाल करते हैं तो वे प्यार व सुरक्षा का हवाला देकर अपनी बात मनवा लेते हैं।
फोन व सोशल मीडिया अकाउंट चेक करना
कुछ पार्टनर ऐसे भी होते हैं जो पार्टनर से उनका सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड पूछते हैं और समय-समय पर पार्टनर से छुप-छुप कर चेक करते हैं और पार्टनर की हर निजी बात पर नजर रखते हैं। अगर आपका पार्टनर भी ऐसा करता हैं तो समझ लीजिए कि वह प्यार के नाम पर आपको नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।
जब बात मनवाने के लिए इमोशनल ब्लैकमेल करे

जब आप अपने पार्टनर की कोई बात नहीं मानती हैं और आपका पार्टनर अपनी बात मनवाने के लिए आपको इमोशनल ब्लैकमेल करना शुरू कर देता है तो आप समझ जाएँ कि पार्टनर इमोशनल तरीके से आपको कंट्रोल करने की कोशिश कर रहा है, जितनी जल्दी हो सके सावधान हो जाएँ।
